TRENDING TAGS :
लाहौर अधिवेशन पर स्मृति ईरानी ने खोली कांग्रेस की पोल, SIR विवाद पर बोलीं- हार पर आत्ममंथन के बदले...
स्मृति ईरानी ने चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी को अपनी चुनावी हार पर विचार करना चाहिए।
CEC Gyanesh Kumar Raw: कांग्रेस एक न्यूज रिपोर्ट के आधार पर लगातार चुनाव आयोग और CEC ज्ञानेश कुमार पर लगातार हमला बोल रही है। ऐसे में बीजेपी की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। स्मृति ईरानी ने कांग्रेस की ओर से लाहौर कांग्रेस अधिवेशन का जिक्र किए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का अहम हिस्सा है और दुनिया के कई देश भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था का सम्मान करते हैं। ईरानी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी चुनावी हार पर विचार करने के बजाय चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है।
'क्या कांग्रेस हर राज्य में चुनाव आयोग से सवाल कर रही है?'
स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस को यह देखना चाहिए कि जिन राज्यों में बीजेपी सत्ता में नहीं है, वहां चुनाव आयोग को लेकर उसका रुख क्या है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश, पंजाब, केरल और कर्नाटक का उदाहरण देते हुए सवाल किया कि क्या इन राज्यों में कांग्रेस चुनाव आयोग के कामकाज को सही मानती है या वहां भी आयोग की गतिविधियों पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
ईरानी ने कहा कि चुनाव आयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का काम करता है और उसे लेकर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपने रुख पर भी विचार करना चाहिए।
डुप्लीकेट नामों को लेकर कांग्रेस से सवाल
वोटर लिस्ट में डुप्लीकेट नामों को लेकर भी स्मृति ईरानी ने कांग्रेस से सवाल किया। उन्होंने पूछा कि अगर किसी मतदाता सूची में एक ही व्यक्ति का नाम एक से ज्यादा बार दर्ज है या किसी ऐसे व्यक्ति का नाम मौजूद है जिसकी मौत हो चुकी है, तो ऐसे नामों को हटाने का विरोध क्यों किया जा रहा है।
ईरानी ने सवाल किया कि अगर वोटर लिस्ट में किसी नाम की दोबारा एंट्री सामने आती है, तो कांग्रेस ऐसे नामों को बनाए रखने या उन्हें फिर से शामिल करने की मांग क्यों कर रही है। उन्होंने इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस से अपना रुख स्पष्ट करने को कहा।
'कांग्रेस को अपने चुनावी नतीजों पर विचार करना चाहिए'
बीजेपी नेता ने कहा कि उनके मुताबिक लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव आयोग की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि जनता का समर्थन नहीं मिलने के बाद पार्टी चुनाव आयोग को निशाना बना रही है। ईरानी का कहना है कि कांग्रेस को चुनावी नतीजों पर आत्ममंथन करना चाहिए, बजाय इसके कि वह चुनाव आयोग की भूमिका पर लगातार सवाल उठाए।
लाहौर कांग्रेस अधिवेशन के जिक्र पर भी प्रतिक्रिया
स्मृति ईरानी ने कांग्रेस की ओर से लाहौर कांग्रेस अधिवेशन का जिक्र किए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस इतिहास के पन्ने पलट रही है तो उसे अपने संगठन की शुरुआत से जुड़े इतिहास को भी देखना चाहिए।
ईरानी ने कांग्रेस की स्थापना से जुड़े ए.ओ. ह्यूम का जिक्र करते हुए कहा कि ह्यूम ब्रिटिश शासन के दौरान रेवेन्यू, एग्रीकल्चर और कॉमर्स से जुड़े सचिव पद पर रहे थे। ईरानी के मुताबिक, ह्यूम ने वायसराय के सामने एक राजनीतिक संगठन बनाने का सुझाव रखा था।
उन्होंने दावा किया कि उस समय कांग्रेस के गठन का उद्देश्य ब्रिटिश साम्राज्य की सुरक्षा से जुड़ा था। इसी आधार पर ईरानी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज वही पार्टी लाहौर कांग्रेस अधिवेशन का हवाला देकर भारत के चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है।
ईरानी ने इसे कांग्रेस के लिए बेहद शर्मनाक बताया और कहा कि इतिहास की चर्चा करते समय कांग्रेस को अपने संगठन की शुरुआत से जुड़े इन पहलुओं को भी सामने रखना चाहिए।


