बाबरी मस्जिद पर सोनिया गांधी के बयान पर बवाल, BJP ने किया पलटवार, कहा-कांग्रेस के दिल में...

सोनिया गांधी के बाबरी मस्जिद विध्वंस को लेकर दिए गए बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी और प्रदीप भंडारी ने सोनिया गांधी के इस बयान पर पलटवार किया है।

Sawan Gupta
Published on: 7 Nov 2026 8:23 PM IST
Sonia Gandhi Babri Masjid Statement
X

Image Source – Social Media

Sonia Gandhi Babri Masjid Statement: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के बाबरी मस्जिद विध्वंस को लेकर दिए गए बयान पर देश की राजनीति गरमा गई है। सोनिया गांधी ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि 6 दिसंबर 1992 को जब उन्होंने टीवी पर बाबरी मस्जिद का ढांचा गिरते हुए देखा था, तब वह रो पड़ी थीं। उनके इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तीखा पलटवार किया है। बीजेपी प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि महात्मा गांधी के रामराज्य से कांग्रेस बाबर राज तक आ गई है। उन्होंने कहा कि 1992 में दूरदर्शन लाइव प्रसारण नहीं करता था तो आपने कैसे मस्जिद का ढांचा गिरते हुए देखा।

सोनिया गांधी ने बाबरी विध्वंस पर क्या कहा?

सोनिया गांधी ने एक इंटरव्यू में 6 दिसंबर 1992 की घटना को याद किया। उन्होंने बताया कि जब टेलीविजन पर बाबरी मस्जिद का ढांचा गिराए जाने की तस्वीरें देखीं तो उनकी आंखों में आंसू आ गए थे। सोनिया गांधी के मुताबिक, उस घटना को देखकर उन्हें एहसास हुआ कि भारत को महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू द्वारा परिकल्पित धर्मनिरपेक्ष स्वरूप को बचाने के लिए लंबी लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन और देश में हिंदुत्व की राजनीति के उभार पर भी अपनी बात रखी। इस दौरान सोनिया गांधी ने माना कि बीजेपी और उसकी कट्टर हिंदुत्व की राजनीति के उभार में कहीं न कहीं कांग्रेस की गलतियों का भी योगदान रहा है।

सुधांशु त्रिवेदी ने सोनिया गांधी के बयान पर किया पलटवार

सोनिया गांधी के इस बयान को लेकर बीजेपी ने उनके ऊपर पलटवार किया है। बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कश्मीरी पंडितों के साथ जो हुआ, उसके लिए सोनिया गांधी ने आंसू नहीं बहाए लेकिन बाबरी मस्जिद के लिए आंसू बहा रही हैं। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, 'आप ये बताइए की 90 के दशक में कश्मीर में जो कुछ हुआ, उसके लिए आपकी आंख में आंसू नहीं आए। आज जब दीवाली की पूर्व संध्या पर अयोध्या में दीप जलाए जा रहे हैं, तब आप बाबरी मस्जिद को लेकर आंसू बहा रही हैं। 1992 में दूरदर्शन लाइव टेलीकास्ट नहीं करता था, तो सोनिया गांधी ने कैसे बाबरी मस्जिद विध्वंस को देखा था। सोनिया गांधी यह भी बताएं कि उन्हें जन्मस्थान के लिए आंसू आए थे या बाबरी विध्वंस के लिए आंसू आए थे।कांग्रेस के दिल में तब भी बाबर था आज भी बाबर है।“

“कांग्रेस बाबर समर्थक और भगवान राम विरोधी है”

बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर बाबर समर्थक और भगवान राम विरोधी होने का आरोप लगाया है। प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी बाबरी मस्जिद और बाटला हाउस मुठभेड़ को लेकर आंसू बहाती हैं। प्रदीप भंडारी ने कहा कि सोनिया गांधी के बयान से साबित होता है कि कांग्रेस बाबर समर्थक और भगवान राम विरोधी है। उन्होंने कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सोनिया गांधी की यह राजनीति लगातार हारती रहेगी।



बाबरी विध्वंस को लेकर फिर आमने-सामने कांग्रेस और BJP

सोनिया गांधी का यह बयान उनकी आगामी संस्मरण पुस्तक 'Belonging: A Journey of Love' के विमोचन से पहले सामने आया है। इस पुस्तक में उन्होंने अपने निजी जीवन के साथ-साथ देश की राजनीति से जुड़े कई पुराने घटनाक्रमों पर भी विचार साझा किए हैं। उनके इस बयान के बाद बाबरी मस्जिद विध्वंस का मुद्दा एक बार फिर कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है। सोनिया गांधी ने जहां इस घटना को देश के धर्मनिरपेक्ष मूल्यों के लिए एक कठिन दौर की शुरुआत बताया, वहीं बीजेपी ने उनके बयान को वोट बैंक की राजनीति से जोड़ दिया है।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story