'मेरे पिता से राजीव को भी लगता था डर', सोनिया गांधी ने किताब लॉन्च पर खोले जिंदगी के कई दिलचस्प राज

सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ की दिल्ली में औपचारिक लॉन्चिंग हुई, जिसमें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेता मौजूद रहे।

Sachin Singh
Published on: 16 Nov 2026 8:52 PM IST
मेरे पिता से राजीव को भी लगता था डर,  सोनिया गांधी ने किताब लॉन्च पर खोले जिंदगी के कई दिलचस्प राज
X

Sonia Gandhi: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ की औपचारिक लॉन्चिंग हो गई है। दिल्ली में हुए इस कार्यक्रम में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे। किताब के लॉन्च के मौके पर सोनिया गांधी ने अपनी जिंदगी के कई ऐसे किस्से साझा किए, जो अब तक लोगों के सामने नहीं आए थे।

उन्होंने बताया कि आखिर उन्हें अपनी कहानी खुद लिखने की जरूरत क्यों महसूस हुई और इटली से भारत आने के बाद उनकी जिंदगी किस तरह बदलती चली गई। इस दौरान सोनिया ने इंदिरा गांधी के साथ अपने रिश्ते, राहुल गांधी के नामकरण और परिवार से जुड़े कई निजी अनुभव भी साझा किए।

परिवार के बारे में बहुत कुछ लिखा गया, लेकिन सच्चाई अलग है: सोनिया

सोनिया गांधी ने कहा कि उनके परिवार के बारे में सार्वजनिक तौर पर बहुत कुछ ऐसा कहा और लिखा जाता रहा है, जिसका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं है। उनकी सास, पति, बेटे, बेटी और खुद उनके बारे में कई तरह की बातें फैलाई गईं। सोनिया के मुताबिक, राजनीति में उनके सहयोगियों और दोस्तों के साथ भी ऐसा हुआ होगा। लोगों के बारे में कहानियां बनाई जाती हैं और ऐसी बातें कही जाती हैं, जो उन्हें तकलीफ पहुंचाती हैं, जबकि उनका सच्चाई से कोई संबंध नहीं होता।

उन्होंने कहा कि इसी वजह से उन्हें लगा कि अपनी बात लोगों के सामने रखने के लिए उन्हें खुद अपनी कहानी लिखनी चाहिए। सोनिया ने कहा, 'मैंने सोचा कि यह अपने मन की बातें सामने रखने का एक तरीका हो सकता है… मैं अपने परिवार के बारे में जो जानती हूं, उसे लोगों के सामने रख सकूं। शायद लोग मेरी कहानी सुनने के लिए भी तैयार हों।'

इंदिरा गांधी के गुस्से से डरती थीं सोनिया

किताब के लॉन्च के दौरान सोनिया गांधी ने अपनी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ रिश्तों पर भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी का गुस्सा देखकर उन्हें अपने पिता की याद आती थी, क्योंकि उनके पिता भी काफी सख्त थे।

सोनिया ने कहा कि जैसे आमतौर पर बहू को अपनी सास से डर लगता है, वैसे ही उन्हें भी इंदिरा जी से डर लगता था। जब इंदिरा गांधी नाराज होती थीं, तो राजीव और संजय कहते थे, ‘चलो तूफान चला गया।’ सोनिया के मुताबिक, राहुल और प्रियंका के जन्म के बाद इंदिरा गांधी के व्यवहार में बदलाव आया।

राहुल के नामकरण के लिए पंडित बुलाने पर सोनिया ने उठाया था सवाल

सोनिया गांधी ने बेटे राहुल गांधी के नामकरण से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि उन्हें इंदिरा गांधी को ‘मां’ कहने में भी समय लगा था। जब राहुल का नाम रखने की बात आई, तब उन्हें भारत की नामकरण परंपरा के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी।

सोनिया ने बताया कि इंदिरा गांधी चाहती थीं कि नामकरण के लिए पंडित को बुलाया जाए, लेकिन उस समय सोनिया इस पर हैरान थीं। उन्होंने कहा, ‘मैं कह रही थी कि हमारे बच्चे का नाम रखना है तो इसके लिए पंडित क्यों जरूरी है?’ इस किस्से से यह भी पता चलता है कि भारत आने के बाद सोनिया को यहां की परंपराओं और रीति-रिवाजों को समझने में वक्त लगा।

डायरी नहीं लिखती थीं सोनिया, याददाश्त के सहारे लिखी किताब

सोनिया गांधी ने बताया कि उन्होंने अपनी जिंदगी की घटनाओं का कोई डायरी रिकॉर्ड नहीं रखा। उन्हें कभी डायरी लिखने की आदत नहीं रही। ऐसे में किताब में शामिल अनुभव और घटनाएं उनकी अपनी याददाश्त पर आधारित हैं।

उन्होंने किताब का नाम ‘Belonging’ रखने की वजह भी बताई। सोनिया के मुताबिक, जब वह भारत आई थीं, तब यहां की संस्कृति उनके लिए बिल्कुल नई थी। धीरे-धीरे वह भारतीय संस्कृति से जुड़ती चली गईं और भारत उनकी जिंदगी का हिस्सा बन गया। इसी जुड़ाव और अपनापन को उन्होंने किताब के शीर्षक में जगह दी है।

इटली के बचपन से गांधी परिवार तक का सफर

‘Belonging: A Journey of Love’ में सोनिया गांधी ने इटली के एक छोटे से शहर में बिताए बचपन से लेकर भारत आने तक के सफर को साझा किया है। किताब में राजीव गांधी से पहली मुलाकात, शादी, गांधी परिवार का हिस्सा बनने और इंदिरा गांधी के साथ उनके रिश्तों का जिक्र है।

इसके अलावा परिवार के निजी पलों और उन घटनाओं को भी जगह दी गई है, जिन्होंने सोनिया गांधी की जिंदगी की दिशा बदल दी। किताब के जरिए उन्होंने अपने जीवन के उन अनुभवों को सामने रखा है, जिन्हें अब तक लोग अलग-अलग कहानियों और दावों के जरिए जानते रहे हैं।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story