TRENDING TAGS :
मेनका गांधी के व्यवहार से परेशान थे संजय और इंदिरा? सोनिया गांधी ने किताब में किया बड़ा खुलासा
Sonia Gandhi Book: सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में मेनका गांधी और संजय गांधी के रिश्तों से जुड़े कई पुराने किस्से साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी के सामने मेनका के अपशब्द बोलने से संजय भी असहज हो जाते थे। जानिए गांधी परिवार में कैसे बढ़ी थी कड़वाहट।
Image Source- Social Media
Sonia Gandhi Book: गांधी परिवार की अंदरूनी कलह और राजनीतिक टकराव की कहानी एक बार फिर चर्चा में है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की छोटी बहू मेनका गांधी (Maneka Gandhi) और परिवार के बाकी सदस्यों के बीच रिश्ते कैसे खराब हुए, इसका खुलासा कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) ने अपने संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) में किया है। सोनिया ने किताब में मेनका और संजय गांधी (Sanjay Gandhi) की शादी से लेकर परिवार में बढ़ते मतभेद, राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं, आपसी आरोपों और आखिरकार मेनका के इंदिरा गांधी का घर छोड़ने तक की घटनाओं का जिक्र किया है।
सोनिया गांधी के मुताबिक, मेनका जब गांधी परिवार का हिस्सा बनीं, तब उनकी उम्र महज 18 साल थी। शुरुआत में उनका स्वभाव और उत्साह परिवार के लोगों को अच्छा लगा, लेकिन धीरे-धीरे घरेलू मामलों से लेकर राजनीति तक में मतभेद बढ़ने लगे। स्थिति ऐसी हो गई कि परिवार के सदस्यों के बीच दूरियां बढ़ती चली गईं।
1973 में हुई थी संजय और मेनका की पहली मुलाकात
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में बताया है कि 1973 के आखिरी महीनों में संजय गांधी और मेनका का परिचय हुआ था। इसके करीब एक साल के भीतर दोनों ने शादी कर ली। उस समय मेनका की उम्र महज 18 साल थी और शादी के बाद वह गांधी परिवार की छोटी बहू बन गईं।
सोनिया ने मेनका को एक जोशीली और बातूनी लड़की के रूप में याद किया है। उन्होंने लिखा कि शुरुआत में परिवार में एक देवरानी का आना उन्हें अच्छा लगा था। मेनका में काफी उत्साह था और वह लोगों से घुलने-मिलने वाली थीं। हालांकि, धीरे-धीरे परिवार के भीतर छोटी-छोटी बातों को लेकर परेशानियां शुरू होने लगीं।
शादी के कुछ समय बाद ही बढ़ने लगी बहस
सोनिया गांधी के संस्मरण के मुताबिक, शादी के कुछ ही समय बाद संजय और मेनका के बीच मतभेद सामने आने लगे थे। दोनों के बीच बहस धीरे-धीरे ज्यादा तीखी होने लगी। सोनिया ने लिखा है कि नाराजगी के दौरान मेनका अपशब्दों का इस्तेमाल करती थीं। यहां तक कि वह अपनी सास इंदिरा गांधी के सामने भी ऐसे शब्द बोल देती थीं।
सोनिया के मुताबिक, गांधी परिवार में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल वर्जित था। मेनका के इस व्यवहार से संजय असहज हो जाते थे और परिवार के दूसरे सदस्य भी हैरान रह जाते थे।
हालांकि, सोनिया ने यह भी माना कि एक युवा लड़की के लिए संयुक्त परिवार में रहना आसान नहीं रहा होगा। खासकर तब, जब उसका स्वभाव मिलनसार हो और वह लोगों के साथ घुलना-मिलना पसंद करती हो।
क्या मेनका के प्रभाव से रिश्तों में भी आई दरार?
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में दावा किया है कि मेनका का संजय पर प्रभाव उनके और राजीव गांधी (Rajiv Gandhi) के रिश्तों पर भी पड़ने लगा था। उनके मुताबिक, कुछ महीने पहले तक दोनों भाई एक-दूसरे के बेहद करीब थे, लेकिन धीरे-धीरे उनके बीच कड़वाहट बढ़ने लगी।
सोनिया ने लिखा कि आपातकाल (Emergency) के साथ संजय गांधी का नाम जुड़ने के बाद वह साक्षात्कारों में नौकरशाही की धीमी कार्यप्रणाली को लेकर अपनी राय जाहिर करने लगे थे। उनके कुछ विचारों को प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की आलोचना के तौर पर भी देखा जा सकता था।
इसी दौरान संजय की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को कांग्रेस के कुछ धड़ों का समर्थन मिलने लगा था। सोनिया के मुताबिक, इंदिरा गांधी को लगने लगा था कि मेनका संजय को समझाने के बजाय उनकी राजनीतिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रही हैं।
इंदिरा गांधी ने छोटी बहू को लेकर पीएन धर से क्या कहा था?
सोनिया गांधी ने किताब में एक दिलचस्प घटना का जिक्र किया है। उनके मुताबिक, इंदिरा गांधी को लगने लगा था कि मेनका का व्यवहार और राजनीतिक गतिविधियों में उनकी दिलचस्पी बढ़ती जा रही है। इसी दौरान इंदिरा गांधी ने अपने तत्कालीन कैबिनेट सचिव पीएन धर से अपनी छोटी बहू के बारे में टिप्पणी की थी कि उसके अभी से पर निकलने लगे हैं।
यह टिप्पणी उस समय परिवार के भीतर बढ़ रहे तनाव और मेनका की बदलती भूमिका को लेकर इंदिरा गांधी की चिंता को दिखाती है।
चुनाव में हार के बाद और बढ़ी परिवार में कड़वाहट
सोनिया गांधी के मुताबिक, 1978 के संसदीय चुनाव के बाद मेनका की परिवार के प्रति नाराजगी और बढ़ गई थी। राजीव गांधी का मानना था कि संजय गांधी की जिद, जल्दबाजी और बिना सोचे-समझे कार्यक्रम लागू करने की प्रवृत्ति कांग्रेस की हार की बड़ी वजहों में शामिल थी।
सोनिया ने लिखा है कि राजीव को लगता था कि संजय अच्छी सलाह नहीं मानते थे और कई बार अपनी मां इंदिरा गांधी की जानकारी के बिना भी फैसले लेते थे। उनकी इसी कार्यशैली के कारण पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा।
किताब में सोनिया ने परिवार के भीतर हुई एक चर्चा का भी जिक्र किया है। उनके मुताबिक, उस दौरान राजीव गांधी ने संजय से नाराज होकर कहा था, ''मैं तुम्हें माफ नहीं कर सकता, संजय। तुमने मां को इस हालत में पहुंचा दिया है।''
इंदिरा गांधी ने भी संजय को लगाई थी फटकार
सोनिया गांधी के मुताबिक, उस समय इंदिरा गांधी भी काफी परेशान और व्यथित थीं। उन्होंने राजीव की बात का समर्थन करते हुए संजय से कहा था कि राजीव जो कह रहे हैं, वह सही है। इंदिरा ने संजय को याद दिलाया कि उन्होंने कई बार उनकी जानकारी के बिना आदेश दिए थे।
इसी बातचीत के दौरान मेनका गांधी ने भी हस्तक्षेप किया। इस पर इंदिरा गांधी ने ऊंची आवाज में उन्हें चुनौती दी कि वह लगाए गए आरोपों को गलत साबित करें। सोनिया के मुताबिक, मेनका तुरंत पीछे हट गईं, लेकिन इसके बाद परिवार के प्रति उनकी नाराजगी और बढ़ गई। सोनिया ने लिखा है कि मेनका की व्यंग्यात्मक टिप्पणियां भी परिवार के लिए लगातार परेशानी का कारण बनने लगी थीं।
‘पत्रकारों के जरिए परिवार के खिलाफ फैलाती थीं कहानियां’
सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में मेनका पर एक और गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने लिखा है कि मेनका की नजर में परिवार के बाकी सदस्य उनके दुश्मन बन चुके थे। सोनिया के मुताबिक, मेनका उन पत्रकारों के जरिए गांधी परिवार के बारे में कहानियां फैलाती थीं, जिनसे उनका संपर्क था।
सोनिया ने बताया कि उन्हें और राजीव गांधी को सबसे ज्यादा तकलीफ उस आरोप से हुई थी, जिसमें कहा गया था कि चुनाव हारने के बाद दोनों ने देश छोड़कर भागने की योजना बनाई थी। सोनिया ने इस आरोप को झूठा बताया है।
उनके मुताबिक, परिवार के भीतर पहले से चल रहा तनाव 23 जून 1980 को संजय गांधी की विमान दुर्घटना में मौत के बाद और गंभीर हो गया।
संजय की मौत के बाद राजनीतिक महत्वाकांक्षा पर बढ़ी चर्चा
संजय गांधी की मौत के बाद मेनका गांधी की राजनीतिक भूमिका को लेकर भी परिवार के भीतर मतभेद सामने आने लगे। सोनिया गांधी ने लिखा है कि माना जाता था कि मेनका की मां संजय के समर्थकों को कांग्रेस में उनकी बेटी के लिए राजनीतिक पद की मांग करने के लिए प्रोत्साहित कर रही थीं।
हालांकि, इंदिरा गांधी का मानना था कि उस समय 23 साल की मेनका नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने के लिए बहुत छोटी और अपरिपक्व थीं। इसके अलावा उनका तीन महीने का बच्चा भी था, जिसकी देखभाल करना जरूरी था।
सोनिया के मुताबिक, इंदिरा गांधी चाहती थीं कि मेनका धैर्य रखें। उनका मानना था कि राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उनके पास आगे काफी समय था। लेकिन जल्द ही यह स्पष्ट होने लगा कि मेनका की राजनीतिक सोच और परिवार की अपेक्षाओं के बीच तालमेल नहीं बन पा रहा था।
संजय की मौत के 1 साल के भीतर ही अलग होने के संकेत
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में बताया है कि संजय गांधी की मौत के बाद परिवार के भीतर मेनका को लेकर तनाव कम होने के बजाय बढ़ता चला गया। एक तरफ मेनका की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को लेकर चर्चा थी, तो दूसरी तरफ इंदिरा गांधी उन्हें अभी नेतृत्व की जिम्मेदारी के लिए तैयार नहीं मानती थीं।
सोनिया के मुताबिक, संजय की मौत के एक साल से भी कम समय में मेनका के परिवार से अलग होने के संकेत मिलने लगे थे। इस तरह संजय गांधी से प्रेम विवाह करके गांधी परिवार की छोटी बहू बनीं मेनका का रिश्ता धीरे-धीरे पारिवारिक और राजनीतिक टकराव में बदल गया।
सोनिया गांधी के संस्मरण में सामने आई ये घटनाएं गांधी परिवार के भीतर उस दौर के रिश्तों, मतभेदों और राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं की एक अलग तस्वीर पेश करती हैं। हालांकि, ये घटनाएं सोनिया गांधी के अपने संस्मरण में दर्ज उनके अनुभव और दावे हैं।


