सेना बुलाने की तारीख तक झूठी! सोनिया गांधी की किताब में ऐसा क्या जो मच गया बवाल?

सोनिया गांधी की आत्मकथा में 1984 के सिख विरोधी दंगों और ऑपरेशन ब्लू स्टार के जिक्र पर विवाद शुरू हो गया है।

Sachin Singh
Published on: 10 Nov 2026 6:49 PM IST (Updated on: 10 Nov 2026 7:04 PM IST)
सेना बुलाने की तारीख तक झूठी! सोनिया गांधी की किताब में ऐसा क्या जो मच गया बवाल?
X

Sonia Gandhi Autobiography: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' रिलीज होते ही राजनीतिक विवादों में घिर गई है। ऑपरेशन ब्लू स्टार और 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर किताब में लिखी बातों पर बीजेपी नेता एचएस फूलका ने सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि अगर किताब में यह लिखा गया है कि 31 अक्टूबर 1984 को ही सेना बुला ली गई थी, तो यह सरकारी रिकॉर्ड के खिलाफ होगा। फूलका ने कहा कि उन्होंने किताब खरीद ली है और पहले इसे पढ़कर इस दावे की पुष्टि करेंगे।

सेना बुलाने की तारीख पर फूलका ने उठाए सवाल

एचएस फूलका ने कहा कि मीडिया के जरिए उन्हें जानकारी मिली कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि 1984 के सिख नरसंहार के दौरान 31 अक्टूबर को ही सेना बुला ली गई थी। उन्होंने कहा कि अगर किताब में वास्तव में ऐसा लिखा है, तो यह बिल्कुल गलत है और आधिकारिक रिकॉर्ड से मेल नहीं खाता।

फूलका के मुताबिक, वह किताब पढ़ने के बाद इस मामले में विस्तार से अपनी बात रखेंगे। उन्होंने कहा कि वह तथ्यों और सरकारी दस्तावेजों के आधार पर किताब में लिखी बातों की जांच करेंगे और अगर कोई अंतर मिला तो उसे सामने रखेंगे।

मिश्रा आयोग की रिपोर्ट का दिया हवाला

बीजेपी नेता ने अपने दावे के समर्थन में मिश्रा आयोग की रिपोर्ट का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि आयोग और सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक, सेना को 1 नवंबर 1984 की शाम बुलाया गया था। सेना दिल्ली 2 नवंबर की शाम पहुंची थी।

फूलका ने कहा कि मिश्रा आयोग की रिपोर्ट में यह भी बताया गया था कि दिल्ली में सेना के करीब 5,000 जवान उपलब्ध थे, लेकिन उन्हें तैनात नहीं किया गया। उनके मुताबिक, अगर इन जवानों को समय रहते तैनात कर दिया जाता तो करीब 2,000 सिखों की जान बचाई जा सकती थी।

उन्होंने कहा कि किताब पढ़ने के बाद वह बताएंगे कि उसमें 1984 के घटनाक्रम को लेकर क्या लिखा गया है और उसका आधिकारिक रिकॉर्ड से कितना मेल है।

इंदिरा गांधी के आंसुओं पर भी उठाए सवाल

सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद का एक प्रसंग भी लिखा है। उन्होंने बताया कि जब तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने ऑपरेशन के बाद के हालात का वीडियो देखा, तो उनकी आंखों में आंसू थे। सोनिया के मुताबिक, इंदिरा गांधी के चेहरे पर दर्द और पछतावे के भाव थे। उन्हें लगा कि वह घेराबंदी के अंत और बड़ी संख्या में लोगों की मौत से दुखी थीं।

इस विवरण पर भी फूलका ने सवाल उठाए। उन्होंने जस्टिस तारकुंडे की टीम की ओर से तैयार की गई फैक्ट-फाइंडिंग रिपोर्ट का जिक्र किया। फूलका के मुताबिक, सितंबर में तैयार इस रिपोर्ट में ऑपरेशन ब्लू स्टार से जुड़े पोस्टमार्टम रिकॉर्ड भी शामिल किए गए थे। उन्होंने दावा किया कि रिपोर्ट तैयार करने वाली पूरी टीम को गिरफ्तार कर लिया गया था और रिपोर्ट पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।

इंदिरा गांधी के पछतावे और आंसुओं से जुड़े सोनिया गांधी के विवरण पर टिप्पणी करते हुए फूलका ने कहा कि वास्तविक तथ्यों को देखने पर उन्हें ऐसा कोई पछतावा या आंसू नजर नहीं आते। उन्होंने इस भावुक प्रतिक्रिया को 'मगरमच्छ के आंसू' तक कह दिया।

किताब के रिलीज होते ही शुरू हुई सियासत

सोनिया गांधी की आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' मंगलवार को हार्परकॉलिन्स इंडिया की ओर से प्रकाशित होकर बाजार में आई। किताब में सोनिया गांधी ने इटली में अपने बचपन, कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात और प्रेम, भारत में उनके जीवन और परिवार से जुड़े निजी अनुभवों का जिक्र किया है।

इसमें इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्याओं से जुड़े उनके अनुभव भी शामिल हैं। किताब में ऑपरेशन ब्लू स्टार और उसके बाद इंदिरा गांधी की प्रतिक्रिया का जिक्र सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी और बीजेपी दोनों ने सवाल उठाए हैं। इस तरह आत्मकथा के बाजार में आते ही 1984 की घटनाओं और कांग्रेस की भूमिका को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story