TRENDING TAGS :
सोनिया गांधी की बढ़ेंगी मुश्किलें? नागरिकता से पहले वोटर कार्ड कैसे मिला, पुलिस तलाश रही दस्तावेज
सोनिया गांधी का नाम 1980 की मतदाता सूची में शामिल होने का आरोप है, जबकि भारतीय नागरिकता 30 अप्रैल 1983 को मिली थी। दिल्ली पुलिस फॉर्म-6 और पुराने दस्तावेज तलाश रही है। मामले में 14 दिसंबर को सुनवाई होगी।
Sonia Gandhi Voter List News: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी एक बार फिर राजनीतिक और कानूनी विवादों के केंद्र में हैं। उनकी भारतीय नागरिकता को लेकर उठे सवाल अब पुलिस जांच और अदालत तक पहुंच गए हैं। आरोप है कि सोनिया गांधी का नाम वर्ष 1980 में ही मतदाता सूची में शामिल कर दिया गया था, जबकि उन्हें भारतीय नागरिकता 30 अप्रैल 1983 को मिली थी। यानी नागरिकता मिलने से करीब तीन साल पहले ही उनका नाम वोटर लिस्ट में दर्ज होने का दावा किया जा रहा है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने अदालत में दो रिपोर्ट दाखिल की हैं। हालांकि, अभी तक पुलिस को वह मूल आवेदन और दस्तावेज नहीं मिले हैं, जिनके आधार पर कथित तौर पर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल किया गया था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर नागरिकता से पहले मतदाता सूची में नाम दर्ज करने की प्रक्रिया कैसे पूरी हुई थी?
1980 और 1983 की वोटर लिस्ट में मिला सोनिया गांधी का नाम
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोनिया गांधी का नाम 1980 की मतदाता सूची में शामिल था, जबकि उन्होंने 1983 में भारतीय नागरिकता हासिल की थी। इस शिकायत पर अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विनोद जोशी ने पहले दिल्ली पुलिस से अब तक की कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी थी।
शनिवार को दिल्ली पुलिस ने अदालत में दो रिपोर्ट पेश कीं। पुलिस की 27 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआत में शिकायत को आईपी एस्टेट थाने के अधिकार क्षेत्र से बाहर बताया गया था। इसके बाद मामले को आवश्यक कार्रवाई के लिए नई दिल्ली जिले में स्थानांतरित कर दिया गया। बाद में शिकायत तुगलक रोड थाने को सौंप दी गई।
पुलिस को नहीं मिला वोटर कार्ड बनाने का मूल आवेदन
इस मामले में सबसे अहम सवाल उन दस्तावेजों को लेकर है, जिनके आधार पर सोनिया गांधी का नाम मतदाता सूची में दर्ज किया गया था। पुलिस ने नई दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट को नोटिस भेजकर वर्ष 1980 और 1983 की मतदाता सूचियों से संबंधित रिकॉर्ड मांगा था।
पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, जवाब में पुष्टि हुई कि दोनों वर्षों की मतदाता सूचियों में सोनिया गांधी का नाम शामिल था। हालांकि, उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए भरा गया फॉर्म-6 और इससे जुड़े अन्य मूल दस्तावेज अभी तक उपलब्ध नहीं हो सके हैं। पुलिस इन दस्तावेजों को तलाशने में जुटी है।
गृह मंत्रालय से भी मांगी गई नागरिकता की तारीख
जांच के दौरान दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के फॉरेनर्स डिवीजन को भी नोटिस भेजा था। पुलिस ने सोनिया गांधी को भारतीय नागरिकता दिए जाने की आधिकारिक तारीख और उससे संबंधित जानकारी मांगी थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, गृह मंत्रालय से मिले जवाब में पुष्टि हुई कि एंटोनिया माइनो उर्फ सोनिया गांधी को 30 अप्रैल 1983 को भारतीय नागरिकता का प्रमाणपत्र जारी किया गया था।
पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि मामले की आगे जांच होने पर इससे जुड़े अन्य तथ्य सामने आ सकते हैं। फिलहाल मतदाता सूची में नाम शामिल किए जाने के मूल दस्तावेजों की तलाश जारी है।
14 दिसंबर को अदालत में होगी अगली सुनवाई
इस शिकायत में शिकायतकर्ता की ओर से अधिवक्ता विकास त्रिपाठी पेश हुए, जबकि उनकी तरफ से अधिवक्ता नीरज ने अदालत में पक्ष रखा। पुलिस की दोनों रिपोर्ट पर विचार के बाद अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 14 दिसंबर की तारीख तय की है।
फिलहाल यह मामला शिकायत में लगाए गए आरोपों और पुलिस की शुरुआती जांच तक सीमित है। अदालत ने अभी इन आरोपों पर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। जांच में सबसे महत्वपूर्ण सवाल यही रहेगा कि 1980 की मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए कौन से दस्तावेज इस्तेमाल किए गए थे और उस समय संबंधित अधिकारियों ने किस आधार पर यह प्रक्रिया पूरी की थी।


