SpiceJet बंद होने के कगार पर! 10 से भी कम विमान बचे, आधी से ज्यादा उड़ानें रद्द, अब DGCA ने भेजा नोटिस

आर्थिक संकट और लगातार उड़ानों में देरी व कैंसिलेशन के बीच DGCA ने स्पाइसजेट को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

Sachin Singh
Published on: 20 Nov 2026 7:09 PM IST (Updated on: 20 Nov 2026 7:09 PM IST)
SpiceJet बंद होने के कगार पर! 10 से भी कम विमान बचे, आधी से ज्यादा उड़ानें रद्द, अब DGCA ने भेजा नोटिस
X

SpiceJet: देश की बजट एयरलाइन स्पाइसजेट की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। आर्थिक तंगी से जूझ रही कंपनी की उड़ानों में लगातार हो रही देरी और कैंसिलेशन के बीच एविएशन रेगुलेटर DGCA ने उसे कारण बताओ नोटिस जारी किया है। 17 नवंबर को जारी इस नोटिस में DGCA ने स्पाइसजेट से पूछा है कि आखिर उसके विमानों का संचालन लगातार क्यों बिगड़ रहा है और ज्यादातर विमान जमीन पर क्यों खड़े हैं?

रेगुलेटर ने कंपनी के बकाया भुगतान, उड़ानों में गड़बड़ी और विमानन नियमों के बार-बार उल्लंघन को लेकर भी चिंता जताई है। स्पाइसजेट को जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया गया है। तय समय में जवाब नहीं देने पर DGCA एयरलाइन का पक्ष सुने बिना भी उसके खिलाफ आदेश जारी कर सकता है।

आधी से ज्यादा उड़ानें रद्द, समय पर उड़ान भरने का रिकॉर्ड सिर्फ 25%

DGCA ने अपने नोटिस में स्पाइसजेट के लगातार बिगड़ते ऑपरेशनल प्रदर्शन पर सवाल उठाए हैं। रेगुलेटर के मुताबिक, कंपनी की समय पर उड़ान भरने की क्षमता में गिरावट आई है। उड़ानों में देरी और कैंसिलेशन बढ़ रहे हैं, जबकि एयरलाइन अपने तय शेड्यूल के मुताबिक भी सेवाएं नहीं दे पा रही है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के 19 नवंबर के आंकड़ों के मुताबिक, स्पाइसजेट की समय पर उड़ान भरने की दर यानी ऑन-टाइम परफॉर्मेंस सिर्फ 25 फीसदी रही। वहीं, देश की दूसरी बड़ी एयरलाइंस का यह आंकड़ा 80 फीसदी से ज्यादा था। एयरपोर्ट और फ्लाइट ट्रैकिंग से जुड़े आंकड़ों के मुताबिक, हाल के दिनों में स्पाइसजेट की आधी से ज्यादा तय उड़ानें रद्द हो रही हैं।

इसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ रहा है। बड़ी संख्या में लोग एयरपोर्ट पर फंस रहे हैं। किसी की फ्लाइट कैंसिल हो रही है, तो किसी को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर भी यात्री लगातार शिकायतें कर रहे हैं। DGCA ने यात्रियों को होने वाली परेशानी कम करने के लिए एयरलाइन की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए हैं।

आर्थिक संकट ने घटाया स्पाइसजेट का बेड़ा

स्पाइसजेट की परिचालन संबंधी दिक्कतों के पीछे उसकी खराब आर्थिक हालत भी बड़ी वजह मानी जा रही है। कंपनी नकदी की कमी, बकाया भुगतान और कर्मचारियों की सैलरी में देरी जैसी समस्याओं से जूझ रही है। विमान लीज पर देने वाली कंपनियों को भुगतान नहीं कर पाने की वजह से उसके कई विमान खड़े हो गए हैं।

हालात ऐसे हैं कि अब स्पाइसजेट के ऑपरेशनल बेड़े में 10 से भी कम विमान बचे हैं। इसका असर कंपनी की उड़ानों और यात्रियों को सेवाएं देने की क्षमता पर पड़ रहा है।

कंपनी की बाजार में हिस्सेदारी भी तेजी से घटी है। जनवरी में घरेलू विमानन बाजार में स्पाइसजेट की हिस्सेदारी करीब 4 फीसदी थी, जो अक्टूबर में घटकर सिर्फ 0.6 फीसदी रह गई। नवंबर में भी हालात में सुधार के संकेत नहीं मिले हैं।

एक समय ऐसा भी था जब स्पाइसजेट देश की दूसरी सबसे बड़ी एयरलाइन हुआ करती थी। साल 2019 में कोविड महामारी से पहले घरेलू बाजार में इसकी हिस्सेदारी करीब 15 फीसदी थी। लेकिन पिछले कुछ सालों से कंपनी लगातार नकदी और आर्थिक संकट का सामना कर रही है।

एयरपोर्ट और तेल कंपनियों ने भी सख्त किए नियम

स्पाइसजेट पर सिर्फ विमान लीज पर देने वाली कंपनियों का ही बकाया नहीं है। कई एयरपोर्ट और तेल कंपनियों ने भी भुगतान नहीं मिलने के कारण उसके साथ कैश-एंड-कैरी व्यवस्था लागू कर दी है।

इस व्यवस्था के तहत एयरलाइन को सेवाएं लेने के लिए रोजाना भुगतान करना पड़ता है। यानी कंपनी को अब कई जरूरी सेवाओं के लिए पहले पैसे देने होंगे, उसके बाद ही सुविधा मिलेगी। इससे स्पाइसजेट की नकदी की कमी का अंदाजा लगाया जा सकता है।

हालांकि, कंपनी ने इसी हफ्ते जानकारी दी थी कि उसके बोर्ड ने वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। लेकिन यह रकम कब तक जुटाई जाएगी और इससे कंपनी की मौजूदा परेशानी कितनी कम होगी, इस पर अभी स्थिति साफ नहीं है।

जमीन पर खड़े विमानों को लेकर DGCA ने मांगा जवाब

DGCA ने स्पाइसजेट से यह भी पूछा है कि उसके खड़े विमानों को दोबारा उड़ान के लिए तैयार करने की क्या योजना है। रेगुलेटर का कहना है कि कंपनी ने अब तक ऐसा कोई भरोसेमंद और व्यावहारिक प्लान पेश नहीं किया है, जिससे यह साफ हो सके कि उसके ग्राउंडेड विमान कब तक दोबारा कमर्शियल उड़ानें शुरू कर पाएंगे।

इसके अलावा, विदेशी विमानन नियामकों ने भी स्पाइसजेट के अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन में आ रही दिक्कतों को लेकर चिंता जताई है। बताया गया है कि विदेशों में सेवा देने वाली कंपनियों और दूसरे वेंडर्स को समय पर भुगतान नहीं मिलने की वजह से भी परेशानी बढ़ी है।

इसका एक उदाहरण पिछले हफ्ते देखने को मिला, जब बकाया भुगतान के चलते दुबई एयरपोर्ट ने स्पाइसजेट की चेक-इन सेवाएं निलंबित कर दी थीं।

इंश्योरेंस और विदेशों में उड़ान भरने की पात्रता पर भी सवाल

DGCA ने एयरलाइन के जरूरी बीमा कवर के रिन्यूअल को लेकर भी चिंता जताई है। इसके साथ ही यह सवाल भी उठाया है कि क्या स्पाइसजेट तय नियमों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित करने की पात्रता पूरी कर रही है या नहीं।

नियमों के अनुसार, किसी एयरलाइन को घरेलू परिचालन के लिए कम से कम 20 विमान या अपनी कुल क्षमता का 20 फीसदी इस्तेमाल करना जरूरी है। कुल क्षमता का आकलन सभी उड़ानों में उपलब्ध औसत सीटों के आधार पर किया जाता है। इन दोनों में से जो शर्त ज्यादा बड़ी होगी, उसे पूरा करना जरूरी है।

ऐसे में DGCA का यह नोटिस सिर्फ उड़ानों में देरी और कैंसिलेशन तक सीमित नहीं है। इसमें स्पाइसजेट के विमानों की उपलब्धता, आर्थिक देनदारियों, बीमा कवर और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित करने की पात्रता तक पर सवाल उठाए गए हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि एयरलाइन सात दिनों के भीतर DGCA को क्या जवाब देती है और अपने परिचालन को पटरी पर लाने के लिए क्या कदम उठाती है।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story