TRENDING TAGS :
भारत पर टूटने वाली है कुदरत की महातबाही! सुपर अल नीनो से कहीं बाढ़ तो कहीं सूखे का कहर
Super El Nino Impact on India: सुपर अल नीनो के प्रभाव से भारत समेत दक्षिण एशिया में मौसम की बड़ी तबाही का खतरा जताया गया है। जानिए नई रिपोर्ट क्या कह रहा है?
Super El Nino (Photo Credit- AI)
Super El Nino Impact on India: दुनिया के मौसम का मिजाज बदलने वाली एक मौसमी घटना आने वाले महीनों में दक्षिण एशिया के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है। प्रशांत महासागर में विकसित हो रही अल नीनो की स्थिति को लेकर वैज्ञानिकों ने गंभीर आशंकाएं जताई हैं। इसे सुपर अल नीनो का नाम दिया जा रहा है और कुछ रिपोर्ट्स में इसके पिछले कई दशकों के सबसे प्रभावशाली अल नीनो में शामिल होने की संभावना जताई गई है। इसके असर से कहीं सामान्य से ज्यादा बारिश और बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है, तो कहीं लंबे समय तक सूखा पड़ने की आशंका है। अब हिंदुकुश हिमालय क्षेत्र को लेकर आई एक नई रिपोर्ट ने इन चिंताओं को और बढ़ा दिया है।
इस रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि हिंदुकुश हिमालय के कुछ हिस्सों में आने वाली सर्दियों के दौरान सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। इससे नेपाल और आसपास के देशों में बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन का जोखिम बढ़ने की आशंका है। वहीं, क्षेत्र के दूसरे हिस्सों में लंबे समय तक शुष्क मौसम रहने से जंगलों में आग लगने का खतरा भी पैदा हो सकता है।
यह रिपोर्ट काठमांडू स्थित अंतरराष्ट्रीय एकीकृत पर्वतीय विकास केंद्र (ICIMOD), बीजिंग नॉर्मल यूनिवर्सिटी और चीनी विज्ञान अकादमी के संस्थान ने संयुक्त रूप से तैयार की है। 'हिंदुकुश हिमालय विंटर आउटलुक 2026' में नेपाल, अफगानिस्तान और बांग्लादेश समेत कई देशों में सर्दियों के दौरान सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान जताया गया है।
बाढ़ और भूस्खलन से बढ़ सकती है तबाही
रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिमी हिमालय के कुछ इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी के कारण प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बढ़ सकता है। अत्यधिक बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में बाढ़ आने की आशंका है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश और बर्फबारी भूस्खलन तथा हिमस्खलन की घटनाओं को बढ़ावा दे सकती है।
इसका असर सिर्फ नेपाल तक सीमित रहने की आशंका नहीं है। हिंदुकुश हिमालय से जुड़े दूसरे देशों और आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम की असामान्य परिस्थितियां देखने को मिल सकती हैं।
अमेरिका के राष्ट्रीय महासागरीय एवं वायुमंडलीय प्रशासन (NOAA) ने भी अल नीनो के संभावित प्रभाव को लेकर गंभीर अनुमान जताया है। एजेंसी के मुताबिक, करीब 60 फीसदी संभावना है कि इसका प्रभाव 1950 में रिकॉर्ड रखने की शुरुआत के बाद दर्ज सबसे भीषण स्थितियों में शामिल हो सकता है।
ज्यादा बारिश के बीच जंगलों में आग का खतरा क्यों?
आमतौर पर ज्यादा बारिश को सूखे और जंगलों में आग के खतरे से राहत के तौर पर देखा जाता है, लेकिन हिंदुकुश हिमालय क्षेत्र की तस्वीर इससे अलग हो सकती है। रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि जहां कुछ इलाकों में सामान्य से अधिक बारिश होगी, वहीं दूसरे हिस्सों में लंबे समय तक शुष्क मौसम बना रह सकता है।
लगातार सूखे की स्थिति में घास और जंगलों में मौजूद वनस्पतियां सूख सकती हैं। इससे आग लगने की आशंका बढ़ जाएगी। रिपोर्ट में दक्षिण-पूर्वी शिजांग और म्यांमा के कुछ हिस्सों में जंगलों तथा घास के मैदानों में आग लगने का खतरा अधिक से बहुत अधिक बताया गया है।
यानी एक ही मौसम प्रणाली के प्रभाव से हिमालय के एक हिस्से में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा हो सकता है, जबकि दूसरे हिस्से में सूखे और जंगलों की आग की चुनौती सामने आ सकती है।
फसलों पर पड़ सकता है असर
अल नीनो का प्रभाव भारत के मौसम और कृषि क्षेत्र के लिए भी चिंता का विषय है। इसके कारण मॉनसून की बारिश प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। देश के कई हिस्सों में बारिश की कमी का असर खेती पर पड़ सकता है।
मिली जानकारी के मुताबिक, मॉनसून में पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण धान, कपास, गन्ना और मक्का जैसी फसलों की बुवाई पिछले साल के मुकाबले कम हुई है। इसका असर आने वाले समय में कृषि उत्पादन पर भी पड़ सकता है। फसलों की पैदावार घटने की आशंका के बीच खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी की चिंता भी सामने आ रही है।
सूखे की स्थिति गंभीर होने पर कर्नाटक और महाराष्ट्र के अलावा दूसरे राज्य भी सूखा घोषित करने पर विचार कर सकते हैं। हालांकि, इसका वास्तविक असर आने वाले समय में बारिश की स्थिति और मौसम के क्षेत्रवार बदलाव पर निर्भर करेगा।
एक तरफ बाढ़, दूसरी तरफ सूखा... अल नीनो क्यों है चिंता की वजह?
अल नीनो प्रशांत महासागर के भूमध्यरेखीय हिस्से में समुद्र की सतह के तापमान में असामान्य बढ़ोतरी से जुड़ी मौसमी घटना है। इसका प्रभाव दुनिया के अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश, तापमान और मौसम के सामान्य पैटर्न को बदल सकता है।
भारत जैसे कृषि प्रधान देश में इसके प्रभाव को लेकर खास चिंता रहती है, क्योंकि मॉनसून की बारिश का सीधा संबंध खेती, जल भंडारण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से है। अगर सुपर अल नीनो का प्रभाव अनुमान के मुताबिक गंभीर रहता है, तो दक्षिण एशिया के सामने एक साथ कई मौसमी चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं।


