'आप इस कुर्सी के लायक नहीं', CJI सूर्यकांत से भिड़ा वकील, सुप्रीम कोर्ट को म्यूट करनी पड़ी सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट में CJI सूर्यकांत से भिड़ा वकील, कहा- आप इस कुर्सी के लायक नहीं हैं। ईमानदारी पर उठाए सवाल, हंगामे के बाद लाइव कार्यवाही म्यूट करनी पड़ी।

Alakha Singh
Published on: 16 Nov 2026 7:12 PM IST
आप इस कुर्सी के लायक नहीं, CJI सूर्यकांत से भिड़ा वकील, सुप्रीम कोर्ट को म्यूट करनी पड़ी सुनवाई
X

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में सोमवार (16 नवंबर) को ऐसा अप्रत्याशित घटनाक्रम हुआ, जिसने न्यायिक गलियारों में हलचल मचा दी। देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत के सामने एक वकील ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघते हुए सीधे उनकी कुर्सी और ईमानदारी पर सवाल खड़े कर दिए। वकील ने दो टूक कह दिया- 'आप इस कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं हैं, आपमें ईमानदारी नहीं है।' अदालत के भीतर हुए इस तीखे टकराव के बाद सुप्रीम कोर्ट को अपनी कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो फीड बंद करना पड़ा। इतना ही नहीं, वकील को कोर्टरूम से बाहर भी ले जाया गया।

मामला सिर्फ तत्काल सुनवाई की मांग से शुरू हुआ था, लेकिन देखते ही देखते मुख्य न्यायाधीश और वकील के बीच टकराव में बदल गया। LiveLaw की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, वकील कथित तौर पर अपने खिलाफ चल रहे अवमानना (Contempt) मामले को लेकर नाराज था। उसका दावा था कि उसने 2 नवंबर को सीजेआई सूर्यकांत के कार्यालय में अपने मामले से जुड़े दस्तावेज सौंपे थे, लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी उसे कोई जवाब नहीं मिला।

15 दिन इंतजार के बाद कोर्ट पहुंचा वकील, सीजेआई से तत्काल सुनवाई की जिद

यह पूरा घटनाक्रम सोमवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ। उस समय सीजेआई सूर्यकांत की अगुवाई वाली तीन जजों की बेंच तत्काल सुनवाई के लिए मामलों का उल्लेख सुन रही थी। बेंच में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल थे।

वकील ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना अपना मामला उठाने के लिए शुरुआत में माफी मांगी। उसने कहा कि वह मजबूरी में अदालत पहुंचा है, क्योंकि 2 नवंबर को सीजेआई के कार्यालय में दस्तावेज देने के बावजूद 15 दिन तक कोई जवाब नहीं मिला।

वकील ने कहा कि अब उसके पास सीधे अदालत के सामने आने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। इस पर जस्टिस वी. मोहना ने आपत्ति जताते हुए कहा कि इस तरह किसी मामले का उल्लेख नहीं किया जा सकता।

सीजेआई ने इंतजार करने को कहा, वकील ने खोया आपा

जस्टिस मोहना की आपत्ति के बावजूद वकील अपनी मांग पर अड़ा रहा। उसने सीजेआई से दस्तावेज देखने और मामले की गंभीरता समझने का आग्रह किया। इस पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने उसे शांत रहने और इंतजार करने को कहा। सीजेआई ने स्पष्ट कहा, 'हम देखेंगे, आप बस इंतजार कीजिए।'

लेकिन वकील इंतजार करने को तैयार नहीं था। उसने सीजेआई की बात मानने से इनकार कर दिया और अचानक व्यक्तिगत हमले शुरू कर दिए।

उसने कहा, 'नहीं, मैं इंतजार नहीं करूंगा। आप उस कुर्सी पर नहीं बैठ सकते। आप इसके योग्य नहीं हैं। आपमें ईमानदारी नहीं है।'

वकील की इस टिप्पणी ने कोर्टरूम का माहौल तनावपूर्ण कर दिया। उसने बेंच में मौजूद जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना के प्रति सम्मान जताया, लेकिन सीजेआई सूर्यकांत की मुख्य न्यायाधीश के पद पर नियुक्ति की योग्यता पर ही सवाल उठा दिए।

सुप्रीम कोर्ट ने म्यूट किया लाइव प्रसारण, वकील को बाहर निकाला

वकील के इस अप्रत्याशित व्यवहार के बाद अदालत ने कार्यवाही का ऑडियो और वीडियो प्रसारण बंद कर दिया। कोर्टरूम में मौजूद वकीलों के हवाले से LiveLaw ने बताया कि संबंधित वकील को बाद में कोर्टरूम से बाहर ले जाया गया।

घटना से नाराज कुछ अन्य वकीलों ने सीजेआई सूर्यकांत से संबंधित वकील के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की। हालांकि, 16 नवंबर की शाम तक उपलब्ध रिपोर्टों में किसी औपचारिक अवमानना कार्रवाई या सजा की पुष्टि नहीं हुई है।

पहली बार नहीं हुआ ऐसा विवाद, पहले भी कोर्ट में मच चुका है हंगामा

सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों के खिलाफ इस तरह की अभद्रता का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले जुलाई 2026 में प्रबल प्रताप नाम के एक याचिकाकर्ता ने अदालत में हंगामा किया था और सीजेआई सूर्यकांत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं।

उस समय संबंधित बेंच ने अवमानना की कार्रवाई शुरू करने से इनकार कर दिया था। अदालत ने टिप्पणी की थी कि याचिकाकर्ता मानसिक रूप से परेशान और कुछ स्वास्थ्य समस्याओं से जूझता हुआ प्रतीत हो रहा है। इस घटना के बाद वर्चुअल सुनवाई के दौरान व्यक्तिगत रूप से पेश होने वाले याचिकाकर्ताओं के मामलों में ऑडियो-वीडियो फीड बंद करने की व्यवस्था भी चर्चा में आई।

इससे पहले अक्टूबर 2025 में तत्कालीन सीजेआई बीआर गवई पर वकील राकेश किशोर ने जूता फेंकने की कोशिश की थी। वह खजुराहो के विष्णु मंदिर में क्षतिग्रस्त मूर्ति से जुड़े मामले में सीजेआई की टिप्पणी से नाराज था।

ताजा घटनाक्रम ने एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट में न्यायिक मर्यादा, अदालत की गरिमा और वकीलों के आचरण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story