'अजित दादा होते तो... अब दूसरे का घर मैं क्यों झांकूं?', NCP के विलय पर सुप्रिया सुले के बयान से सियासी भूचाल

सुप्रिया सुले ने साफ किया है कि अजित पवार के निधन से पहले NCP के दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत चल रही थी।

Sachin Singh
Published on: 12 Nov 2026 10:57 PM IST (Updated on: 12 Nov 2026 10:57 PM IST)
अजित दादा होते तो... अब दूसरे का घर मैं क्यों झांकूं?, NCP के विलय पर सुप्रिया सुले के बयान से सियासी भूचाल
X

Supriya Sule: महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के एक होने को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही थी। कभी शरद पवार और अजित पवार के परिवारों की मुलाकात तो कभी दोनों खेमों के नेताओं की बैठकों को विलय की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा था। लेकिन अब शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने इन तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि अजित पवार के निधन से पहले दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत जरूर चल रही थी, लेकिन उनके भाई के अचानक निधन के साथ ही यह मामला खत्म हो गया।

गुरुवार को दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान सुप्रिया सुले ने कहा कि जिस दिन उनके भाई अजित पवार का निधन हुआ, उसी दिन NCP के दोनों धड़ों के विलय का मुद्दा भी खत्म हो गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल उनसे विलय को लेकर किसी ने कोई बातचीत नहीं की है। सुले के इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में दोनों गुटों के फिर से साथ आने को लेकर चल रही चर्चाओं को बड़ा झटका लगा है।

अजित दादा के रहते चल रही थी बातचीत

NCP के विलय को लेकर पहले बातचीत हुई थी या नहीं, इस सवाल पर सुप्रिया सुले ने कहा कि हां, इस मुद्दे पर चर्चा चल रही थी। उन्होंने बताया कि अजित पवार और परिवार के बाकी लोग जानते थे कि आगे क्या करना है, लेकिन इसी बीच उनके भाई का अचानक निधन हो गया और पूरा मामला वहीं रुक गया।

सुले ने कहा कि अजित दादा के निधन के बाद दो से तीन दिनों में कुछ घटनाक्रम जरूर हुए थे, लेकिन इससे विलय की बातचीत दोबारा शुरू होने का मतलब नहीं निकाला जाना चाहिए। उन्होंने पहले भी इस मुद्दे पर चल रही चर्चाओं को खत्म करने की बात कही थी।

अमित शाह से मुलाकात पर सुनेत्रा पवार को लेकर क्या बोलीं सुप्रिया?

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की NCP नेताओं के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात को लेकर भी सुप्रिया सुले से सवाल किया गया। इस पर उन्होंने इसे संबंधित पार्टी का अंदरूनी मामला बताया। सुले ने कहा, "यह उनकी पार्टी का अंदरूनी मामला है. दूसरे के घर में मैं क्यों झांकूं?"

उन्होंने शरद पवार की अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं से मुलाकातों को भी सामान्य बताया। सुले के मुताबिक, उनके पिता सभी पार्टियों के नेताओं और दूसरे लोगों से मिलते रहते हैं। इसलिए ऐसी मुलाकातों को किसी खास राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर नहीं देखना चाहिए।

फडणवीस से NCP नेताओं की मुलाकात ने बढ़ाई थी चर्चा

दरअसल, दोनों NCP गुटों के विलय को लेकर अटकलें उस समय फिर तेज हो गई थीं, जब NCP अध्यक्ष सुनील तटकरे और उनके सहयोगी धनंजय मुंडे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की थी। दोनों नेता फडणवीस के आवास पर पहुंचे थे। सूत्रों के मुताबिक, इस मुलाकात के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को दिवाली की शुभकामनाएं दी थीं।

हालांकि, इस बैठक में किसी राजनीतिक मुद्दे पर चर्चा हुई या नहीं, इसकी तत्काल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी। लेकिन दोनों गुटों के विलय और वित्त मंत्रालय का प्रभार NCP को दिए जाने की मांग से जुड़ी चर्चाओं के बीच इस मुलाकात को अहम माना गया।

अजित पवार के पास था वित्त मंत्रालय का जिम्मा

बीजेपी की अगुवाई वाली महायुति सरकार में वित्त मंत्रालय का प्रभार पहले अजित पवार के पास था। वह उस समय NCP के अध्यक्ष भी थे। 28 जनवरी को विमान हादसे में उनके निधन के बाद पार्टी की कमान सुनेत्रा पवार के पास आ गई। वहीं, शरद पवार विपक्षी NCP (SP) का नेतृत्व कर रहे हैं।

पिछले हफ्ते सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में NCP के कई नेताओं, जिनमें प्रफुल्ल पटेल और पार्थ पवार भी शामिल थे, ने शरद पवार से मुलाकात की थी। इस बैठक के बाद दोनों गुटों के एक होने की चर्चाओं ने फिर जोर पकड़ लिया था।

फडणवीस पहले ही दे चुके हैं बीजेपी की सहमति का संकेत

NCP के दोनों गुटों के विलय पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी पहले अपना रुख साफ कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि बीजेपी से विचार-विमर्श किए बिना दोनों गुटों का विलय नहीं हो सकता।

अब सुप्रिया सुले के ताजा बयान ने इस मुद्दे पर स्थिति काफी हद तक स्पष्ट कर दी है। उन्होंने साफ कर दिया है कि अजित पवार के रहते जिस विलय पर बातचीत हो रही थी, वह उनके निधन के साथ ही खत्म हो गई थी। ऐसे में फिलहाल दोनों NCP गुटों के एक होने की अटकलों पर भरोसा करने की कोई वजह नहीं दिखती।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story