TRENDING TAGS :
न कार, न गहने... करोड़पति भी नहीं हैं बंगाल के नए CM! सुवेंदु आधिकारी की संपत्ति जान रह जाएंगे हैरान
Suvendu Adhikari net worth: पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी करोड़पति भी नहीं हैं! न कार, न गहने और बेहद साधारण जीवनशैली जानिए BJP नेता की कुल संपत्ति, बैंक बैलेंस और परिवार से जुड़ी चौंकाने वाली बातें।
Suvendu Adhikari net worth 2026: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नए युग का आगाज हो चुका है। भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद अब वह नाम साफ हो गया है जो राज्य की कमान संभालेगा। बीजेपी ने पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के रूप में सुवेंदु अधिकारी के नाम पर मुहर लगा दी है। बंगाल के सियासी गलियारों में यह चर्चा पहले से ही थी, क्योंकि शुभेंदु अधिकारी न केवल बीजेपी का सबसे बड़ा चेहरा बनकर उभरे हैं, बल्कि उन्होंने लगातार दो बार ममता बनर्जी को शिकस्त देकर अपनी ताकत का लोहा मनवाया है। 55 साल के शुभेंदु अधिकारी की सादगी और उनकी राजनीतिक सूझबूझ ही उनकी असली पहचान है। अब जब वे मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं, तो हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर बंगाल के इस नए कप्तान के पास कितनी संपत्ति है और उनका परिवार कैसा है।
करोड़पति भी नहीं हैं नए मुख्यमंत्री: चुनावी हलफनामे में हुआ बड़ा खुलासा
आमतौर पर राजनीति में ऊंचे पदों पर बैठने वाले नेताओं के पास करोड़ों की संपत्ति होना आम बात मानी जाती है, लेकिन सुवेंदु अधिकारी के मामले में ऐसा नहीं है। पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री हासिल करने वाले शुभेंदु अधिकारी ने चुनाव आयोग को जो हलफनामा सौंपा है, वह वाकई चौंकाने वाला है। चुनाव आयोग को दी गई जानकारी के मुताबिक, शुभेंदु अधिकारी की कुल नेटवर्थ (Net worth) एक करोड़ रुपये से भी कम है। उनकी कुल संपत्ति मात्र 85.87 लाख रुपये बताई गई है। सबसे बड़ी और राहत की बात यह है कि इतने लंबे राजनीतिक करियर के बावजूद उनके ऊपर किसी भी तरह का कोई कर्ज या उधारी नहीं है।
बैंक बैलेंस और निवेश की पूरी जानकारी: सोना-चांदी से हैं कोसों दूर
सुवेंदु अधिकारी के बैंक खातों और निवेश की बात करें तो वहां भी कोई भारी-भरकम रकम नजर नहीं आती। उनके पास चुनाव के समय मात्र 12,000 रुपये नकद (कैश) थे। उनके एसबीआई, पीएनबी और आईडीबीआई जैसे बैंक खातों में कुल जमा राशि लगभग 7 लाख रुपये है। निवेश के मामले में वे पारंपरिक बचत पर भरोसा करते हैं। उन्होंने डाकघर की नेशनल सेविंग स्कीम (NSS) और किसान विकास पत्र में करीब 3.20 लाख रुपये लगाए हैं। साथ ही, एनएससी सर्टिफिकेट में उनके 5 लाख रुपये जमा हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि उनके पास न तो कोई अपनी कार है और न ही बाइक। इतना ही नहीं, शुभेंदु अधिकारी के पास किसी भी तरह के सोने या चांदी के आभूषण भी नहीं हैं।
सादा जीवन और अचल संपत्ति: तीन घरों के मालिक हैं शुभेंदु
अचल संपत्ति के मामले में भी शुभेंदु का रिकॉर्ड काफी साधारण है। उनके पास लगभग 9 लाख रुपये की कृषि भूमि है और करीब 27 लाख रुपये की गैर-कृषि जमीन है। उनके नाम पर कोई भी कमर्शियल या व्यावसायिक इमारत दर्ज नहीं है। रिहायशी संपत्ति की बात करें तो उनके नाम पर कुल तीन घर या फ्लैट हैं, जिनकी अनुमानित कीमत चुनावी हलफनामे में 24.75 लाख रुपये दर्शाई गई थी। उन्होंने जीवन बीमा (LIC) की छह पॉलिसियों में निवेश किया है, जिनका कुल मूल्य करीब 13 लाख रुपये बैठता है। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि शुभेंदु अधिकारी एक बेहद साधारण जीवन शैली जीना पसंद करते हैं।
राजनीति में रंगा है पूरा परिवार: पिता और भाई भी हैं सक्रिय
सुवेंदु अधिकारी के निजी जीवन की बात करें तो उन्होंने विवाह नहीं किया है और वे अविवाहित हैं। हालांकि, उनका पूरा परिवार बंगाल की राजनीति में अपनी गहरी पैठ रखता है। उनके भाई सौमेंदु अधिकारी भी भारतीय जनता पार्टी के सदस्य हैं, जबकि दूसरे भाई दिब्येंदु अधिकारी तृणमूल कांग्रेस के सांसद रह चुके हैं। उनके पिता शिशिर अधिकारी बंगाल के कद्दावर नेताओं में शुमार रहे हैं और तीन बार सांसद रह चुके हैं। राजनीतिक विरासत और जमीन से जुड़े होने के कारण ही शुभेंदु को आज बंगाल की सत्ता का शीर्ष पद मिला है। उनकी मेहनत और बीजेपी के प्रति उनकी निष्ठा ने ही उन्हें आज 'मुख्यमंत्री' की कुर्सी तक पहुंचाया है।


