'एक-एक मुस्लिम घुसपैठिए को बाहर निकालो', CM सुवेंदु अधिकारी का पुलिस को अल्टीमेटम, हिंदुओं पर कही बड़ी बात

पश्चिम बंगाल के CM सुवेंदु अधिकारी ने कूचबिहार में पुलिस को बांग्लादेशी मुस्लिम घुसपैठियों की पहचान कर वापस भेजने का आदेश दिया। हिंदुओं को बताया शरणार्थी, BSF और पुलिस को दिए सख्त निर्देश।

Alakha Singh
Published on: 25 Nov 2026 10:35 PM IST (Updated on: 25 Nov 2026 10:36 PM IST)
एक-एक मुस्लिम घुसपैठिए को बाहर निकालो, CM सुवेंदु अधिकारी का पुलिस को अल्टीमेटम, हिंदुओं पर कही बड़ी बात
X

West Bengal News: पश्चिम बंगाल में अवैध घुसपैठ का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बांग्लादेश से कथित तौर पर अवैध तरीके से भारत में दाखिल हुए मुस्लिम घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है। उन्होंने पुलिस को साफ शब्दों में कहा कि ऐसे लोगों की पहचान कर एक-एक को चिह्नित किया जाए और उन्हें वापस बांग्लादेश भेजा जाए। वहीं, बांग्लादेश से आने वाले हिंदुओं को उन्होंने घुसपैठिया मानने से इनकार करते हुए शरणार्थी बताया और उन्हें आश्रय देने की बात कही।

बुधवार, 25 नवंबर को कूचबिहार में रास मेला के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिला पुलिस अधीक्षक मनीष जोशी को यह निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश से अवैध रूप से दाखिल हुए मुस्लिम घुसपैठियों के लिए पश्चिम बंगाल में कोई जगह नहीं है। उन्हें जिस रास्ते से भारत में प्रवेश मिला, उसी रास्ते से वापस भेजा जाना चाहिए।

सुवेंदु अधिकारी ने कहा, 'बांग्लादेश से आए अवैध मुस्लिम घुसपैठियों की इस जिले में एक-एक करके पहचान की जाए। उन्हें ट्रेस किया जाए और जिस रास्ते से वे आए हैं, उसी रास्ते से वापस भेजा जाए। उन्हें बाहर निकालना होगा।'

बांग्लादेशी हिंदुओं को बताया शरणार्थी, बोले- दिया जाए आश्रय

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अपने संबोधन में बांग्लादेश से आने वाले हिंदुओं और मुस्लिमों को लेकर अलग-अलग रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश से आने वाले हिंदू घुसपैठिए नहीं हैं, बल्कि धार्मिक उत्पीड़न से बचने और अपनी जान की रक्षा करने के लिए भारत आए शरणार्थी हैं।

उन्होंने पुलिस और प्रशासन को ऐसे हिंदुओं को आश्रय देने की बात कही। मुख्यमंत्री के मुताबिक, जो लोग अपनी धार्मिक पहचान और जान बचाने के लिए सीमा पार करके आए हैं, उन्हें सुरक्षा और संरक्षण मिलना चाहिए। उनके इस बयान ने पश्चिम बंगाल में अवैध प्रवासन और शरणार्थियों के मुद्दे को एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है।

BSF के साथ मिलकर चलाएं अभियान, अवैध मदरसों पर भी कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री ने भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस को कई निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के बीच बेहतर तालमेल होना चाहिए, ताकि सीमा पार से होने वाली अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया कि राज्य सरकार ने सीमा पर बाड़ लगाने और अन्य सुरक्षा ढांचे के निर्माण के लिए BSF को आवश्यक जमीन उपलब्ध करा दी है। उन्होंने कहा कि फेंसिंग का काम पूरा होने के बाद तस्करी की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जानी चाहिए।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती इलाकों में कथित अवैध मदरसों, गांजे की खेती, नकली नोटों के कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ भी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमा से जुड़े अपराधों पर पुलिस को सख्ती से कार्रवाई करनी होगी।

राजबंशियों की जमीन पर भी बड़ा बयान, लेफ्ट सरकार को घेरा

कूचबिहार में मुख्यमंत्री ने राजबंशी समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली वामपंथी सरकार ने राजबंशी समुदाय की जमीन छीनकर बांग्लादेश से आए मुस्लिम घुसपैठियों को आवंटित कर दी थी।

अधिकारी ने कहा कि 1955 के भूमि सुधार कानूनों के क्रियान्वयन के दौरान स्थानीय लोगों के साथ अन्याय हुआ। उन्होंने इसके लिए तत्कालीन सीपीएम सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

मुख्यमंत्री ने राजबंशी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराने का भी वादा किया। इसके अलावा उन्होंने जिले की 29 ऐतिहासिक इमारतों के विकास, राजबंशी स्कूलों के बुनियादी ढांचे और लोक कलाकारों को आर्थिक सहायता देने की बात कही।

महिलाओं की सुरक्षा पर सख्त चेतावनी, 30 स्कूटी भी सौंपी

सुवेंदु अधिकारी ने महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर भी पुलिस को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं के खिलाफ हिंसा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से प्रशिक्षित महिला पुलिस बल 'दुर्गा वाहिनी' की सदस्यों को सम्मानित किया और उनकी फील्ड ड्यूटी को प्रभावी बनाने के लिए 30 स्कूटी सौंपीं।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी ने उनकी बहन-बेटियों की तरफ उंगली उठाई तो उस उंगली को तोड़ दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा के मामलों में तत्काल और सख्त कार्रवाई करने की हिदायत दी।

गोहत्या रोकने के लिए विधानसभा में आएगा नया विधेयक

मुख्यमंत्री ने गोहत्या के मुद्दे पर भी पुलिस को पश्चिम बंगाल पशु वध नियंत्रण अधिनियम, 1950 को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गायों की सुरक्षा से जुड़े कानूनों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले 23 नवंबर को सुवेंदु अधिकारी ने आगामी विधानसभा सत्र में गोहत्या पर रोक लगाने के लिए नया विधेयक लाने की घोषणा की थी।

इसके साथ ही उनकी सरकार ने गौ सेवा योजना शुरू की है। इसके तहत पंजीकृत गौशालाओं को बीमार और बुजुर्ग गायों की देखभाल के लिए सालाना एक लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।

बंगाल की राजनीति में फिर गरमाया घुसपैठ का मुद्दा

कूचबिहार बांग्लादेश की सीमा से सटा संवेदनशील जिला है। यहां अवैध प्रवासन, सीमा पार तस्करी और जमीन के स्वामित्व का मुद्दा लंबे समय से राजनीतिक बहस का हिस्सा रहा है।

सुवेंदु अधिकारी के ताजा निर्देशों को इसी राजनीतिक और सुरक्षा संबंधी पृष्ठभूमि में देखा जा रहा है। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री ने कथित अवैध प्रवासियों की पहचान और कार्रवाई के साथ हिंदू शरणार्थियों को संरक्षण देने की बात भी रखी है।

हालांकि, किसी व्यक्ति को अवैध प्रवासी घोषित करने और निर्वासित करने के लिए उसकी नागरिकता एवं भारत में प्रवेश से जुड़े तथ्यों का सत्यापन और लागू कानूनी प्रक्रिया जरूरी होगी। मुख्यमंत्री के बयान में किसी विशेष समुदाय के खिलाफ की गई कार्रवाई का निर्देश इसी संदर्भ में आगे राजनीतिक और कानूनी बहस का विषय बन सकता है।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story