TRENDING TAGS :
Rajasthan News: स्वामी विशोकानंद भारती महाराज ब्रह्मलीन, 29 नवंबर को बीकानेर में समाधि
Rajasthan News: श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के आचार्य महामंडलेश्वर का 74 वर्ष की आयु में दिल्ली में निधन, देशभर में स्थापित सात गुरुकुलों से वैदिक शिक्षा को दिया बढ़ावा।
स्वामी विशोकानंद भारती महाराज ब्रह्मलीन, 29 नवंबर को बीकानेर में समाधि (Photo- Newstrack)
Rajasthan News: श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के आचार्य महामंडलेश्वर, निर्वाण पीठाधीश्वर और बीकानेर के राजगुरु स्वामी विशोकानंद भारती महाराज 74 वर्ष की आयु में दिल्ली में ब्रह्मलीन हो गए। उनके महाप्रयाण को संत समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया है। उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए आचार्य संजय तिवारी ने कहा कि स्वामी जी का जाना केवल एक संत का जाना नहीं, बल्कि जीवंत वैदिक परंपरा का मौन हो जाना है। कुछ दिन पहले ही काशी में संस्कृति संसद के मंच पर उनका महत्वपूर्ण उद्बोधन सुनने का अवसर मिला था।
स्वामी विशोकानंद भारती का जीवन तप, त्याग और विद्या का संगम था। उत्तरकाशी की पवित्र भूमि में जन्मे स्वामी जी ने बचपन से ही गुरुकुल की कठिन साधना अपनाई। वे अखाड़े के आचार्य होने के साथ गुरुकुल परंपरा के पुनरुद्धारक भी थे। देशभर में उनके द्वारा स्थापित सात गुरुकुल आज भी वैदिक शिक्षा की ज्योति जला रहे हैं।
संवाद और शास्त्रार्थ में रखते थे विश्वास
हरिद्वार के कनखल स्थित श्रीयंत्र मंदिर सोमेश्वर धाम से लेकर बीकानेर के राजदरबार तक स्वामी जी धर्म के सजग प्रहरी के रूप में सक्रिय रहे। कुंभ, अर्धकुंभ और संत समागमों में उनकी मौजूदगी से मर्यादा और शास्त्रीय परंपराओं का संदेश मिलता था। वे अखाड़ा परंपरा को विवाद के बजाय संवाद और शास्त्रार्थ के माध्यम से आगे बढ़ाने में विश्वास रखते थे।
29 नवंबर को बीकानेर में दी जाएगी समाधि
अखिल भारतीय संत समिति और गंगा महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती, संस्कृति संसद के संयोजक एवं श्री काशी विद्वत्परिषद के संगठन मंत्री आचार्य गोविंद शर्मा सहित संस्कृति संसद के आयोजक मंडल ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। संस्कृति पर्व परिवार और भारत संस्कृति न्यास की ओर से भी दिवंगत संत को नमन किया गया और उनके शिष्यों व अनुयायियों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की गई। स्वामी विशोकानंद भारती महाराज को 29 नवंबर को बीकानेर में समाधि दी जाएगी।


