स्वराजद्वीप के विकास को मिलेगी रफ्तार, स्वास्थ्य-शिक्षा और पर्यटन सुविधाओं पर उपराज्यपाल का जोर

Swarajdweep Development: उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने स्वराजद्वीप दौरे के दौरान विकास कार्यों की समीक्षा की। स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन, नई कक्षाओं, सड़क निर्माण, जलापूर्ति और पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

Newstrack Network
Published on: 10 Oct 2026 11:12 PM IST
स्वराजद्वीप के विकास को मिलेगी रफ्तार, स्वास्थ्य-शिक्षा और पर्यटन सुविधाओं पर उपराज्यपाल का जोर
X

Swarajdweep Development: माननीय उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने आज स्वराजद्वीप का दो दिवसीय दौरा प्रारंभ किया। स्वराज द्वीप पहुंचने पर हेलीपैड पर पारंपरिक एवं सांस्कृतिक तरीके से स्वागत किया गया। अपने दौरे के दौरान माननीय उपराज्यपाल ने द्वीप में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं का जायजा लेने, पर्यटन और परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देने पर विशेष ध्यान दिया।


दौरे के प्रारंभ में माननीय उपराज्यपाल ने द्वीप में चल रहे विकास कार्यों, कूड़ा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था तथा लंबित जनसमस्याओं के निराकरण के संबंध में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए तथा आम नागरिकों से जुड़े मामलों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।


बैठक के बाद माननीय उपराज्यपाल ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, गोविंद नगर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा दवाओं की उपलब्धता, जन औषधि केंद्र की स्थापना और चिकित्सा एवं अन्य कर्मचारियों की स्थिति की समीक्षा की। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के रूप में उन्नत करने की दिशा में क्रमबद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, 40 प्रकार की जांच करने में सक्षम ऑटोमैटिक एनालाइजर स्थापित करने, एक्स-रे मशीन की तत्काल मरम्मत कराने, कंप्यूटर एवं वाई-फाई की व्यवस्था करने तथा पिछले दो वर्षों से लंबित नये डीजी सेट को तत्काल लगवा कर चालू करवाया। उन्होंने डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए 10 नए कमरों के निर्माण, ऑपरेशन थिएटर शुरू करने तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए, ताकि द्वीप के निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।


स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा के पश्चात माननीय उपराज्यपाल ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गोविंद नगर का दौरा किया और विद्यार्थियों से आत्मीयतापूर्वक बातचीत की। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने तथा अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने हेतु प्रोत्साहित किया। विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं में सुधार के संबंध में उन्होंने चार नए कमरों के निर्माण, शिक्षकों के आवास की मरम्मत तथा एक कमरे में आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए नए बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण, स्कूल वैन उपलब्ध कराने पर आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा।


शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने के बाद माननीय उपराज्यपाल ने स्वराजद्वीप स्थित सीपोर्ट टर्मिनल का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आधुनिक एवं वातानुकूलित टर्मिनल से पर्यटकों को अधिक सुविधाजनक अनुभव मिलेगा, पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावनाएं बढ़ेंगी। टर्मिनल के आसपास यातायात जाम की समस्या को कम करने के लिए उन्होंने पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, स्वराजद्वीप में नए जेट्टी निर्माण के प्रस्ताव को केंद्र सरकार से शीघ्र स्वीकृति दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे ।

सीपोर्ट टर्मिनल के निरीक्षण के क्रम में द्वीप में पर्यटकों की आवाजाही को अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से माननीय उपराज्यपाल ने माननीय सांसद की उपस्थिति में तीन वातानुकूलित हॉप-ऑन हॉप-ऑफ बसों का शुभारंभ किया। इस सुविधा के अंतर्गत पर्यटक एक ही किराये पर पूरे दिन द्वीप के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे। इससे पर्यटन व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने और पर्यटकों के अनुभव को बेहतर करने में सहायता मिलेगी।


पर्यटन सुविधाओं के साथ-साथ स्थानीय निवासियों की बुनियादी आवश्यकताओं पर ध्यान देते हुए माननीय उपराज्यपाल ने कृष्णा नगर, श्याम नगर एवं विजय नगर क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 2 लाख लीटर क्षमता वाले ओवरहेड जल टैंक की आधारशिला भी रखी। इस परियोजना से संबंधित क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायता मिलने की उम्मीद है।

दौरे के दौरान माननीय उपराज्यपाल ने श्याम नगर स्थित पंचायत सामुदायिक भवन में आयोजित ‘जन संवाद’ कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों से बातचीत की और उनकी समस्याओं एवं मांगों को सुना। इस दौरान विजय नगर में श्मशान घाट की व्यवस्था, एलिफेंट बीच पर जलक्रीड़ा संचालकों से संबंधित समस्याओं तथा कृष्णा नगर में सड़कों की मरम्मत जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। इन समस्याओं पर विचार करते हुए माननीय उपराज्यपाल ने जेट्टी से कालापत्थर तथा राधानगर तक सड़क निर्माण के लिए ₹19 करोड़ की स्वीकृति, 2 मेगावाट विद्युत संयंत्र के संचालन तथा गोविंद नगर मछली बाजार को ₹40 लाख की लागत से उन्नत करने से संबंधित घोषणाएं कीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण किया जाए तथा विकास कार्यों से जुड़े प्रस्तावों पर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


माननीय उपराज्यपाल का स्वराजद्वीप का दो दिवसीय दौरा द्वीप में विकास कार्यों की समीक्षा करने, आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने, पर्यटन को प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय नागरिकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण रहा। दौरे के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन, पर्यटन, जलापूर्ति, सड़क एवं विद्युत सुविधाओं से संबंधित विषयों पर विशेष ध्यान दिया गया। माननीय उपराज्यपाल ने अधिकारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अपने दो दिवसीय स्वराज द्वीप दौरे में राजकीय माध्यमिक विद्यालय, कृष्णा नगर में शैक्षणिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से तीन अतिरिक्त कक्षाओं के निर्माण हेतु शिलान्यास किए। इस पहल से विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

इसके पश्चात अंडमान के एकमात्र 'ब्लू फ्लैग' प्रमाणित राधानगर समुद्र तट का निरीक्षण किया। पर्यटकों के लिए पार्किंग, जन-सुविधाओं और सुरक्षा संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

इस अवसर पर माननीय सांसद श्री विष्णु पद रे, उपायुक्त, दक्षिण अंडमान, सचिव परिवहन, सचिव पर्यटन, सचिव शिक्षा, पुलिस अधीक्षक, दक्षिण अंडमान, निदेशक ग्रामीण विकास, उपमंडल अधिकारी, ग्राम प्रधान श्री अजीत कुमार राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन काला पत्थर बीच पर समुद्र तट पर स्वच्छता अभियान के साथ हुई।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story