नशे से मौत हुई तो नप जाएंगे थानेदार, इस राज्य में डायरेक्ट सस्पेंशन का आदेश

तमिलनाडु के DGP महेश कुमार अग्रवाल ने राज्यभर में ड्रग्स की तस्करी और नशे के सेवन के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Sachin Singh
Published on: 15 Nov 2026 8:25 PM IST
नशे से मौत हुई तो नप जाएंगे थानेदार, इस राज्य में डायरेक्ट सस्पेंशन का आदेश
X

Tamil Nadu: तमिलनाडु में नशे के कारोबार और ड्रग्स के इस्तेमाल पर लगाम लगाने के लिए पुलिस विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) महेश कुमार अग्रवाल ने सभी पुलिस अधिकारियों को ड्रग्स की तस्करी और नशे के सेवन के खिलाफ कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया है।

नए आदेश के मुताबिक, अगर किसी थाना क्षेत्र में ड्रग्स के सेवन से किसी व्यक्ति की मौत होती है तो संबंधित थाने के इंस्पेक्टर को सस्पेंड किया जा सकता है। इतना ही नहीं, अगर किसी केंद्रीय एजेंसी की ओर से किसी पुलिस थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की खेप पकड़ी जाती है, तो उस थाने के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) पर भी निलंबन की कार्रवाई होगी।

ड्रग्स से मौत हुई तो संबंधित इंस्पेक्टर पर कार्रवाई

DGP महेश कुमार अग्रवाल ने यह निर्देश हाल ही में हुई साप्ताहिक कानून-व्यवस्था समीक्षा बैठक के बाद जारी किए हैं। शुक्रवार को जारी सर्कुलर में पुलिस अधिकारियों को साफ संदेश दिया गया है कि नशे के कारोबार और इसके इस्तेमाल को रोकने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आदेश के अनुसार, अगर किसी इलाके में ड्रग्स के सेवन से मौत होती है तो उस क्षेत्र के जिम्मेदार इंस्पेक्टर को निलंबित किया जाएगा। वहीं, अगर केंद्रीय एजेंसी किसी थाने के अधिकार क्षेत्र में नशीले पदार्थ जब्त करती है, तो संबंधित थाने के SHO पर भी सस्पेंशन की कार्रवाई होगी।

लापरवाही करने वाले पुलिस अधिकारियों पर भी गिरेगी गाज

DGP ने केवल इंस्पेक्टर और SHO ही नहीं, बल्कि दूसरे जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों को भी सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि जिन अधिकारियों की ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई संतोषजनक नहीं पाई जाएगी, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही यूनिट अधिकारियों, डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) और इंस्पेक्टरों को अपने-अपने इलाकों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसका मकसद नशे के कारोबार और उससे जुड़ी गतिविधियों को पहले ही रोकना है।

पूरे राज्य में चलेगा विशेष अभियान

पुलिस महानिदेशक ने सभी पुलिस यूनिटों को विशेष अभियान चलाने और सघन तलाशी अभियान तेज करने को कहा है। ये अभियान जोनल और जिला स्तर के साथ-साथ पूरे तमिलनाडु में चलाए जाएंगे। पुलिस अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में ड्रग्स की तस्करी और नशे के इस्तेमाल पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सर्कुलर में यह भी कहा गया है कि सभी यूनिट अधिकारी शनिवार तक आधिकारिक ईमेल के जरिए इस आदेश की प्राप्ति की पुष्टि करें। यानी पुलिस मुख्यालय ने इन निर्देशों को तुरंत लागू करने पर जोर दिया है।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story