TRENDING TAGS :
तमिलनाडु में खौफनाक वारदात! पिता ने दो बच्चों को मौत के घाट उतारा, फिर खुद दी जान
Tamil Nadu News: तमिलनाडु के थूथुकुडी में पिता ने कथित तौर पर दो बच्चों की हत्या के बाद आत्महत्या कर ली। पत्नी के जाने के बाद तनाव में था व्यक्ति, पुलिस जांच जारी।
Tamil Nadu News: तमिलनाडु के थूथुकुडी जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। पुदुकोट्टई इलाके के सावेरियारपुरम में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने दो बच्चों की हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 40 वर्षीय मैरी माइकल के रूप में हुई है। वह पेशे से ट्रक ड्राइवर था। उसके साथ उसकी 14 वर्षीय बेटी मैरी निरोशा और 12 वर्षीय बेटा मैरी केनिस्टन रहते थे। दोनों बच्चे स्कूल में पढ़ाई करते थे। बताया जा रहा है कि करीब छह महीने पहले मैरी माइकल की पत्नी परिवार छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। उसने ट्रक चलाना भी कम कर दिया था और परिवार का खर्च चलाने के लिए कभी-कभी छोटे-मोटे काम करने लगा था।
खाना खिलाने के बाद बच्चों के साथ किया हादसा
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, घटना शुक्रवार रात की है। बताया जा रहा है कि मैरी माइकल बाजार से बच्चों के लिए खाना लेकर आया था। उसने बच्चों को खाना खिलाया और फिर उन्हें सोने के लिए भेज दिया। आशंका जताई जा रही है कि बच्चों के सो जाने के बाद उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, उसने बिजली के तारों का इस्तेमाल कर बच्चों की जान ले ली और बाद में उसी तरीके से अपनी भी जिंदगी खत्म कर ली।
दरवाजा नहीं खुलने पर हुआ खुलासा
घटना का पता शनिवार दोपहर को चला। मैरी माइकल के 75 वर्षीय पिता एंटनी मुथु भी उसी घर में रहते थे। घटना वाली रात वह कमरे के बाहर सो रहे थे।जब काफी समय तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई आवाज नहीं आई, तो बुजुर्ग पिता को शक हुआ। उन्होंने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुदुकोट्टई पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर तीनों के शव मिले। पुलिस ने तुरंत शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए थूथुकुडी सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
पुदुकोट्टई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के पीछे की वजहों और सभी परिस्थितियों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
मानसिक तनाव से जूझ रहे लोगों के लिए जरूरी संदेश
ऐसी घटनाएं यह दिखाती हैं कि गंभीर तनाव और भावनात्मक परेशानियों के समय मदद लेना बेहद जरूरी है। परिवार, दोस्तों या विशेषज्ञों से बातचीत करके मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकलने का रास्ता खोजा जा सकता है। किसी भी परेशानी में अकेले संघर्ष करने के बजाय सहायता लेना जीवन बचाने वाला कदम हो सकता है।


