TRENDING TAGS :
मौत के मुंह में समाया पूरा परिवार! पेड़ से टकराई कार, तमिलनाडु में 8 लोगों की दर्दनाक मौत
तमिलनाडु के त्रिची जिले में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई।
Road Accident: तमिलनाडु के त्रिची जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां मुसिरी के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार 8 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, कार में करीब 10 लोग सवार थे, जो नमक्कल जिले में एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने के बाद थुरैयूर-मुसिरी रोड से लौट रहे थे।
यह हादसा जेम्बुनाथपुरम के पास हुआ। बताया गया है कि अचानक ड्राइवर का कार से नियंत्रण हट गया और गाड़ी सड़क किनारे जाकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मणिक्कम, संगिली, मुरुगन, राजेश और पवदई के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल चार लोगों को मुसिरी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सक्थिवेल, सुब्रमणि और सीतारमन ने दम तोड़ दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही जेम्बुनाथपुरम पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने कार से शवों को बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए मुसिरी सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। सभी मृतक तंजावुर जिले के तिरुकट्टुपल्ली के रहने वाले थे और ईंट भट्ठे पर काम करते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है कि आखिर कार अचानक अनियंत्रित कैसे हुई।
राजस्थान में भी श्रद्धालुओं की गाड़ी ट्रक से टकराई, 9 की मौत
रविवार को ही राजस्थान के कोटा में भी एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। यहां श्रद्धालुओं को लेकर जा रही गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में बच्चों समेत एक ही परिवार के कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। बताया गया है कि सभी लोग सीकर जिले में खाटू श्याम जी के दर्शन करने के बाद महाराष्ट्र लौट रहे थे।
टक्कर के बाद घायलों को इलाज के लिए आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इस तरह रविवार को तमिलनाडु और राजस्थान में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 17 लोगों की जान चली गई।


