Weather Update: तमिलनाडु में बदला मौसम! झमाझम वर्षा ने तोड़ी गर्मी की कमर, 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले 2 दिनों के दौरान राज्य के पांच जिलों- कोयंबटूर, नीलगिरि, थेनी, इरोड और डिंडीगुल में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है।

Priya Singh Bisen
Published on: 20 May 2026 1:21 PM IST (Updated on: 20 May 2026 1:21 PM IST)
Weather Update
X

Weather Update

Weather Update: तमिलनाडु में कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच अब मौसम ने एकाएक करवट ले ली है। राजधानी चेन्नई सहित राज्य के कई जिलों और पुदुचेरी में हुई तेज वर्षा ने लोगों को गर्मी और उमस से बहुत बड़ी राहत दी है। शाम के व्यक्त शुरू हुई वर्षा से तापमान में अच्छी-खासी गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।

IMD का बड़ा अपडेट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले 2 दिनों के दौरान राज्य के पांच जिलों- कोयंबटूर, नीलगिरि, थेनी, इरोड और डिंडीगुल में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक , दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे इलाकों के ऊपर बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण और लक्षद्वीप से दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश तक फैली ट्रफ रेखा के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।

चेन्नई में अचानक बदला मौसम

चेन्नई में पूरे दिन तेज धूप और उमस के बाद शाम होते-होते अचानक मौसम सुहावना हो गया। शहर के कई इलाकों में तेज वर्षा हुई। नुंगमबक्कम, कोडंबाक्कम, वडापलानी, कोयंबेडु और सैदापेट जैसे इलाकों में वर्षा के बाद लोगों ने राहत भरी सांस ली। सड़कों पर चल गाड़ियां और ऑफिस से लौट रहे यात्रियों को हालांकि अचानक हुई बरसात के कारण कुछ समस्याओं का सामना भी करना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक चेन्नई के उपनगरीय क्षेत्रों केलमबक्कम, पडूर और थिरुपोरुर में भी ठीक-ठाक वर्षा दर्ज की गई। वहीं, पड़ोसी तिरुवल्लूर जिले के थिरुपाचुर, पांडुर, कुप्पम्मल चथिरम, सिरुवनूर और पुल्लारंबक्कम जैसे इलाकों में भी हुई वर्षा का अच्छा-खासा प्रभाव नजर आया। वर्षा के कारण चेन्नई-तिरुपति राजमार्ग के कुछ भागों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे यातायात गंभीर रूप से प्रभावित हुआ।

इसके अलावा चेंगलपट्टू जिले के सिंगापेरुमल कोइल, मरईमलाई नगर, थिरुपोरुर और थिरुकाझुकुंद्रम में भी व्यापक वर्षा दर्ज की गई। कृष्णागिरि जिले के कई भागों में भी मौसम ने लोगों को राहत दी। कावेरीपट्टिनम, बरगुर, अल्लापट्टी और कुंदरापल्ली में शाम के व्यक्त हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई।

पुडुचेरी के लॉस्पेट, मुथियालपेट, उझावरकरई, कोरिमेडु, बहौर, उसुदु, मन्नादीपेट और थिरुकनूर जैसे क्षेत्रों में लगभग आधे घंटे तक गरज-चमक के साथ तेज बरसात हुई। इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं भी चलीं।

गर्मी का प्रभाव अब जारी

हालांकि बारिश के बावजूद कुछ क्षेत्रों में गर्मी का प्रभाव अब भी बना हुआ है। तिरुत्तानी में सबसे ज्यादा लगभग 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा चेन्नई मीनाम्बक्कम, नुंगमबक्कम, वेल्लोर, इरोड, मदुरै एयरपोर्ट और तिरुचिरापल्ली में भी लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा।

बता दे, मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों तक पश्चिमी तमिलनाडु के कई भागों में भारी वर्षा की संभावना बनी रहेगी। वहीं चेन्नई में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ गर्म और उमस भरा मौसम जारी रह सकता है। विशेषज्ञों ने लोगों को वर्षा और बिजली गिरने के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

Priya Singh Bisen

Priya Singh Bisen

Content Writer Mail ID - Priyasinghbisen96@gmail.com

Priya Singh Bisen is a Content Writer at Newstrack.com.

Next Story