TRENDING TAGS :
जम्मू-कश्मीर में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़, इलाके में दहशत का माहौल
J&K Terrorists Encounter: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है।
J&K encounter
J&K Terrorists Encounter: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दच्छन इलाके में आज रविवार को सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हो गई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के अनुसार, इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया जा रहा था, इसी दौरान आतंकियों की ओर से फायरिंग शुरू हो गई। इसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाल लिया है। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकियों के छिपे होने की आशंका
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकियों के एक समूह के इलाके में छिपे होने की आशंका जताई जा रही है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है, जिसके बाद पुलिस और सेना के संयुक्त ऑपरेशन में मुठभेड़ जारी है। बताया जा रहा है कि पुलिस और सेना को खुफिया जानकारी मिली थी कि दच्छन और नगसेनी के बीच स्थित खानकू जंगल में आतंकी छिपे हैं, जिसके बाद सेना ने तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में सुरक्षाबलों ने भी गोलियां चलाई। इस मुठभेड़ से इलाके में तनाव का माहौल है और सुरक्षा के लिहाज से आम लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी गई है।
आतंकवाद से जुड़े बड़े नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई
किश्तवाड़ एनकाउंटर से ठीक एक दिन पहले यानी शनिवार को जम्मू-कश्मीर पुलिस की काउंटर-इंटेलिजेंस विंग ने आतंकवाद से जुड़े एक बड़े नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने श्रीनगर, पुलवामा, बडगाम और गंदरबल जिलों से 10 संदिग्धों को हिरासत में लिया। इन सभी पर आरोप है कि ये लोग पाकिस्तान के इशारे पर आतंकी गतिविधियों का संचालन, फंडिंग और समन्वय कर रहे थे। पुलिस को शक है कि यह गिरोह घाटी में आतंकियों की भर्ती और वित्तपोषण से जुड़ी कई घटनाओं में शामिल था। सुरक्षा एजेंसियों की इस सख्त कार्रवाई को आतंकी मॉड्यूल के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।


