टाइगर श्रॉफ नहीं थे गैंग का असली निशाना! शूटर्स ने की थी सलमान के घर की रेकी, फिर क्यों बदला प्लान?

Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ पर हमले के मामले में बड़ा खुलासा! रिपोर्ट के मुताबिक शूटर्स पहले सलमान खान के घर की रेकी कर चुके थे और भारी सुरक्षा देखकर उन्होंने अपना प्लान बदल दिया।

Aditya Kumar Verma
Published on: 21 Oct 2026 8:44 AM IST (Updated on: 21 Oct 2026 8:48 AM IST)
Tiger Shroff Firing Case | Shooters First Recce’d Salman Khan’s Home
X

Tiger Shroff Firing Case

Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) पर हमले के मामले में एक के बाद एक गिरफ्तारियां हो रही हैं और पुलिस की जांच में नए दावे भी सामने आ रहे हैं। अब इस केस को लेकर जो जानकारी सामने आई है, उसने पूरी कहानी को और ज्यादा चर्चा में ला दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शूटर्स का असली निशाना टाइगर श्रॉफ नहीं थे, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री की कोई बड़ी हस्ती थी। हालांकि, वह हस्ती कौन थी, इसे लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

इसी बीच यह भी दावा किया गया है कि मुंबई पहुंचने के बाद शूटर्स ने सलमान खान (Salman Khan) के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट (Galaxy Apartment) की रेकी की थी। घर के बाहर भारी सुरक्षा देखकर शूटर्स ने अपना प्लान बदल दिया और इसके बाद टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया गया।

सलमान के घर की पहले हुई थी रेकी

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ पर हमला करने वाले तीनों आरोपियों ने मुंबई पहुंचने के बाद सलमान खान के घर की रेकी की थी। शूटर्स ने गैलेक्सी अपार्टमेंट के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को देखा। जब उन्हें सलमान खान के घर के बाहर भारी संख्या में पुलिसबल तैनात दिखाई दिया तो उन्होंने अपना प्लान बदल दिया।

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इसके बाद शूटर्स ने टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया। इस दावे के सामने आने के बाद जांच में सलमान खान की सुरक्षा और लॉरेंस बिश्नोई गैंग (Lawrence Bishnoi Gang) से जुड़े पुराने विवाद को भी अहम माना जा रहा है।

टाइगर श्रॉफ पर क्यों हुआ हमला?

टाइगर श्रॉफ पर 18 अक्टूबर को हमला हुआ था। एक्टर की गाड़ी पर 5 राउंड फायरिंग की गई थी। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गैंग को टाइगर श्रॉफ का सलमान खान के साथ काम करना पसंद नहीं था और इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया गया।

हालांकि, सामने आई नई जानकारी के मुताबिक टाइगर श्रॉफ कथित तौर पर शूटर्स का पहला निशाना नहीं थे। दावा है कि पहले किसी दूसरी बड़ी फिल्मी हस्ती को निशाना बनाने की तैयारी थी, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था देखकर प्लान बदल दिया गया।

सलमान और लॉरेंस का पुराना विवाद

सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच विवाद काफी पुराना है। यह मामला साल 1998 में राजस्थान में हुए काले हिरण शिकार मामले (Blackbuck Case) से जुड़ा है। बिश्नोई समाज में काले हिरण को विशेष महत्व दिया जाता है।

लॉरेंस बिश्नोई की तरफ से सलमान खान से सार्वजनिक तौर पर बिश्नोई समाज से माफी मांगने की मांग की जाती रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2018 में जोधपुर कोर्ट में पेशी के दौरान लॉरेंस बिश्नोई ने पहली बार मीडिया के सामने सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी थी।

इसके बाद सलमान खान को लेकर धमकियों का सिलसिला कई मौकों पर सामने आया।

सलीम खान को मिला था धमकी भरा खत

साल 2022 में सलमान खान के पिता सलीम खान (Salim Khan) को मॉर्निंग वॉक के दौरान एक धमकी भरा खत मिला था। इसमें उन्हें पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला जैसा हाल करने की चेतावनी दी गई थी।

इसके बाद साल 2023 में सलमान खान के ऑफिस (Salman Khan Office) में एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया था। यह ईमेल लॉरेंस गैंग से जुड़े गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा की तरफ से भेजे जाने की बात सामने आई थी।

2024 में गैलेक्सी अपार्टमेंट पर चली थीं गोलियां

साल 2024 में सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर भी फायरिंग की घटना हुई थी। दो बाइक सवार हमलावरों ने सलमान खान के घर की दीवारों और बालकनी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं।

इस घटना के बाद सलमान खान की सुरक्षा (Salman Khan Security) काफी बढ़ा दी गई थी। अब टाइगर श्रॉफ हमले की जांच में शूटर्स की तरफ से गैलेक्सी अपार्टमेंट की रेकी किए जाने का दावा सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में है।

अनूप जलोटा ने सलमान को दी माफी की सलाह

टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद भजन गायक अनूप जलोटा (Anup Jalota) ने भी सलमान खान को माफी मांगने की सलाह दी है। उन्होंने सलमान खान से माफी मांगने की बात कही है।

टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले ने फिल्म इंडस्ट्री में भी चिंता बढ़ा दी है। खासकर इसलिए क्योंकि इस मामले में लगातार गिरफ्तारियां हो रही हैं और जांच के दौरान शूटर्स की कथित गतिविधियों को लेकर नई जानकारी सामने आ रही है।

फुटबॉल खेलकर निकले थे टाइगर

टाइगर श्रॉफ पर हमला 18 अक्टूबर यानी रविवार को हुआ था। जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलकर ग्राउंड से निकले थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी पर फायरिंग की गई।

खास बात यह है कि उस वक्त ग्राउंड में कई दूसरे फिल्मी सितारे भी मौजूद थे। बिग बॉस विजेता करणवीर मेहरा (Karanveer Mehra), अपारशक्ति खुराना (Aparshakti Khurana) और अभिषेक बजाज (Abhishek Bajaj) जैसे सितारे भी वहां मौजूद थे।

अब जांच में सामने आ रही गिरफ्तारियों और नए दावों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर टाइगर श्रॉफ कथित तौर पर पहला निशाना नहीं थे, तो आखिर शूटर्स किस बड़ी फिल्मी हस्ती तक पहुंचना चाहते थे। फिलहाल उस हस्ती का नाम सामने नहीं आया है, लेकिन सलमान खान के घर की कथित रेकी और उसके बाद बदले प्लान ने इस पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story