TRENDING TAGS :
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में अब 3 महिलाओं की एंट्री; पुलिस जांच में बड़ा खुलासा
Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ की BMW पर पांच राउंड फायरिंग मामले में नया मोड़। तीन महिलाओं पर शूटरों को हथियार पहुंचाने का आरोप, गैंगस्टर अनिल पंडित की भूमिका और पुलिस जांच के ताजा अपडेट जानें।
Tiger Shroff firing case: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में जांच का दायरा बढ़ गया है। गोलीबारी में शामिल शूटरों तक हथियार पहुंचाने के आरोप में तीन महिलाओं को हिरासत में लिया गया है। इनमें दो बालिग और एक नाबालिग बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की सीआईए यूनिट ने तीनों को सोनीपत से हिरासत में लिया और बाद में मुंबई पुलिस को सौंप दिया। मुंबई पुलिस उन्हें आगे की पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। हालांकि, कुछ रेपोर्ट्स में दावा किया गया है कि मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है, इनमें दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।
BMW पर पांच राउंड फायरिंग, ड्राइवर और ऑटो चालक घायल
टाइगर श्रॉफ से जुड़े इस मामले में उनकी BMW कार पर पांच राउंड गोलियां चलाई गई थीं। घटना में अभिनेता को कोई चोट नहीं आई, जबकि उनके ड्राइवर फिरदौस और एक ऑटो चालक घायल हो गए। वारदात के बाद पुलिस ने हमलावरों की पहचान, उनके नेटवर्क और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की। यह बाइक मुंबई के अंधेरी रेलवे स्टेशन के पास लावारिस हालत में मिली थी। सूत्रों के मुताबिक, गोलीबारी के बाद आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गए थे।
अमेरिका से गिरोह चलाने वाले अनिल पंडित पर शक
इस मामले में गैंगस्टर अनिल पंडित की भूमिका भी जांच के घेरे में है। पुलिस को संदेह है कि हरियाणा के पानीपत जिले का रहने वाला पंडित अमेरिका से अपना नेटवर्क संचालित कर भारत में शूटरों के साथ समन्वय करता है। जांच एजेंसियां उसे हरियाणा और दिल्ली में जबरन वसूली तथा लक्षित गोलीबारी की एक दर्जन से अधिक घटनाओं से जोड़कर उसकी कथित भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में एक पंजाबी गायक के जिम के बाहर हुई गोलीबारी की घटना में भी उसके संभावित संबंधों की जांच की जा रही है। जांचकर्ता सोशल मीडिया पर किए गए उस कथित पोस्ट की भी पड़ताल कर रहे हैं, जिसमें पंडित ने टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले की जिम्मेदारी लेने और फिल्म जगत की हस्तियों को धमकी देने का दावा किया था।
तीन कथित शूटर गिरफ्तार, कई टीमें जांच में जुटीं
फायरिंग मामले में तीन कथित शूटरों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें दो आरोपी हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला बताया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, कोटा पुलिस ने इन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब जांच एजेंसियां गिरफ्तार आरोपियों और हिरासत में ली गई महिलाओं के बीच संभावित संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल भी एनसीआर में सक्रिय शूटरों और उनके संभावित गैंग कनेक्शन की जानकारी जुटा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामले के अलग-अलग पहलुओं की जांच के लिए करीब 10 टीमें लगाई गई हैं।
फिलहाल जांच का फोकस हथियारों की सप्लाई, शूटरों के नेटवर्क, कथित गैंगस्टर की भूमिका और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने पर है। तीनों महिलाओं की हिरासत से जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।


