आलिया भट्ट से वैभव सूर्यवंशी तक, TIME की पहली भारतीय लिस्ट में शामिल हुए ये 100 चेहरे

TIME100 Next India List: TIME ने पहली बार TIME100 Next India लिस्ट जारी की है। इसमें आलिया भट्ट, आर्यन खान, वैभव सूर्यवंशी, हरमनप्रीत कौर और शुभांशु शुक्ला समेत 100 भारतीयों को जगह मिली है।

Newstrack Network
Published on: 19 Nov 2026 2:44 PM IST
TIME100 Next India 2026
X

TIME100 Next India List

TIME100 Next India List: दुनिया की प्रतिष्ठित मैगजीन TIME ने पहली बार भारत के लिए अपनी TIME100 Next India लिस्ट जारी की है। इस सूची में बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट, अभिनेता आर्यन खान और क्रिकेट के युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी समेत 100 उभरती हस्तियों को जगह मिली है। फिल्म, खेल, बिजनेस, साइंस, म्यूजिक और सामाजिक बदलाव जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे इन लोगों को भारत की नई पीढ़ी के प्रभावशाली चेहरों के तौर पर चुना गया है। TIME100 Next का यह पहला इंटरनेशनल एडिशन है, जिसका प्रीमियर पार्टनर रिलायंस है।

खेल, म्यूजिक और बिजनेस जगत के इन चेहरों को भी मिली जगह

TIME की इस सूची में मनोरंजन और क्रिकेट के अलावा कई दूसरे क्षेत्रों की हस्तियां भी शामिल हैं। खेल जगत से भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन और टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा को जगह मिली है। वहीं, म्यूजिक इंडस्ट्री से दिलजीत दोसांझ और अनिरुद्ध रविचंदर इस सूची का हिस्सा बने हैं।

बिजनेस और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र से पीयूष बंसल, अलबिंदर सिंह ढींडसा, तरुण मेहता और राधिका गुप्ता जैसे नाम शामिल किए गए हैं। इसके अलावा साइंस और इनोवेशन के क्षेत्र से अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को भी TIME100 Next India की सूची में जगह मिली है।

तीन ग्लोबल कवर पर दिखे आलिया, पवन चंदाना और आर्यन खान

TIME ने इस खास सूची के लिए तीन ग्लोबल कवर भी जारी किए हैं। पहले कवर पर अभिनेत्री आलिया भट्ट नजर आ रही हैं। दूसरे कवर पर स्पेस टेक कंपनी स्काईरूट के को-फाउंडर पवन कुमार चंदाना को जगह दी गई है। वहीं, तीसरे ग्रुप कवर पर फिल्ममेकर आर्यन खान, पायल कपाड़िया और थेजा रियो दिखाई दे रहे हैं।

इस सूची की एक खास बात यह भी है कि इसमें शामिल कई हस्तियों के बारे में दूसरी बड़ी शख्सियतों ने लिखा है। फिल्ममेकर एस.एस. राजामौली ने आलिया भट्ट के बारे में, विशाल भारद्वाज ने आर्यन खान के बारे में और अभिनेता आयुष्मान खुराना ने युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के बारे में लिखा है।

TIME के शीर्ष अधिकारियों ने क्या कहा?

TIME की सीईओ जेसिका सिबली के मुताबिक, भारत में नई पीढ़ी के ऐसे लीडर्स उभर रहे हैं, जिनके विचार और काम का प्रभाव देश की सीमाओं से बाहर भी दिखाई दे रहा है। वहीं, TIME के एडिटर-इन-चीफ सैम जैकब्स का मानना है कि भारत की यह पीढ़ी केवल अपने देश ही नहीं, बल्कि दुनिया का भविष्य गढ़ने में भी अहम भूमिका निभाएगी।

इस सूची में शामिल 100 लोगों का चयन भारत और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में काम कर रहे TIME के पत्रकारों ने किया है। इसके जरिए उन लोगों को सामने लाया गया है, जो अपने काम और विचारों से अपने-अपने क्षेत्रों में बदलाव ला रहे हैं।

12 दिसंबर को मुंबई में होगा TIME100 Next India गाला

TIME100 Next India के आयोजन के तहत 12 दिसंबर को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में गाला आयोजित किया जाएगा। TIME इस कार्यक्रम की मेजबानी रिलायंस के साथ साझेदारी में करेगा। इसमें कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।

वहीं, TIME100 Next India का विशेष अंक 7 दिसंबर को दुनियाभर के न्यूज़स्टैंड्स पर उपलब्ध होगा। पहली बार भारत-केंद्रित इस सूची के जरिए TIME ने देश की उन 100 उभरती प्रतिभाओं को वैश्विक मंच पर पहचान दी है, जो आने वाले समय में अपने क्षेत्रों में अहम भूमिका निभा सकती हैं।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story