TRENDING TAGS :
बांदीपुरा में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर मारा गया, पहलगाम हमले के बाद बड़ी कामयाबी
Bandipora Encounter: बांदीपुरा में सुरक्षबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर ढेर हो गया।
लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर ढेर
Bandipora Encounter: पहलगाम आतंकी हमले के बाद सुरक्षाबलों को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के बांदीपुरा में आतंकियों और सुरक्षबलों की मुठभेड़ हुई। इसमें जवानों ने लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का टॉप कमांडर अल्ताफ लाली को मार गिराया। हालांकि, इस मुठभेड़ में 2 जवान भी घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी है।
खुफिया जानकारी मिलने के बाद शुरू हुआ तलाशी अभियान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार की सुबह आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर अलर्ट मोड पर आ गई। उन्होंने बांदीपुरा इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। इसके बाद आतंकियों से संपर्क मिलने के बाद सुरक्षाकर्मियों ने आतंकवादियों का पीछा किया और इस बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। इसमें लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर अल्ताफ लाली ढेर हो गया। सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच शुरुआती मुठभेड़ में एक आतंकवादी गोली लगने से घायल भी हो गया। हालांकि, मुठभेड़ में 2 जवान भी घायल हुए, जो वरिष्ठ अधिकारी की निजी सुरक्षा टीम का हिस्सा बताए जा रहे हैं। फिलहाल दोनों जवान अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है।
श्रीनगर पहुंचे सेना प्रमुख
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी भी श्रीनगर पहुंच चुके हैं, जहां उन्हें जम्मू-कश्मीर के बांदीपुरा में चल रहे सर्च ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी गई। यहां वह पहलगाम आतंकी हमले के पीछे लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों का पता लगाने के उद्देश्य से चलाए गए अभियान का आकलन करेंगे।
पहलगाम हमले में शामिल 2 लोकल आतंकियों के घर हुए तबाह
22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले सुरक्षाबल लगातार अभियान चला रही है। इस आतंकी हमले में शामिल 2 लोकल आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। स्थानीय आतंकी आदिल हुसैन थोकर नामक आतंकी का घर अनंतनाग जिले के बिजबेहरा के गोरी इलाके में है, जिसे सुरक्षाबलों ने बम से उड़ा दिया। वहीं दूसरे स्थानीय आतंकी आसिफ शेख का घर त्राल इलाके में है, जिसे जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने बुलडोजर से गिरा दिया।


