Andaman Nicobar News: जनजातीय समुदाय के कौशल और विरासत को मिलेगा बढ़ावा : डा. दिनेश शर्मा

Andaman Nicobar News: जनजातीय मरीजों को विशेष परिस्थितियों में मिलेगी निःशुल्क हेलीकॉप्टर सुविधा, मरीज के साथ एक परिचारक भी कर सकेगा मुफ्त यात्रा, सरकार उठाएगी पूरा खर्च।

Newstrack Network
Published on: 15 Nov 2026 10:53 PM IST
The skills and heritage of the tribal community will be enhanced. Dinesh Sharma
X

जनजातीय समुदाय के कौशल और विरासत को मिलेगा बढ़ावा- डा. दिनेश शर्मा (Photo- Newstrack)

Andaman Nicobar News: जनजातीय समुदाय के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के साथ उनकी पारंपरिक विरासत और स्थानीय कौशल को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रयास तेज करेगी। जनजातीय समुदाय को देश के विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ उनके अधिकारों का संरक्षण भी प्राथमिकता पर रहेगा। यह बात अंडमान तथा निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल डा. दिनेश शर्मा ने 15 नवंबर 2026 को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कही। उन्होंने विशेष परिस्थिति में जनजातीय मरीजों और उनके साथ एक परिचारक को निःशुल्क हेलीकॉप्टर सुविधा देने की घोषणा भी की।



भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर हुआ भव्य आयोजन

डॉ. भीमराव अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, पहाड़गांव, श्री विजयपुरम के ऑडिटोरियम में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में अंडमान तथा निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल डा. दिनेश शर्मा वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा को पुष्प अर्पित करने और दीप प्रज्वलित करने के साथ हुई। इस दौरान उपराज्यपाल ने जनजातीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में जनजातीय समुदाय की समृद्ध कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और जीवनशैली की झलक देखने को मिली।



जनजातीय समुदाय की विरासत और कौशल को मिलेगा प्रोत्साहन

उपराज्यपाल डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि जनजातीय समुदाय के उत्थान के लिए उनके स्थानीय कौशल और पारंपरिक विरासत को प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्हें देश के विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास भी तेज किए जाएंगे। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान में जनजातीय समुदाय की उत्साहपूर्ण भागीदारी का जिक्र करते हुए कहा कि यह राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है।

भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने देश की आजादी के लिए अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया था। महज 15 वर्ष की आयु में उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ युद्ध छेड़ दिया था। वह सही मायने में जननायक थे। उन्होंने बताया कि जनजातीय समुदाय के लोगों के लिए जनजाति जनधन केंद्र को मंजूरी दी गई है। सरकार उनकी दूसरी मांगों पर भी विचार कर रही है।




जनजातीय मरीजों को मिलेगी निःशुल्क हेलीकॉप्टर सुविधा

उपराज्यपाल ने निकोबार के जनजातीय समुदाय के लोगों के लिए विशेष स्वास्थ्य सुविधा की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विशेष परिस्थितियों में उपचार के लिए जनजातीय मरीजों को हेलीकॉप्टर की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस सुविधा में मरीज के साथ एक परिचारक भी निःशुल्क यात्रा कर सकेगा। दोनों के आवागमन का खर्च सरकार उठाएगी। इससे दूरदराज के इलाकों में रहने वाले जनजातीय परिवारों को इलाज के लिए आने-जाने में राहत मिलेगी और जरूरत के समय बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

प्रकृति के सबसे बड़े संरक्षक हैं जनजातीय समुदाय के लोग

डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि सरकार मानती है कि जनजातीय समुदाय प्रकृति का सबसे बड़ा संरक्षक और पालक है। उनका जीवन जल, जंगल और जानवरों के बीच संतुलन स्थापित करता है। प्रकृति और उनके जीवन के बीच अनूठा तालमेल है। सरकार उनके अधिकारों का हनन नहीं होने देगी। सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के साथ देश के विकास में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समूहों के सामाजिक और आर्थिक कल्याण को लेकर सरकार संवेदनशील है। उनके अधिकारों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है। जनजातीय समुदाय भी अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए गंभीर है। प्रधानमंत्री की ओर से इस समुदाय के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। पीएम जनमन जैसी योजनाओं के माध्यम से उनकी मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

सरकारी सेवाओं में भी बढ़ रही जनजातीय समुदाय की भागीदारी


उपराज्यपाल ने कहा कि जनजातीय समुदाय के लोग अब सरकारी सेवाओं में भी नौकरी प्राप्त कर रहे हैं। आने वाले समय में सरकारी सेवाओं में उनकी भागीदारी और बढ़ेगी। उनके बच्चों की शिक्षा के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अभी भी इस समुदाय के बच्चों की शैक्षिक उपलब्धियां शानदार हैं।

उन्होंने निकोबारी उत्पादों का जिक्र करते हुए बताया कि चटाई जैसे पारंपरिक उत्पादों को जीआई टैग मिलने लगा है। जनजातीय समुदाय की पारंपरिक नौका भी आकर्षण का केंद्र रही है। यह उनकी जीवनशैली और ऐतिहासिक पहलुओं को सामने लाती है।



बच्चों और लाभार्थियों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान जनजातीय बच्चों और समुदाय के सदस्यों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जनजातीय समुदाय के लाभार्थियों को आयुष्मान भारत कार्ड वितरित किए गए। इन कार्डों के माध्यम से लाभार्थी पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार प्राप्त कर सकेंगे। इस मौके पर जनजातीय समुदायों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। लोक नृत्य, संगीत और पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उनकी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की जीवंत झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। वहीं सांसद बिष्णु पदा रे, मुख्य सचिव ज्ञानेश भारती, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्यजन भी उपस्थित रहे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story