TRENDING TAGS :
'सितारों से होती है रौशनी, अंधेरा नहीं', अखिर बॉलीवुड पर क्यों भड़के Tukaram Mundhe
महाराष्ट्र के फूड सेफ्टी चीफ तुकाराम मुंडे ने खाद्य उत्पादों का प्रचार करने वाली सेलिब्रिटीज को सख्त मैसेज दिया है।
Tukaram Mundhe: महाराष्ट्र के फूड सेफ्टी चीफ तुकाराम मुंडे ने खाने-पीने के प्रोडक्ट्स का विज्ञापन करने वाली फिल्मी हस्तियों को लेकर एक सख्त मैसेज दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि किसी की लोकप्रियता उसे कानून से छूट नहीं देती।
तुकाराम मुंडे का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उनके विभाग ने कुछ हफ्ते पहले अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को विमल इलायची के विज्ञापन को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
'सेलिब्रिटीज को कानून और अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए'
तुकाराम मुंडे ने अपनी पोस्ट में कहा कि कलाकारों को कानून का सम्मान करना चाहिए और प्रोडक्ट्स, व्यवहार और आदतों का प्रचार करने से जुड़ी अपनी जिम्मेदारी को समझना चाहिए, क्योंकि इन चीजों का असर लोगों की पसंद और फैसलों पर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि जब सेलिब्रिटीज किसी खाद्य उत्पाद का प्रचार करते हैं तो जनस्वास्थ्य को बाद में नहीं रखा जा सकता। मुंडे ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र में पहले भी ऐसे एंडोर्समेंट को लेकर कलाकारों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं, जिनसे व्यापक जनहित को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।
उन्होंने अपनी पोस्ट के अंत में लिखा, 'कोई भी कानून से ऊपर नहीं है और किसी व्यावसायिक हित को जनस्वास्थ्य से ज्यादा प्राथमिकता नहीं दी जा सकती।'
विमल इलायची विज्ञापन से शुरू हुआ विवाद
तुकाराम मुंडे की यह टिप्पणी 11 अगस्त को जारी किए गए नोटिस के बाद आई है। शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को विमल इलायची के विज्ञापन को लेकर नोटिस जारी किया गया था।
विभाग की ओर से आरोप लगाया गया कि यह विज्ञापन राज्य में प्रतिबंधित विमल पान मसाला के लिए सरोगेट विज्ञापन के तौर पर देखा जा सकता है।
तीनों अभिनेताओं को जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया गया था। साथ ही उन्हें इस विज्ञापन में दिखाई देना बंद करने के लिए कहा गया था।


