अभिजीत दिपके से मिलने पहुंचे बापू के परपोते, सरकार पर तीखा हमला, Gen-Z को लेकर दिया बड़ा बयान

Tushar Gandhi Meets Abhijeet Dipke: महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी ने CJP संस्थापक अभिजीत दिपके से मुलाकात कर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने Gen-Z के सत्याग्रह और अहिंसा से जुड़ाव की बात कही और जंतर-मंतर आंदोलन का जिक्र किया।

Harsh Srivastava
Published on: 20 Aug 2026 9:37 AM IST
अभिजीत दिपके से मिलने पहुंचे बापू के परपोते, सरकार पर तीखा हमला, Gen-Z को लेकर दिया बड़ा बयान
X

Tushar Gandhi Meets Abhijeet Dipke: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में उस वक्त राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जब राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के परपोते और प्रखर विचारक तुषार गांधी अचानक कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के युवा संस्थापक अभिजीत दिपके के घर पहुंचे। इस खास मुलाकात ने पूरे देश में चर्चा का माहौल बना दिया है। बापू के परपोते ने खुले शब्दों में कहा कि आज की नई पीढ़ी यानी 'जेनरेशन जेड' (Gen Z) ने गांधी जी के सिद्धातों और सत्याग्रह को बहुत गहराई से अपने जीवन में उतारा है।

प्रतिमाओं में कैद बापू, विचारों से दूर!

तुषार गांधी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अब तक हमारे देश में बापू को सिर्फ इमारतों, विज्ञापनों और फोटो तक सीमित करके रख दिया गया था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 'स्वच्छ भारत अभियान' में गांधी जी का चश्मा तो हर जगह छाप दिया गया, मगर लोगों के दिलों की अंदरूनी सफाई को नजरअंदाज कर दिया गया। दिल्ली के प्रसिद्ध जंतर-मंतर पर हाल ही में हुए ऐतिहासिक छात्र आंदोलन की मिसाल देते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं ने बापू के फोटो की जगह उनके अहिंसक सत्याग्रह के रास्ते को चुनकर इतिहास रच दिया है।

सरकार पर बोला तीखा हमला

इस बातचीत के दौरान तुषार गांधी ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के उस बयान की कड़ी निंदा की, जिसमें उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर किसी भी तरह के बल प्रयोग से साफ इनकार किया था। तुषार गांधी ने आरोप लगाया कि सरकारी कुर्सी पर बैठकर ऐसे झूठे दावे किए जा रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि 20 जुलाई को 'चलो संसद' अभियान के समय दिल्ली पुलिस ने नौजवानों पर बर्बरता से लाठियां बरसाई थीं। इसके बावजूद प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने जिस शांति और संयम का परिचय दिया, वह काबिले तारीफ है।

अब बच्चे भी मांग रहे अपना हक

तुषार गांधी ने कहा कि जंतर-मंतर के सफल प्रदर्शन की गूंज इतनी ज्यादा गहरी है कि अब 'जेनरेशन अल्फा' (Gen Alpha) यानी बहुत छोटे बच्चे भी अपने हक के लिए सरकारों से सवाल जवाब करने लगे हैं। उन्होंने बेहद भावुक अंदाज में कहा कि अपने जीवन काल में युवाओं को अन्याय के खिलाफ यूं उठ खड़े होते देखना उनके लिए सबसे बड़े सुकून और खुशी का पल है। बापू के बताए रास्ते पर चलते हुए आज का भारत का युवा पूरी दुनिया के सामने एक नई मिसाल पेश कर रहा है।

विरोधियों को अभिजीत दिपके का करारा जवाब

तुषार गांधी के समर्थन से गदगद बोस्टन यूनिवर्सिटी से पढ़े CJP प्रमुख अभिजीत दिपके ने आलोचकों की बोलती बंद कर दी। उन्होंने उन सभी लोगों पर कड़ा हमला किया जो आंदोलन में शामिल युवाओं को उपद्रवी या देशद्रोही बता रहे थे। दिपके ने सीना ठोक कर कहा कि महात्मा गांधी के अपने परिवार का हमारे साथ खड़े होना ही इस बात का सबसे बड़ा सबूत है कि हमारी लड़ाई पूरी तरह से शांतिपूर्ण और देशभक्ति से लबरेज है। जब भारत की धरती के पास बापू जैसे विचार की ताकत मौजूद है, तो हमारे युवाओं को किसी दूसरे देश से प्रेरणा लेने की बिल्कुल जरूरत नहीं है।

Harsh Srivastava
ABOUT THE AUTHOR

Harsh Srivastava

Content Writer Mail ID - harshsri764@gmail.comharshsri764@gmail.com

हर्ष श्रीवास्तव वाराणसी के रहने वाले पत्रकार और डिजिटल कंटेंट प्रोफेशनल हैं। वर्तमान में वे लखनऊ स्थित न्यूज़ट्रैक में डेस्क इंचार्ज के पद पर कार्यरत हैं। यहां वे कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल कोऑर्डिनेशन, न्यूज़रूम संचालन के साथ-साथ रिसर्च आधारित एक्सप्लेनर, न्यूज़ फीचर और विश्लेषणात्मक लेख तैयार करते हैं। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है। उन्होंने वर्ष 2023 में पत्रकारिता की शुरुआत की और हिन्दुस्तान, टाइम्स इंटरनेट, इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। वाराणसी, दिल्ली और लखनऊ में काम करने के दौरान उन्हें रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग और डिजिटल पत्रकारिता का अनुभव प्राप्त हुआ। हर्ष की विशेष रुचि राजनीति, चुनाव, अपराध, सार्वजनिक नीति, सुशासन और समसामयिक विषयों पर शोध-आधारित पत्रकारिता में है। वे गहन रिसर्च, फैक्ट-चेकिंग और सरल भाषा के माध्यम से जटिल विषयों को पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावी ढंग से पहुंचाने का प्रयास करते हैं।

Next Story