TRENDING TAGS :
Twisha Sharma Case: सीबीआई जांच से न्याय की उम्मीद, ट्विशा शर्मा के परिवार ने जताया भरोसा
Twisha Sharma Case: भोपाल के ट्विशा शर्मा मौत मामले में चचेरे भाई ने आरोपी पति समर्थ सिंह के व्यवहार पर सवाल उठाए। परिवार ने सीबीआई जांच पर भरोसा जताते हुए सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका व्यक्त की।
Twisha Sharma Case (Image Credit-Social Media)
Twisha Sharma Case: भोपाल में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में उसके चचेरे भाई ने शनिवार को दावा किया कि आरोपी पति समर्थ सिंह के चेहरे पर अदालत में सुनवाई के दौरान कोई शिकन नहीं थी। 11 दिन बाद दूसरे पोस्टमार्टम की अनुमति मिलने पर उन्होंने ये भी कहा, “मुझे लगता है कि कई सबूतों के साथ छेड़छाड़ हो चुकी होगी।
आईएएनएस से बातचीत में ट्विशा के चचेरे भाई आशीष शर्मा ने कहा, “आमतौर पर जब किसी की मौत होती है तो न केवल परिवार बल्कि पड़ोस में भी शोक का माहौल होता है। यहां समर्थ का व्यवहार साफ दिखाता है कि उनका ट्विशा से कोई भावनात्मक जुड़ाव नहीं था। मैंने कोर्ट परिसर में भी लोगों को इस बारे में चर्चा करते सुना।”
मध्य प्रदेश सरकार द्वारा मामले की सीबीआई जांच की घोषणा किए जाने के एक दिन बाद आशीष शर्मा ने कहा, “अब भी आरोपी का परिवार अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर रहा है। मुझे विश्वास है कि सीबीआई निष्पक्ष जांच कर असली दोषियों को सामने लाएगी।”
उन्होंने कहा कि यह मामला एक उदाहरण बनना चाहिए कि न्याय के खिलाफ शक्ति का दुरुपयोग गंभीर परिणाम लाता है।
आशीष शर्मा ने स्पष्ट किया कि समर्थ सिंह की गिरफ्तारी ही परिवार का अंतिम उद्देश्य नहीं है। उन्होंने कहा, “इससे हमें उम्मीद की किरण जरूर मिली है। कल से मध्य प्रदेश हाईकोर्ट पूरी तरह निष्पक्ष रहा है और कानून के मुताबिक कार्रवाई कर रहा है। इससे हमारा न्याय व्यवस्था पर भरोसा फिर से मजबूत हुआ है।”
उन्होंने कहा, “जब सीबीआई दोषियों और हमें परेशान करने वालों को गिरफ्तार करेगी, तभी इसे सही मायनों में न्याय माना जाएगा।”
ट्विशा शर्मा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने कहा, “मैं तभी संतुष्ट होऊंगा, जब हमें अंतिम न्याय मिलेगा।”
उन्होंने आईएएनएस से कहा, “समर्थ सिंह की सात दिन की रिमांड के दौरान सीबीआई को हस्तक्षेप कर जांच अपने हाथ में लेनी चाहिए।”
पीड़िता के जीजा सौरभ शर्मा ने कहा कि परिवार को सीबीआई पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा, “हमें सीबीआई पर विश्वास रखना होगा। पहले दिन से ही कई चीजें हो रही थीं। उनकी (समर्थ सिंह के परिवार की) तरफ से काफी प्रभाव डाला जा रहा था।”
उन्होंने कहा कि चूंकि पति फरार चल रहा था, इसलिए उससे पूछताछ नहीं हो पा रही थी। सौरभ शर्मा ने कहा, “अब हमें उम्मीद है कि पुलिस समर्थ सिंह से पूछताछ करेगी और सच्चाई सामने लाएगी।”
समर्थ सिंह को सात दिन की रिमांड पर भेजे जाने को उन्होंने “सकारात्मक संकेत” बताते हुए कहा कि अब चीजें सही दिशा में बढ़ती दिख रही हैं।
उन्होंने कहा, “हम ट्विशा शर्मा को वापस नहीं ला सकते, लेकिन कम से कम उसके लिए आवाज उठा सकते हैं और उसे न्याय दिला सकते हैं।”
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी


