TRENDING TAGS :
शराब, दरिंदगी व दहशत के 10 दिन! इवेंट के बहाने मुंबई की युवती को बनाया हवस का शिकार, बयां की दास्तां
Udaipur Gangrape: आरोपी करण सिंह ने अच्छी कमाई का झांसा देकर युवती को बुलाया था राजस्थान। 10 दिनों तक बंधक बनाकर तीन दोस्तों ने किया सामूहिक दुष्कर्म। फार्महाउस पर शराब पार्टी में आरोपियों ने युवती को जबरन शराब पिलाई।
Udaipur Gangrape: राजस्थान के झीलों की नगरी कहे जाने वाले उदयपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां मुंबई की एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) का मामला दर्ज किया गया है। आरोप अनुसार युवती को इवेंट मैनेजमेंट के काम के बहाने उदयपुर बुलाया गय, फिर एक सुनसान फार्महाउस पर बंधक बनाकर उसके साथ दरिंदगी की गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है, अन्य की तलाश जारी है।
इवेंट के बहाने रची साजिश
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता मुंबई की रहने वाली है। उसे उदयपुर निवासी करण सिंह नामक युवक ने संपर्क किया था। करण ने युवती को झांसा दिया कि उदयपुर में एक बड़ा इवेंट होना है, जिसमें काम करने के बदले उसे बहुत अच्छे पैसे मिलेंगे। वह काम की तलाश और अच्छे भुगतान के लालच में मुंबई से उदयपुर पहुंच गई। लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि यहां उसके खिलाफ एक भयानक साजिश रची जा चुकी है। पीड़िता ने सुखेर थाने में दर्ज कराई अपनी शिकायत में बताया कि उदयपुर पहुंचने के बाद आरोपी करण सिंह उसे सुखेर थाना क्षेत्र के एकांत फार्महाउस पर ले गया।
10 दिनों तक बनाया बंधक
वहां उसे करीब 10 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान मुख्य आरोपी करण, उसके दोस्त हितेश और भूरा ने फार्महाउस पर शराब पार्टी की और आरोपियों ने युवती को जबरन शराब पिलाई और विरोध करने पर डराया-धमकाया। नशे की हालत में तीनों आरोपियों ने युवती के साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुखेर थाना पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फरार आरोपियों की तलाश
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी करण सिंह, जो हिरणमगरी क्षेत्र का निवासी है, उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, मामले में संलिप्त अन्य दो आरोपी हितेश और भूरा फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उदयपुर पुलिस का कहना है कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है, फार्महाउस से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में जल्द ही कुछ और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं। इस घटना ने एक बार फिर राजस्थान में महिलाओं की सुरक्षा और बाहरी राज्यों से आने वाली युवतियों को निशाना बनाने वाले गिरोहों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


