TRENDING TAGS :
UGC-NET 2026 के 3 विषयों की परीक्षा रद्द, NTA ने जारी किया नया शेड्यूल, जानिए अब कब होंगी परीक्षाएं
UGC NET Exam Cancelled 2026: UGC-NET जून 2026 के अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र विषयों की परीक्षा रद्द कर दी गई है। NTA ने विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट के बाद री-एग्जाम का शेड्यूल जारी किया है।
UGC NET Exam Cancelled 2026: यूजीसी नेट (UGC-NET) जून 2026 की परीक्षा देने वाले लाखों अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने एक बड़ा कदम उठाते हुए 3 प्रमुख विषयों- अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र की परीक्षा को रद्द करके दोबारा आयोजित करने का फैसला किया है। प्रश्नपत्रों में सामने आई गंभीर गलतियों के बाद विशेषज्ञ समिति की सिफारिश पर यह फैसला लिया गया है। राहत की बात यह है कि इस री-एग्जाम के लिए छात्रों से कोई भी अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी।
विद्वानों के नाम गलत और टाइपिंग की भारी भूलें
आपको बता दें कि NTA ने 22 से 30 जून 2026 के बीच कुल 87 विषयों के लिए देश भर में परीक्षा आयोजित की थी। परीक्षा खत्म होते ही अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के प्रश्नपत्रों को लेकर छात्रों ने जमकर शिकायतें दर्ज कराईं। मामले की गहराई से जांच के लिए जब एक्सपर्ट कमेटी बनाई गई, तो चौंकाने वाली बातें सामने आईं। प्रश्नपत्रों में तथ्यों की भारी भूल, अनुवाद की गलतियां और व्याकरण से जुड़ी बड़ी खामियां थीं। इतना ही नहीं, प्रसिद्ध विचारकों व विद्वानों के नाम तक गलत छापे गए थे और कई पुराने प्रश्नों को हूबहू दोहरा दिया गया था।
'चैलेंज' से बात नहीं बनी, तो NTA को लेना पड़ा कड़ा फैसला
जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में साफ कर दिया कि प्रश्नों में जिस स्तर की गलतियां थीं, उन्हें केवल उत्तर कुंजी (Answer Key) को चुनौती देने की सामान्य प्रक्रिया से ठीक नहीं किया जा सकता था। परीक्षार्थियों के भविष्य और निष्पक्षता को ध्यान में रखते हुए दोबारा परीक्षा कराना ही एकमात्र सही रास्ता बचा था। इसी के बाद एजेंसी ने तीनों विषयों की नई तिथियां घोषित कर दी हैं।
नोट कर लीजिए नई तारीखें
NTA द्वारा जारी आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार री-एग्जाम की समय-सारणी इस प्रकार है:
अंग्रेजी: 9 सितंबर 2026 (सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक - पहली पाली)
कॉमर्स: 9 सितंबर 2026 (दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक - दूसरी पाली)
समाजशास्त्र: 10 सितंबर 2026 (सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक - पहली पाली)
परीक्षा केंद्र और एडमिट कार्ड से जुड़ी सभी ताजा जानकारियां जल्द ही एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी जाएंगी।
बाकी 84 विषयों के नतीजों पर नहीं पड़ेगा कोई असर
NTA ने परीक्षार्थियों को भरोसा दिया है कि शेष 84 विषयों के परिणाम निर्धारित समय पर ही घोषित किए जाएंगे। इस री-टेस्ट के कारण जेआरएफ (JRF), असिस्टेंट प्रोफेसर पात्रता और पीएचडी दाखिले की पूरी प्रक्रिया में कोई रुकावट नहीं आएगी। इसके अलावा, असिस्टेंट प्रोफेसर की अर्हता के लिए जून की मूल परीक्षा या री-टेस्ट में शामिल परीक्षार्थियों की संख्या का 6 प्रतिशत का मापदंड बरकरार रहेगा, जिससे किसी भी छात्र का नुकसान न हो।


