TRENDING TAGS :
'खड़े हनुमान' के आगे नतमस्तक हुआ प्रशासन! चार दिन की मशक्कत बेनतीजा...अब पुलिस ने जोड़े हाथ
Police Performs Aarti at Ujjain Khade Hanuman: उज्जैन में 'खड़े हनुमान' की प्राचीन प्रतिमा को हटाने की प्रशासन की चार दिन की कोशिश बेनतीजा रही। क्रेन और तकनीकी प्रयासों के बाद अब पुलिस ने मंदिर पहुंचकर हाथ जोड़कर आरती की। 1000 साल पुरानी प्रतिमा को लेकर भक्तों का विरोध भी तेज है।
Police Performs Aarti at Ujjain Khade Hanuman: धर्मनगरी उज्जैन में 'खड़े हनुमान जी' की अलौकिक और दिव्य प्रतिमा को विस्थापित करने की प्रशासनिक योजना के आगे खुद सरकारी अमला असहाय नजर आ रहा है। पिछले चार दिनों से नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत इस प्रतिमा को स्थानांतरित करने में झोंक दी, लेकिन प्रभु हनुमान की यह प्रतिमा अपनी जगह से टस से मस नहीं हुई। जब आधुनिक क्रेन और प्रशासनिक सख्ती का कोई असर नहीं हुआ, तो मंगलवार को मध्य प्रदेश पुलिस के अधिकारी और जवान ढोल-ताशों और बैंड-बाजे के साथ मंदिर प्रांगण में पहुंचे और हाथ जोड़कर भगवान को प्रसन्न करने के लिए संगीतमय आरती गाने लगे।
1000 वर्ष प्राचीन धरोहर
स्थानीय इतिहासकारों और जानकारों का दावा है कि 'खड़े हनुमान जी' की यह प्रतिमा परमार कालीन है और लगभग एक हजार वर्ष से अधिक पुरानी है। इतने पुराने और पुरातात्विक महत्व के विग्रह को बिना किसी बड़ी क्षति के दूसरी जगह स्थापित करना तकनीकी रूप से बेहद जटिल चुनौती माना जा रहा है। इसके साथ ही धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यदि इस प्रतिमा को यहां से हटाया जाता है, तो उनका मुख दक्षिण दिशा से बदलकर उत्तर दिशा की ओर हो जाएगा। इस दिशा परिवर्तन को लेकर भी साधु-संतों और ज्योतिषियों ने भारी आपत्ति जताई है, जबकि अखाड़ा परिषद भी अब खुलकर इस पावन मंदिर के बचाव में उतर आई है।
महाआरती में उमड़ा आस्था का सैलाब
मंगलवार देर शाम जब मंदिर प्रांगण में भव्य महाआरती शुरू हुई तो हजारों श्रद्धालुओं का हुजूम सड़कों तक आ पहुंचा। भक्तों का स्पष्ट कहना है कि वे किसी भी कीमत पर प्रतिमा को यहां से हिलने नहीं देंगे। भगवान के दर्शन के लिए पहुंचे लोगों की संख्या इतनी जयादा थी की लाइन मंदिर के बाहर तक पहुंच गई और फिर सभी ने मिलकर साथ में महाआरती की।
अब आगे क्या होगा कदम?
भारी विरोध और जनता के भारी दबाव को देखते हुए मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने दोबारा जमीन की गहराई और प्रतिमा की नींव का विशेषज्ञ इंजीनियरों से तकनीकी परीक्षण कराया। नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि अगले एक-दो दिनों के भीतर फॉरेंसिक और स्ट्रक्चरल रिपोर्ट आने की संभावना है। इस वैज्ञानिक रिपोर्ट के मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई का स्वरूप तय किया जाएगा। फिलहाल, भक्तों की भारी लामबंदी और प्रशासनिक हिचकिचाहट के बीच महाकाल की नगरी में 'खड़े हनुमान' का यह धाम जन-आस्था का सबसे बड़ा केंद्र बना हुआ है।


