TRENDING TAGS :
पुंछ पहुंचे केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा, हमले में मारे गए निर्दोषों के परिजनों को नौकरी और मुआवजा मिलेगा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुंछ में पाकिस्तान के हमलों से प्रभावित लोगों से मुलाकात कर सुरक्षा समीक्षा की। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत की कड़ी कार्रवाई और जम्मू-कश्मीर के सतत विकास का आश्वासन दिया।
Amit Shah
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं। यहां वे सुरक्षा स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। पुंछ में उन्होंने गोलाबारी से प्रभावित लोगों से मुलाकात की। अमित शाह ने कहा कि पाकिस्तान ने निर्दोष लोगों और धार्मिक स्थलों पर हमला किया। इन हमलों में कई नागरिक घायल और मारे गए। उन्होंने कहा कि मुआवजा या सरकारी नौकरी से इन नुकसान की भरपाई नहीं हो सकती, लेकिन जम्मू-कश्मीर सरकार, भारत सरकार और देश की जनता आपके साथ है। आपके परिवार को जो भी नुकसान हुआ है, पूरा देश आपके साथ खड़ा है।
पुंछ के लोगों और अधिकारियों ने देशभक्ति का जो जज्बा दिखाया
अमित शाह ने आगे बताया कि पुंछ के लोगों और अधिकारियों ने देशभक्ति का जो जज्बा दिखाया, उससे न केवल जम्मू-कश्मीर बल्कि पूरे देश को ताकत मिली है। उन्होंने कहा कि पहलगाम में आतंकवादियों ने निर्दोष लोगों पर हमला किया था। प्रधानमंत्री मोदी की नीति के अनुसार, हर आतंकवादी हमले का जवाब तुरंत और कड़ी कार्रवाई से दिया जाता है। इसी नीति के तहत 7 तारीख की रात को भारत की सेना ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादियों के ठिकानों को तबाह कर दिया। पहली बार भारत ने सीमा के अंदर आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया और सैकड़ों आतंकवादी मारे गए।
पाकिस्तान के इस हमले की निंदा की
गृह मंत्री ने बताया कि भारत ने आतंकवादियों पर हमला किया, लेकिन पाकिस्तान ने इसे अपने ऊपर हमला समझा और दुनिया के सामने गलत बयानबाजी की। भारतीय सेना ने सिर्फ आतंकवादियों को निशाना बनाया, किसी पाकिस्तानी नागरिक को नहीं। बौखलाए पाकिस्तान ने दूसरे दिन जम्मू-कश्मीर के रिहायशी इलाकों में गोलाबारी की, जिससे पुंछ को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। पूरी दुनिया ने पाकिस्तान के इस हमले की निंदा की है। भारत की सेना ने भी इसके जवाब में पाकिस्तान के नौ हवाई अड्डों को नुकसान पहुंचाया, जिससे पाकिस्तान को समझौते के लिए मजबूर होना पड़ा।
भारत सरकार जल्द ही व्यापारियों की मदद
अमित शाह ने कहा कि भारत किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं करेगा। भारत की सीमा, सेना और नागरिकों पर कोई हमला नहीं सहा जाएगा। पुंछ में कई लोगों के घर और दुकानें क्षतिग्रस्त हुई हैं। जम्मू-कश्मीर सरकार ने सहायता दी है और भारत सरकार जल्द ही व्यापारियों के लिए मदद का पैकेज लेकर आएगी। अमित शाह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर का विकास रुकेगा नहीं। 2014 के बाद जैसे विकास हुआ है, वैसा ही आगे भी होता रहेगा।


