UP Weather News: इन जिलों में 90km की रफ़्तार से चलेगी आंधी, IMD ने दिया बारिश को लेकर बड़ा अपडेट

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 80 से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जानिए किन जिलों में मौसम का सबसे ज्यादा असर रहेगा और कब पहुंचेगा मानसून।

Harsh Sharma
Published on: 14 Jun 2026 8:57 PM IST (Updated on: 14 Jun 2026 9:42 PM IST)
UP Weather News:  इन जिलों में 90km की रफ़्तार से चलेगी आंधी, IMD ने दिया बारिश को लेकर बड़ा  अपडेट
X

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। हालांकि अब मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और भारी बारिश होने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है।

कई जिलों में तेज हवाओं की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार 14 जून को पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक और तेज बारिश का भी अनुमान जताया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बदलाव के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।

इन जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट

आईएमडी ने प्रतापगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर समेत कई जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों के ग्रामीण और शहरी इलाकों में तेज बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है।

लखनऊ में मिलेगी गर्मी से राहत

राजधानी लखनऊ में भी मौसम सुहावना रहने की संभावना है। रविवार को अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश और तेज हवाओं के बाद लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

अलग-अलग शहरों में मानसून की संभावित एंट्री

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार वाराणसी में 16 से 18 जून, गोरखपुर में 15 से 17 जून और प्रयागराज में 18 से 20 जून के बीच मानसून पहुंच सकता है। वहीं लखनऊ और कानपुर में 20 से 23 जून के बीच मानसून दस्तक दे सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शहरों जैसे नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ में जून के अंतिम सप्ताह में मानसून आने की संभावना जताई गई है।

बिजली विभाग और प्रशासन सतर्क

तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। इसे देखते हुए बिजली विभाग और स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड में हैं। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों, जर्जर इमारतों और बिजली के खंभों से दूर रहें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।

बारिश से हुई घटनाओं पर सीएम योगी का संज्ञान

कासगंज, चंदौली, मिर्जापुर और बाराबंकी में बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं से हुई जनहानि और आर्थिक नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए नुकसान का आकलन कर 24 घंटे के भीतर सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि वे प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करें और जरूरतमंद लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएं। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है।

Harsh Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Harsh Sharma

Harsh Sharma is a Content Writer at Newstrack.com.

Next Story