TRENDING TAGS :
Bihar Politics: 6 महीने और मंत्री पद खत्म..., उपेंद्र कुशवाहा के बेटे प्रकाश को छोड़ना होगा पद, जानें इनसाइड स्टोरी
Bihar MLC Election: राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के बेटे और बिहार सरकार में मंत्री दीपक प्रकाश इस बार एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन दाखिल नहीं करेंगे।
Bihar MLC Election
Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन है। इस बीच एनडीए के उम्मीदवारों के नाम लगभग तय हो चुके हैं, लेकिन चुनाव से पहले एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के बेटे और बिहार सरकार में मंत्री दीपक प्रकाश इस बार एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन दाखिल नहीं करेंगे। इस खबर के सामने आने के बाद बिहार की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि आने वाले समय में दीपक प्रकाश को मंत्री पद से भी हटना पड़ सकता है।
बीजेपी के विलय प्रस्ताव पर कुशवाहा का स्पष्ट रुख
राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा के भाजपा में विलय का प्रस्ताव रखा था। माना जा रहा था कि बेटे के राजनीतिक भविष्य को देखते हुए उपेंद्र कुशवाहा इस प्रस्ताव पर सहमत हो सकते हैं। हालांकि, कुशवाहा ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि भाजपा को उम्मीद थी कि सरकार में मंत्री पद मिलने के बाद आरएलएम का भाजपा में विलय आसान हो जाएगा, लेकिन उपेंद्र कुशवाहा ने अपनी पार्टी की स्वतंत्र पहचान बनाए रखने का फैसला किया।
‘पुत्र मोह से बड़ी पार्टी’ का दिया संदेश
हाल ही में एक पार्टी कार्यक्रम के दौरान उपेंद्र कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संकेत दिया था कि उनके लिए व्यक्तिगत या पारिवारिक हितों से अधिक पार्टी का अस्तित्व और संगठन महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के सिद्धांतों और राजनीतिक पहचान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कुशवाहा का यह रुख बिहार की राजनीति में उनकी स्वतंत्र भूमिका को बनाए रखने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है।
एनडीए में बने रहेंगे उपेंद्र कुशवाहा
उपेंद्र कुशवाहा ने अनौपचारिक बातचीत में स्पष्ट किया है कि उनकी पार्टी एनडीए का हिस्सा बनी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि दीपक प्रकाश फिलहाल मंत्री बने रहेंगे और संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार निर्धारित समय सीमा तक अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे। दीपक प्रकाश को मई महीने में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। नियमों के तहत मंत्री बने रहने के लिए उन्हें छह महीने के भीतर विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बनना आवश्यक है।
पार्टी संगठन चुनाव की तैयारी
इधर राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने संगठनात्मक गतिविधियां भी तेज कर दी हैं। उपेंद्र कुशवाहा ने पार्टी की राज्य इकाई और राष्ट्रीय इकाई के अध्यक्ष पद के चुनाव की घोषणा की है। राष्ट्रीय परिषद की बैठक और पार्टी का राष्ट्रीय अधिवेशन 13 जून को नई दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित किया जाएगा, जहां संगठन को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।


