वैभव सूर्यवंशी के ऐतिहासिक धमाके से गदगद CM सम्राट चौधरी, बोले- बिहार की धरती का बढ़ाया मान

वैभव सूर्यवंशी ने UAE के खिलाफ 53 गेंदों में 204 रन ठोककर लिस्ट-A क्रिकेट में इतिहास रच दिया। 28 छक्कों की पारी पर CM सम्राट चौधरी ने की जमकर तारीफ।

Alakha Singh
Published on: 24 Nov 2026 8:13 PM IST
वैभव सूर्यवंशी के ऐतिहासिक धमाके से गदगद CM सम्राट चौधरी, बोले- बिहार की धरती का बढ़ाया मान
X

Vaibhav Sooryavanshi Record: बिहार के 15 वर्षीय क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट की दुनिया में ऐसा तूफान मचाया है कि रिकॉर्ड बुक के पन्ने पलट गए। UAE के खिलाफ महज 53 गेंदों में 204 रन ठोककर वैभव ने लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक जड़ने का विश्व रिकॉर्ड बना दिया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी गदगद हैं। उन्होंने युवा बल्लेबाज की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि वैभव ने अपनी पारी से पूरे बिहार का मान बढ़ाया है।

सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर जाहिर की खुशी

वैभव की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से खास संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, "बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी का एक और धमाका! UAE के खिलाफ एशिया कप राइजिंग स्टार्स मुकाबले में वैभव ने महज 28 गेंदों में शतक जड़कर लिस्ट-A क्रिकेट का सबसे तेज शतक बनाया। इसके बाद 52 गेंदों में दोहरा शतक भी लगाया। बिहार की धरती के इस युवा सितारे ने अपनी ऐतिहासिक पारी से पूरे देश का मान बढ़ाया है। उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं!"

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में तिरंगे और क्रिकेट से जुड़े इमोजी का भी इस्तेमाल किया। उनकी पोस्ट के बाद वैभव की उपलब्धि को लेकर बिहार में खुशी का माहौल है।

UAE के गेंदबाजों की उड़ा दी धज्जियां, भारत ने 14.2 ओवर में जीता मैच

दोहा में खेले गए इस मुकाबले में UAE ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 249 रन बनाए और आठ विकेट गंवाए। भारत ए को जीत के लिए 250 रनों का लक्ष्य मिला था।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया ए की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने महज 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद 28 गेंदों में शतक और 40 गेंदों में 150 रन बनाकर गेंदबाजों के होश उड़ा दिए।

वैभव ने 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा किया और 53 गेंदों पर 204 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में 28 छक्के और सात चौके शामिल रहे। भारत ए ने महज 14.2 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और सात विकेट से शानदार जीत दर्ज की।

वैभव सूर्यवंशी ने एक के बाद एक तोड़े ये विश्व रिकॉर्ड

15 साल के वैभव ने इस एक पारी में रिकॉर्ड्स की ऐसी झड़ी लगाई कि क्रिकेट जगत हैरान रह गया।

- सबसे तेज शतक: महज 28 गेंदों में शतक लगाकर ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क का 29 गेंदों का रिकॉर्ड तोड़ा।

- सबसे तेज 150 रन: केवल 40 गेंदों में 150 रन पूरे किए।

- सबसे तेज दोहरा शतक: 52 गेंदों में 200 रन बनाकर न्यूजीलैंड के चाड बोवेस का 103 गेंदों का रिकॉर्ड ध्वस्त किया।

- एक पारी में सर्वाधिक छक्के: 28 छक्के लगाकर लिस्ट-ए क्रिकेट का नया रिकॉर्ड बनाया।

- सबसे तेज अर्धशतक: इससे पहले वह 11 गेंदों में अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी बना चुके हैं।

रिकॉर्ड बनाने के बाद क्या बोले वैभव?

इस ऐतिहासिक पारी के बाद वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच के बाद उन्होंने बताया कि इस मुकाबले में उनका इरादा क्रीज पर समय बिताने और अपनी पारी को आगे बढ़ाने का था। पिछले दो मैचों में शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाने के कारण वह इस बार बेहतर प्रदर्शन करना चाहते थे।

वैभव ने यह भी स्वीकार किया कि बड़े मंच पर खेलने के दौरान दबाव महसूस होता है, लेकिन उन्होंने अपनी बल्लेबाजी की स्वाभाविक शैली में बदलाव नहीं किया।

महज 15 साल की उम्र में विश्व क्रिकेट के दिग्गज रिकॉर्ड तोड़ने वाले वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि बिहार की प्रतिभा को अब दुनिया नजरअंदाज नहीं कर सकती। उनकी इस पारी ने न सिर्फ बिहार बल्कि पूरे देश के क्रिकेट प्रशंसकों को जश्न मनाने का मौका दे दिया है।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story