VD Satheesan Kerala New CM: वीडी सतीशन होंगे केरलम के नए CM! विधायक दल की बैठक में कांग्रेस ने लगाई मुहर

VD Satheesan Kerala New CM: केरल में कांग्रेस ने वीडी सतीशन को नया मुख्यमंत्री चुन लिया है। विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर लगी मुहर के बाद UDF की ऐतिहासिक जीत को नया नेतृत्व मिल गया। जानिए कैसे सतीशन ने KC वेणुगोपाल और चेन्निथला को पीछे छोड़ बाजी मारी।

Harsh Srivastava
Published on: 14 May 2026 12:18 PM IST (Updated on: 14 May 2026 12:19 PM IST)
VD Satheesan Kerala New CM: वीडी सतीशन होंगे केरलम के नए CM! विधायक दल की बैठक में कांग्रेस ने लगाई मुहर
X

VD Satheesan Kerala New CM: केरलम की राजनीति में दस साल का लंबा इंतजार खत्म हो गया है और कांग्रेस ने अपने सबसे तेजतर्रार चेहरे वीडी सतीशन को राज्य की कमान सौंपने का ऐतिहासिक फैसला लिया है। गुरुवार, 14 मई को केरलम कांग्रेस की प्रभारी दीपा दास मुंशी ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि वीडी सतीशन केरलम के अगले मुख्यमंत्री होंगे। तिरुवनंतपुरम में हुई विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई। इस फैसले के साथ ही कांग्रेस आलाकमान ने यह साफ कर दिया है कि वे भविष्य की राजनीति के लिए जुझारू और आक्रामक नेतृत्व पर भरोसा कर रहे हैं।

केसी वेणुगोपाल और चेन्निथला को पीछे छोड़ मारी बाजी

मुख्यमंत्री पद की इस रेस में एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल और अनुभवी नेता रमेश चेन्निथला जैसे दिग्गज नाम भी शामिल थे। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली से लेकर केरलम तक बैठकों का दौर जारी था। हालांकि, जमीन पर विधायकों की राय और जनता के बीच सतीशन की लोकप्रियता ने उन्हें रेस में सबसे आगे कर दिया। एर्नाकुलम जिले की नॉर्थ पारवुर सीट से शानदार जीत दर्ज करने वाले सतीशन को उनकी साफ-सुथरी छवि और विधायी मामलों में गहरी पकड़ के लिए जाना जाता है। विपक्ष के नेता के तौर पर उन्होंने पिछले पांच वर्षों में जिस तरह वामपंथी सरकार को सदन से सड़क तक घेरा, उसी का ईनाम उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी के रूप में मिला है।

UDF की प्रचंड जीत और LDF का सूपड़ा साफ

हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों ने केरलम में 'लाल लहर' को पूरी तरह थाम दिया है। 140 सीटों वाली विधानसभा में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने 102 सीटों पर कब्जा जमाकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है। इसमें कांग्रेस अकेले 63 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। दूसरी तरफ, 2021 के चुनाव में 99 सीटें जीतने वाला वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) इस बार महज 35 सीटों पर सिमट गया है। वीडी सतीशन इस पूरे चुनाव प्रचार के मुख्य चेहरा थे और उनकी रणनीति ने ही कांग्रेस को सत्ता के शिखर तक पहुंचाया है।

चुनौतियों से भरा है आगे का सफर

मुख्यमंत्री के रूप में वीडी सतीशन के सामने चुनौतियों का पहाड़ है। दस साल बाद सत्ता में लौटी कांग्रेस से जनता को काफी उम्मीदें हैं। उन्हें न केवल राज्य की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाना है, बल्कि वामपंथ के मजबूत संगठनात्मक ढांचे के बीच अपनी सरकार की पकड़ को मजबूत करना है। पार्टी के भीतर विभिन्न गुटों को साथ लेकर चलना और सहयोगियों के साथ सामंजस्य बिठाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। केरलम की जनता अब सतीशन की 'सॉफ्ट डिप्लोमेसी' और 'हार्ड पॉलिटिक्स' के नए संगम को देखने के लिए तैयार है।

Harsh Srivastava

Harsh Srivastava

Mail ID - harshsri764@gmail.com

Hi! I am Harsh Srivastava, currently working as a Content Writer and News Coordinator at Newstrack. I oversee content planning, coordination, and contribute with in-depth articles and news features, especially focusing on politics and crime. I started my journey in journalism in 2023 and have worked with leading publications such as Hindustan, Times of India, and India News, gaining experience across cities including Varanasi, Delhi and Lucknow. My work revolves around curating timely news, in- depth research, and delivering engaging content to keep readers informed and connected.

Next Story