TRENDING TAGS :
Kerala CM Oath Ceremony: केरल में नई सरकार का गठन, वी डी सतीशन ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ
Kerala CM Oath Ceremony: केरल में नई सरकार का गठन हो गया है। वी डी सतीशन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जबकि 20 मंत्रियों ने भी कैबिनेट में शामिल होकर पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।
Kerala CM Oath Ceremony: केरल में कांग्रेस नीत यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट सरकार का गठन हो गया है। सोमवार को तिरुवनंतपुरम में आयोजित भव्य समारोह में वी डी सतीशन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ 20 मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। करीब 10 साल बाद राज्य में यूडीएफ की सत्ता में वापसी हुई है। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के कई बड़े नेता मौजूद रहे। समारोह को लेकर राजधानी तिरुवनंतपुरम में सुबह से ही भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
ये बने केरल सरकार में मंत्री
मुख्यमंत्री वी डी सतीशन के अलावा जिन नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली उनमें रमेश चेन्निथला, पी के कुन्हालीकुट्टी, सनी जोसेफ, के मुरलीधरन, मॉन्स जोसेफ, शिबू बेबी जॉन, अनूप जैकब, सी पी जॉन, ए पी अनिल कुमार, एन समसुद्दीन, पी सी विष्णुनाथ, रोजी एम जॉन, बिंदु कृष्णा, एम लिजू, के एम शाजी, पी के बशीर, वी ई अब्दुल गफूर, टी सिद्दीकी, के ए थुलसी और ओ जे जनीश शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि नई कैबिनेट में कई नए चेहरों को मौका दिया गया है। 21 सदस्यीय मंत्रिमंडल में बड़ी संख्या में पहली बार मंत्री बने नेताओं को शामिल किया गया है। साथ ही सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की भी कोशिश की गई है।
क्या बोले थे खरगे?
तिरुवनंतपुरम रवाना होने से पहले बेंगलुरु में मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा था कि, "वीडी सतीशन के साथ सभी कैबिनेट मंत्री शपथ लेंगे। आज हम एक भव्य अवसर मनाने जा रहे हैं। यह एक अभूतपूर्व जीत है। इतनी बड़ी बहुमत वहां पहले कभी नहीं देखी गई। यह पहली बार है जब इतना बड़ा जनादेश मिला है। हर कोई खुश है, इसीलिए हम सब एक साथ जा रहे हैं।"
सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के मौके पर एक समर्थक ने कहा, "हम बहुत खुश हैं। हम रविवार को ही यहां आए और रात में यहीं रुके। हम यहां खड़े होकर इंतजार कर रहे हैं और हम बहुत खुश हैं। यह एक खूबसूरत दिन है। केरल के लोग खुश हैं।"


