TRENDING TAGS :
कल 11 राज्यों में आफत बनकर बरसेगा मौसम! यूपी में घने कोहरे का अलर्ट, दिल्ली-बिहार का हाल जानें
Weather Update: 22 नवंबर को कई राज्यों में बारिश की आशंका है। पूर्वी यूपी में घने कोहरे का अलर्ट है। जानिए आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम?
Weather and Rain Update
Weather and Rain Update: देश के कई हिस्सों में रविवार को मौसम का मिजाज बदलने वाला है। कहीं बारिश तो कहीं सुबह के समय घना कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है। मौसम विभाग (IMD) ने 22 नवंबर यानी रविवार के लिए देश के 10 राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में बारिश की संभावना जताई है। पूर्वोत्तर भारत के कुछ इलाकों में भारी बारिश और बिजली गिरने का भी खतरा है। वहीं, उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है। दिल्ली में भी सुबह धुंध और कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।
इन राज्यों में बारिश और बिजली गिरने की आशंका
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 22 नवंबर को पूर्वोत्तर भारत तेज बारिश देखने को मिल सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है।
इनमें नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। असम और मेघालय में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। बारिश के दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। इसके अलावा दक्षिण भारत के तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है। केंद्रशासित प्रदेश पुद्दुचेरी में भी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर बिजली चमकने और गरज-चमक के समय खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए।
यूपी में घने कोहरे का अलर्ट, इन इलाकों में बढ़ेगी परेशानी
उत्तर प्रदेश में बारिश की बजाय कोहरा ज्यादा परेशान कर सकता है। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 और 23 नवंबर को कुछ स्थानों पर घने कोहरे का अनुमान जताया है। इसी वजह से सुबह के समय विजिबिलटी काफी कम हो सकती है। इसका असर सड़क और रेल यातायात पर भी पड़ सकता है। खासकर सुबह जल्दी यात्रा करने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। इसके अलावा प्रदेश में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।
बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
बिहार के लोगों के लिए फिलहाल राहत की खबर है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 22 नवंबर को राज्य में किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है। बिहार में बारिश, आंधी या बिजली गिरने को लेकर कोई विशेष चेतावनी नहीं दी गई है। अगले एक हफ्ते तक भी बिहार समेत पूर्वी भारत में किसी बड़ी मौसमी गतिविधि का अनुमान नहीं जताया गया है। ऐसे में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
दिल्ली में सुबह धुंध, जानें कितना रहेगा तापमान
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 22 नवंबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। सुबह के समय ज्यादातर स्थानों पर धुंध या हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। कुछ जगहों पर मध्यम कोहरा भी छाने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा चलने का अनुमान है। दिन में हवा की रफ्तार बढ़ सकती है। ऐसे में सुबह के समय घर से निकलने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
राजस्थान और पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?
राजस्थान में 22 नवंबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने राज्य में बारिश, आंधी या ओलावृष्टि को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है। वहीं, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी रविवार को बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई विशेष चेतावनी नहीं है। ऐसे में पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का इंतजार कर रहे पर्यटकों को फिलहाल इंतजार करना पड़ सकता है।
23 नवंबर से दक्षिण भारत में तेज हवाओं का असर
मौसम विभाग के अनुसार, 23 नवंबर से तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर झोंकों की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। केरल में भी 24 और 25 नवंबर को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।


