TRENDING TAGS :
नौकरी मिले न मिले, खाते में आएंगे पैसे! बेरोजगारों को हर महीने इतने रुपए देगी सरकार
West Bengal Unemployment Allowance: पश्चिम बंगाल की भरोसा कर्मसूची योजना के तहत बेरोजगार ग्रेजुएट और डिप्लोमा धारकों को हर महीने 2,000 रुपये, जबकि नॉन-ग्रेजुएट युवाओं को 1,500 रुपये मिलेंगे। जानिए उम्र और पात्रता की शर्तें।
West Bengal Government Scheme
West Bengal Unemployment Allowance: पश्चिम बंगाल में बेरोजगार युवाओं के लिए सरकार ने आर्थिक मदद का रास्ता खोल दिया है। अब ग्रेजुएट और डिप्लोमा धारकों को हर महीने 2,000 रुपये दिए जाएंगे, जबकि नॉन-ग्रेजुएट युवाओं के खाते में 1,500 रुपये ट्रांसफर होंगे। सरकार ने इसके लिए नई योजना ‘भरोसा कर्मसूची’ शुरू करने का फैसला किया है। इस योजना का लाभ लेने के लिए युवाओं की उम्र 21 से 45 साल के बीच होनी चाहिए। खास बात यह है कि आने वाले वर्षों में इस आर्थिक सहायता की राशि भी बढ़ाई जाएगी।
ग्रेजुएट और डिप्लोमा धारकों को मिलेंगे ₹2,000
पश्चिम बंगाल सरकार की नई योजना के तहत अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता वाले बेरोजगार युवाओं को अलग-अलग राशि दी जाएगी। ग्रेजुएट और डिप्लोमा धारकों को हर महीने 2,000 रुपये मिलेंगे। इसमें सरकारी वोकेशनल संस्थानों और ITI से प्रशिक्षण लेने वाले युवा भी शामिल होंगे। वहीं, नॉन-ग्रेजुएट बेरोजगार युवाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
योजना का लाभ लेने के लिए उम्मीदवारों की उम्र कम से कम 21 साल और अधिकतम 45 साल होनी चाहिए। सरकार ने आगे चलकर इस सहायता राशि में बढ़ोतरी का भी ऐलान किया है।
2028-29 से बढ़ जाएगी भत्ते की रकम
सरकार की योजना के मुताबिक, वित्त वर्ष 2028-29 से बेरोजगारी भत्ते की राशि बढ़ा दी जाएगी। इसके बाद ग्रेजुएट और डिप्लोमा धारकों को हर महीने 3,000 रुपये मिलेंगे। वहीं, नॉन-ग्रेजुएट युवाओं को मिलने वाली रकम 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये कर दी जाएगी।
कैबिनेट बैठक के बाद सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि यह योजना पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार की ‘युवासाथी’ योजना की जगह लागू की जा रही है। उन्होंने युवाओं से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार ने कई नई योजनाएं शुरू की हैं और बड़ी वित्तीय जिम्मेदारियां भी उठाई हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार अपने वादे पूरे करेगी।
54 लाख लाभार्थियों का 31 दिसंबर तक होगा वेरिफिकेशन
सुवेंदु अधिकारी के मुताबिक, पिछली सरकार की योजना के तहत पहले से लाभ ले रहे करीब 54 लाख युवाओं का सत्यापन 31 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। जिन युवाओं ने अब तक इस योजना के लिए आवेदन नहीं किया है, वे ‘आपनार सरकार आपनार पासे’ कार्यक्रम के माध्यम से अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
इन आवेदनों को आगे की प्रक्रिया के लिए युवा कल्याण विभाग के पास भेजा जाएगा। सत्यापन और पात्रता की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लाभार्थियों को योजना से जोड़ा जाएगा।
हर महीने दूसरे सप्ताह खाते में आएगी रकम
सरकार के मुताबिक, लाभार्थियों को भत्ते के लिए हर महीने इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सहायता राशि प्रत्येक महीने के दूसरे सप्ताह में सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। योजना की औपचारिक शुरुआत फरवरी में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम के दौरान की जाएगी।
हालांकि, इस योजना में परिवार के सदस्यों को लेकर भी एक सीमा तय की गई है। एक परिवार से अधिकतम दो लोग ही इसका लाभ उठा सकेंगे। इसके अलावा, अन्नपूर्णा योजना के तहत हर महीने 3,000 रुपये पाने वाले लोग इस बेरोजगारी भत्ते के पात्र नहीं होंगे। यानी सरकार ने आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ लाभार्थियों के चयन के लिए कुछ शर्तें भी निर्धारित की हैं।


