TRENDING TAGS :
फिर लौटने वाला है खतरा? बंगाल में ‘निपाह वायरस’ का पहला शिकार, कई दिनों के इलाज के बाद नर्स की मौत
West Bengal Nipah Virus First Death: नॉर्थ 24 परगना जिले में संक्रमित पाई गई 25 वर्षीय महिला नर्स की बारासात के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई।
West Bengal Nipah Virus First Death
West Bengal Nipah Virus First Death: पश्चिम बंगाल से निपाह वायरस को लेकर चिंताजनक खबर सामने आई है। नॉर्थ 24 परगना जिले में संक्रमित पाई गई 25 वर्षीय महिला नर्स की गुरुवार दोपहर बारासात के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। वह पिछले कई हफ्तों से गंभीर हालत में भर्ती थी और जीवन रक्षक प्रणाली पर रखी गई थी। जनवरी के अंत में उसे वेंटिलेटर से हटाया गया था, लेकिन इसके बाद भी उसकी स्थिति स्थिर नहीं हो सकी।
निपाह संक्रमण के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप
सूत्रों के अनुसार, लंबे समय तक कोमा में रहने की वजह से उसका ऑटोनॉमिक नर्वस सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहा था। शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी काफी कमजोर हो चुकी थी। इसी दौरान उसे फेफड़ों में संक्रमण हो गया, जिससे उसकी हालत और बिगड़ती चली गई। डॉक्टरों की लगातार निगरानी और इलाज के बावजूद गुरुवार शाम उसने दम तोड़ दिया।
इस साल की शुरुआत में राज्य में निपाह संक्रमण के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया था। नॉर्थ 24 परगना में एक पुरुष नर्स और इसी महिला नर्स के संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। जानकारी के मुताबिक, महिला नर्स 31 दिसंबर को नए साल की छुट्टियों में घर गई थी और जनवरी के पहले सप्ताह में बीमार पड़ गई। शुरुआत में उसे बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में उसे बारासात के उसी निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां वह कार्यरत थी।
कोमा में थी महिला नर्स
जांच में उसके निपाह वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसी दौरान उसके भाई की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी और उसका भी उसी अस्पताल में इलाज चला। हालांकि समय पर उपचार मिलने से उसका भाई स्वस्थ होकर घर लौट गया। वेंटिलेटर से हटाए जाने के बाद भी महिला नर्स कोमा में थी। डॉक्टरों ने उसे अस्पताल-जनित संक्रमण (नोसोकोमियल इन्फेक्शन) से भी पीड़ित बताया था। हालत में हल्का सुधार दिख रहा था वह आंखें खोलने और हाथ-पैर हिलाने की कोशिश कर रही थी लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने से अंततः उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता और निगरानी और बढ़ा दी है।


