भगवा रंग की साड़ी पहनने पर मिशनरी स्कूल में शिक्षिका से पूछताछ? CM शुभेंदु दिए जांच के आदेश

पश्चिम बंगाल के मिशनरी स्कूल में भगवा साड़ी पहनने पर महिला शिक्षिका से पूछताछ का आरोप लगा है। CM शुभेंदु अधिकारी ने जांच के बाद स्कूल की NOC रद्द करने की चेतावनी दी है।

Alakha Singh
Published on: 18 Nov 2026 5:08 PM IST
West Bengal Teacher Saffron Saree Controversy
X

Bengal Teacher Saffron Saree (AI Image)

West Bengal News: पश्चिम बंगाल में भगवा साड़ी को लेकर एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। कोलकाता के एक प्रतिष्ठित ईसाई मिशनरी स्कूल में कथित तौर पर भगवा रंग की साड़ी पहनने को लेकर एक महिला शिक्षिका से सवाल-जवाब किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिक्षिका को स्कूल में भगवा साड़ी पहनने पर आपत्ति जताई गई और इसे संस्थान के भीतर स्वीकार्य नहीं बताया गया। मामला सामने आने के बाद भाजपा ने इसे धार्मिक भेदभाव का मुद्दा बना दिया है। वहीं, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है।

18 नवंबर को इस मामले में नया अपडेट सामने आया है। पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन ने स्पष्ट किया है कि वह पूरे मामले की जांच करेंगे। उन्होंने कहा कि आरोप सही पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद शिक्षा विभाग इस मामले को देखने की तैयारी में है।

CM शुभेंदु अधिकारी की चेतावनी, स्कूल की NOC तक हो सकती है रद्द

इस विवाद पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि सरकार पहले पूरे मामले की जानकारी की पुष्टि करेगी। यदि किसी व्यक्ति के खिलाफ लिखित शिकायत मिलती है और आरोप सही साबित होते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने इससे भी आगे बढ़ते हुए कहा कि यदि जांच में स्कूल संस्थान की भूमिका सामने आती है तो उसका अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) रद्द किया जा सकता है।

उनका स्पष्ट संदेश है कि किसी शिक्षिका को उसके पहनावे के रंग के आधार पर प्रताड़ित करने की बात साबित होती है तो सरकार इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने उठाया था मामला

इस पूरे विवाद की शुरुआत पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के आरोपों से हुई। उन्होंने दावा किया था कि कोलकाता के एक प्रतिष्ठित मिशनरी स्कूल में कार्यरत महिला शिक्षिका को भगवा रंग की साड़ी पहनने को लेकर उसके सहकर्मी ने सवालों के घेरे में खड़ा किया।

भट्टाचार्य के मुताबिक, शिक्षिका को कथित तौर पर यह भी कहा गया कि स्कूल परिसर में भगवा साड़ी पहनना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि शिक्षिका के भाजपा की बैठकों में शामिल होने और सार्वजनिक रूप से भगवा साड़ी पहनने को लेकर आपत्ति जताई गई थी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस मुद्दे को केवल ड्रेस कोड तक सीमित नहीं रखा, बल्कि राज्य के कुछ ईसाई मिशनरी संस्थानों में कथित धर्मांतरण गतिविधियों का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले किसी भी संस्थान को संचालित नहीं होने दिया जाना चाहिए।

शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री के बयान के बाद शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन ने भी मामले की जांच का भरोसा दिया। उन्होंने 18 नवंबर को समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा कि वह मुख्यमंत्री के दौरे के सिलसिले में कार्यालय से बाहर हैं और अगले दिन इस मामले को देखेंगे।

बर्मन ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जिस तरह आरोपों की जांच की बात कही है, उसी के मुताबिक पूरे मामले की पड़ताल की जाएगी। शिक्षा मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि कालिम्पोंग, आसनसोल और पूर्व बर्धमान जैसे इलाकों में धर्मांतरण की गतिविधियां बढ़ी हैं।

हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा को ईसाई समुदाय के लोगों के अपने धर्म का पालन करने पर कोई आपत्ति नहीं है।

ईसाई संगठनों ने भाजपा के आरोपों पर जताई नाराजगी

दूसरी तरफ, इस विवाद ने पश्चिम बंगाल में ईसाई समुदाय और भाजपा के बीच भी तनाव बढ़ा दिया है। ईसाई संगठनों ने समिक भट्टाचार्य के बयानों को व्यापक और विभाजनकारी बताते हुए आपत्ति जताई है।

बंगिया क्रिश्चियन परिषद और बंगाल क्रिश्चियन काउंसिल से जुड़े प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से ईसाई समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। परिषद के प्रतिनिधियों ने राज्य में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया।

ईसाई संगठनों की ओर से यह भी आरोप लगाया गया कि भाजपा नेताओं के बयानों के बाद दक्षिण 24 परगना में कुछ ईसाई परिवारों पर हमले हुए।

मिशनरी स्कूल एसोसिएशन ने कहा- सभी संस्थानों को एक नजर से न देखें

पश्चिम बंगाल एसोसिएशन ऑफ क्रिश्चियन स्कूल्स ने भी इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी है। संगठन के प्रतिनिधि फादर मोलॉय डी'कोस्टा ने कहा कि उनकी जानकारी के मुताबिक मिशनरी स्कूलों में कर्मचारियों के पहनावे के रंग को लेकर कोई प्रतिबंध नहीं है।

उन्होंने कहा कि स्कूलों में अपने ड्रेस कोड हो सकते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि किसी खास रंग को पहनने पर रोक लगा दी गई है। यदि किसी एक संस्थान में ऐसी घटना हुई है तो उसकी जांच होनी चाहिए और कार्रवाई भी उसी संस्थान तक सीमित रहनी चाहिए।

उन्होंने आगाह किया कि एक आरोप के आधार पर सभी ईसाई मिशनरी स्कूलों के बारे में गलत धारणा नहीं बनाई जानी चाहिए।

फिलहाल इस पूरे विवाद में सबसे अहम सवाल यह है कि क्या वास्तव में शिक्षिका को भगवा साड़ी पहनने के कारण स्कूल में आपत्ति का सामना करना पड़ा था? शिक्षा मंत्री की जांच और मुख्यमंत्री की NOC रद्द करने की चेतावनी के बाद अब सबकी नजर जांच के नतीजों पर है। अभी तक न तो संबंधित स्कूल की पहचान सार्वजनिक हुई। मामले की जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story