TRENDING TAGS :
BJP छोड़ेंगे अन्नामलाई? जन्मदिन पर कर सकते हैं अलग होने का ऐलान, तमिलनाडु में सियासी हलचल तेज
K Annamalai: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई के पार्टी से इस्तीफा देने की खबरों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।
K Annamalai
K Annamalai: तमिलनाडु राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिल रहा है। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई के पार्टी से इस्तीफा देने की खबरों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। संयोग से आज के. अन्नामलाई का 42वां जन्मदिन भी है, जिसके चलते उनके समर्थकों और राजनीतिक विश्लेषकों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि वह जल्द ही कोई महत्वपूर्ण राजनीतिक घोषणा कर सकते हैं।
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, अन्नामलाई नई राजनीतिक पार्टी या जनआंदोलन शुरू करने की संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह भाजपा से अलग होकर तमिलनाडु में अपनी स्वतंत्र राजनीतिक पहचान और संगठन खड़ा करने की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक उनकी ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
अन्नामलाई ने दिल्ली में अमित शाह से की थी मुलाकात
बताया जा रहा है कि 2 जून को अन्नामलाई ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया, लेकिन राजनीतिक सूत्रों का दावा है कि भाजपा नेतृत्व ने उन्हें फिलहाल इस्तीफा देने के फैसले पर पुनर्विचार करने और कुछ समय इंतजार करने की सलाह दी है। इससे पहले यह भी खबरें सामने आई थीं कि अन्नामलाई ने भाजपा के राष्ट्रीय सचिव नितिन नवीन को अपना इस्तीफा सौंप दिया था।
अन्नामलाई का राजनीतिक भविष्य उस समय से चर्चा में है, जब भाजपा ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाकर नैनार नागेंद्रन को तमिलनाडु भाजपा की कमान सौंप दी थी। इसके साथ ही पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए एआईएडीएमके के साथ अपने पुराने गठबंधन को फिर से सक्रिय कर दिया। इस बदलाव के बाद से अन्नामलाई की भूमिका को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। हाल ही में अन्नामलाई ने कहा था कि वह जल्द ही अपनी राजनीतिक स्थिति स्पष्ट करेंगे। उनके इस बयान के बाद से राजनीतिक अटकलों का दौर और तेज हो गया है। उन्होंने दिल्ली रवाना होने से पहले कहा था कि आने वाले दिनों में वह सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
अन्नामलाई ने पुलिस सेवा छोड़कर थामा था भाजपा का दामन
वर्ष 2020 में पूर्व आईपीएस अधिकारी अन्नामलाई ने पुलिस सेवा छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। राजनीति में उनका उदय बेहद तेज रहा और पार्टी में शामिल होने के कुछ ही महीनों बाद उन्हें तमिलनाडु भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया। हालांकि वह 2021 का विधानसभा चुनाव जीत नहीं सके, लेकिन उनके नेतृत्व में भाजपा ने राज्य में अपनी राजनीतिक उपस्थिति मजबूत की। 2021 में भाजपा ने चार सीटें जीतकर दो दशक बाद तमिलनाडु विधानसभा में वापसी की थी। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी का वोट शेयर भी उल्लेखनीय रूप से बढ़ा था।
इस बीच कोयंबटूर और मदुरै समेत कई शहरों में अन्नामलाई समर्थकों द्वारा लगाए गए पोस्टरों ने राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी है। इन पोस्टरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरें नहीं हैं। कुछ पोस्टरों में अन्नामलाई को दक्षिण भारतीय फिल्म जगत के लोकप्रिय सितारों के साथ दिखाया गया है। इससे यह संकेत मिलने लगे हैं कि समर्थक उन्हें एक स्वतंत्र और प्रभावशाली क्षेत्रीय नेता के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं।


