TRENDING TAGS :
Winter Air Pollution: दिल्ली-NCR में हर साल वायु प्रदूषण का संकट क्यों लौट आता है?
Winter Air Pollution in Delhi: हर नवंबर में दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में वायु प्रदूषण गंभीर क्यों हो जाता है? जानिए GRAP, पराली, वाहन, उद्योग, सरकारी योजनाओं और स्वच्छ हवा के मौलिक अधिकार से जुड़े सवाल।
Winter Air Pollution in Delhi: नवंबर का महीना आते ही उत्तर भारत में एक पुरानी कहानी फिर शुरू हो जाती है। सुबह आसमान में धुंध दिखाई देती है। आंखों में जलन होने लगती है। गले में खराश बढ़ती है। लोग घर से निकलने से पहले मौसम के साथ हवा की गुणवत्ता देखने लगते हैं। बच्चों को बाहर खेलने भेजने पर चिंता होती है। बुजुर्गों और सांस के मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। फिर सरकारें सक्रिय होती हैं। उच्चस्तरीय बैठकें शुरू होती हैं। निर्माण कार्यों पर प्रतिबंध लगाए जाते हैं। वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने की चर्चा होती है। सड़कों पर पानी छिड़कने वाली मशीनें दिखाई देने लगती हैं। अदालतों में सवाल उठते हैं। सरकारें रिपोर्ट प्रस्तुत करती हैं। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर हर साल यही कहानी क्यों दोहराई जाती है? क्या प्रदूषण अचानक पैदा होने वाली समस्या है? क्या सरकारों को नवंबर आने की जानकारी पहले से नहीं होती? क्या सर्दियों में मौसम और हवा की गति बदलने के वैज्ञानिक कारण कोई नई खोज हैं? जब बीमारी पुरानी है, कारण काफी हद तक ज्ञात हैं और उसके आने का समय भी मालूम है, तो इलाज की गंभीरता साल के कुछ महीनों में ही क्यों दिखाई देती है? आखिर स्वच्छ हवा नागरिकों का अधिकार है या मौसम के अनुसार मिलने वाली सरकारी सुविधा?
नवंबर, 2026 ने फिर चेतावनी दी
इस वर्ष भी दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु प्रदूषण गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। दो नवंबर, 2026 को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 324 दर्ज किया गया था। यह ‘बहुत खराब’ श्रेणी में था। छह नवंबर को स्थिति और बिगड़ने पर प्रदूषण नियंत्रण के तीसरे चरण की पाबंदियां लागू करनी पड़ीं। इसके बाद कुछ सुधार हुआ। सत्रह नवंबर को औसत एक्यूआई 204 दर्ज होने पर तीसरे चरण के प्रतिबंध वापस ले लिए गए। लेकिन इक्कीस नवंबर की सुबह सात बजे दिल्ली का एक्यूआई फिर 279 था। यानी हवा अब भी ‘खराब’ श्रेणी में थी। बाईस नवंबर को भी प्रदूषण चिंता का विषय बना रहा। इन आंकड़ों से एक महत्वपूर्ण बात सामने आती है। प्रतिबंध हटने का अर्थ यह नहीं कि हवा स्वस्थ हो गई। इसका अर्थ केवल इतना है कि प्रदूषण का स्तर निर्धारित आपात कार्रवाई की सीमा से नीचे आ गया। लेकिन नागरिकों को सुरक्षित हवा मिलने और स्थिति के अत्यधिक गंभीर न रहने में बड़ा अंतर है।
प्रदूषण मौसम की नहीं, पूरे साल की समस्या
उत्तर भारत में सर्दियों के दौरान प्रदूषण बढ़ने के वैज्ञानिक कारण ज्ञात हैं। हवा की गति कम हो जाती है। तापमान और वायुमंडलीय परिस्थितियों के कारण प्रदूषक जमीन के आसपास जमा हो सकते हैं। पराली जलाने जैसी मौसमी गतिविधियां भी कुछ समय में प्रदूषण बढ़ाती हैं। लेकिन वाहन, उद्योग, निर्माण गतिविधियां, सड़क की धूल और कचरा जलाने जैसी समस्याएं पूरे वर्ष मौजूद रहती हैं। यानी सर्दियों में प्रदूषण अचानक पैदा नहीं होता। पहले से मौजूद प्रदूषकों का प्रभाव प्रतिकूल मौसम में अधिक गंभीर हो जाता है। इसलिए केवल नवंबर और दिसंबर में प्रतिबंध लगाकर समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सकता। यदि किसी शहर की हवा पूरे वर्ष प्रदूषित रहती है।,लेकिन प्रशासन केवल अत्यधिक खराब दिनों में सक्रिय दिखाई देता है, तो यह सार्वजनिक नीति की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़ा करता है। बीमारी की पहचान होने के बाद भी केवल उसके गंभीर लक्षण दिखाई देने पर इलाज करना पर्याप्त नहीं है।
हर साल प्रतिबंध, फिर वही स्थिति
दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में प्रदूषण की गंभीरता के अनुसार ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान यानी ‘ग्रैप’ लागू किया जाता है। इसमें अलग-अलग स्तरों पर विभिन्न गतिविधियों के लिए नियंत्रण और प्रतिबंध निर्धारित हैं। इस वर्ष भी स्थिति बिगड़ने पर निर्माण, वाहनों तथा दूसरी गतिविधियों से संबंधित उपाय किए गए। आपात परिस्थितियों में ऐसे प्रतिबंध आवश्यक हो सकते हैं। लेकिन इनकी अपनी सीमाएं हैं। निर्माण कार्य बंद होने से मजदूरों की आय प्रभावित हो सकती है। परिवहन संबंधी प्रतिबंध नागरिकों और व्यवसायों के लिए कठिनाइयां पैदा कर सकते हैं। विद्यालयों की गतिविधियों में बदलाव बच्चों और परिवारों को प्रभावित करता है। इसलिए आपात प्रतिबंधों को स्थायी पर्यावरण नीति का विकल्प नहीं माना जा सकता। इनका उद्देश्य अत्यधिक प्रदूषण के समय तत्काल जोखिम कम करना है। वास्तविक समाधान प्रदूषण पैदा करने वाले स्रोतों को लगातार नियंत्रित करने में है। सवाल यह है कि ग्रैप लागू होने के बीच के महीनों में संबंधित विभाग कितना प्रभावी काम करते हैं?
सरकारों ने काम किया है, लेकिन पर्याप्त नहीं
यह कहना सही नहीं होगा कि वायु प्रदूषण कम करने के लिए कोई प्रयास नहीं किए गए। केंद्र सरकार ने जनवरी,,2019 में राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम शुरू किया था। इसके अंतर्गत 130 शहरों को शामिल किया गया। सरकारी जानकारी के अनुसार वित्त वर्ष 2019-20 से 2025-26 तक इन शहरों के लिए लगभग 16,424 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई। वर्ष 2025-26 में 108 शहरों में 2017-18 की तुलना में पीएम 10 के वार्षिक औसत स्तर में कमी दर्ज की गई। इनमें 26 शहरों में 40 प्रतिशत से अधिक कमी हुई। यह महत्वपूर्ण प्रगति है। लेकिन इसी तस्वीर का दूसरा पक्ष भी है। प्रदूषण में कमी और निर्धारित सुरक्षित मानकों तक पहुंचना अलग बातें हैं। सरकारी संसदीय उत्तर के अनुसार 2025-26 में कार्यक्रम के अंतर्गत केवल 14 शहर पीएम 10 के राष्ट्रीय मानक तक पहुंचे थे। इसका अर्थ है कि सुधार के बावजूद लंबा रास्ता बाकी है। इसलिए सरकारी प्रयासों को पूरी तरह खारिज करना भी उचित नहीं और केवल उपलब्धियों के आंकड़ों से संतुष्ट हो जाना भी पर्याप्त नहीं।
पैसा खर्च हुआ, हवा कितनी साफ
पर्यावरण संबंधी योजनाओं के मूल्यांकन में खर्च की गई राशि को अक्सर उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत किया जाता है। कितने करोड़ रुपये दिए गए। कितनी मशीनें खरीदी गईं। कितनी बैठकें हुईं। कितनी सड़कों पर पानी छिड़का गया। लेकिन नागरिक का सवाल इससे अलग है। उसके शहर की हवा कितनी साफ हुई? साल में कितने दिन प्रदूषण निर्धारित मानकों से ऊपर रहा? पीएम 2.5 और पीएम 10 का वार्षिक औसत कितना घटा? किन क्षेत्रों में वास्तविक सुधार हुआ और कहां स्थिति जस की तस है? यदि किसी शहर को लगातार वित्तीय सहायता मिल रही है।,लेकिन प्रदूषण में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा, तो उसके कारणों की सार्वजनिक समीक्षा होनी चाहिए। विभागीय उपलब्धि रिपोर्ट और नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़े वास्तविक परिणामों के बीच स्पष्ट संबंध स्थापित करना आवश्यक है। प्रदूषण नियंत्रण का उद्देश्य बजट खर्च करना नहीं, हवा की गुणवत्ता सुधारना है।
जिम्मेदारी किस विभाग की
वायु प्रदूषण की समस्या इसलिए भी जटिल है क्योंकि इसकी जिम्मेदारी अनेक संस्थाओं में बंटी हुई है। सड़क की धूल नगर निकायों से जुड़ी है। वाहन उत्सर्जन परिवहन विभाग की जिम्मेदारी है। औद्योगिक प्रदूषण पर नियंत्रण प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों का काम है। निर्माण कार्यों के नियमों का पालन स्थानीय प्रशासन और दूसरी एजेंसियों को कराना होता है। कृषि अवशेषों के प्रबंधन में कृषि विभाग और राज्य सरकारों की भूमिका है। दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग समन्वय और नियमन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाता है। लेकिन इतने विभागों के बीच एक समस्या पैदा हो सकती है। सफलता का श्रेय सभी लेना चाहते हैं, जबकि असफलता की जिम्मेदारी तय करना कठिन हो जाता है। इसलिए प्रत्येक एजेंसी के लिए स्पष्ट, मापने योग्य लक्ष्य और सार्वजनिक जवाबदेही आवश्यक है। नागरिकों को यह जानकारी मिलनी चाहिए कि उनके क्षेत्र में प्रदूषण के किस स्रोत को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी किस संस्था के पास है।
प्रदूषण की राजनीति भी कम जिम्मेदार नहीं
उत्तर भारत का प्रदूषण किसी एक राज्य की सीमा में नहीं रुकता। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली की भौगोलिक तथा आर्थिक गतिविधियां एक-दूसरे से जुड़ी हैं। इसलिए प्रदूषण नियंत्रण में राज्यों के बीच समन्वय आवश्यक है। लेकिन सार्वजनिक बहस कई बार जिम्मेदारी निर्धारित करने के बजाय आरोप-प्रत्यारोप में बदल जाती है। कोई पराली को मुख्य कारण बताता है। कोई वाहनों और उद्योगों का उल्लेख करता है। कोई पड़ोसी राज्यों की जिम्मेदारी पर जोर देता है। इन सभी स्रोतों का योगदान अलग-अलग समय और स्थान पर बदल सकता है। इसलिए किसी एक कारण को हर परिस्थिति में दोषी ठहराना वैज्ञानिक दृष्टि से उचित नहीं होगा। वास्तविक समाधान के लिए विश्वसनीय स्रोत-आधारित अध्ययन, साझा कार्ययोजना और राजनीतिक सीमाओं से ऊपर प्रशासनिक सहयोग आवश्यक है। नागरिकों को यह जानने का अधिकार है कि सरकारें आपस में क्या कह रही हैं। लेकिन उससे भी अधिक यह जानने का अधिकार है कि मिलकर क्या कर रही हैं।
किसान को दोष देना आसान, समाधान देना कठिन
सर्दियों में पराली जलाने का प्रश्न बार-बार सामने आता है। लेकिन इस समस्या को केवल किसानों की लापरवाही के रूप में देखना पर्याप्त नहीं है। फसल कटाई और अगली बुवाई के बीच सीमित समय, मशीनों की उपलब्धता, लागत और कृषि पद्धतियां किसानों के निर्णयों को प्रभावित करती हैं। पराली जलाना प्रदूषण का स्रोत है। इसे रोकना जरूरी है। लेकिन रोकथाम के लिए व्यवहार्य विकल्प उपलब्ध कराना भी उतना ही आवश्यक है। अवशेष प्रबंधन की मशीनें, उनका साझा इस्तेमाल, उचित आर्थिक सहायता और कृषि अवशेषों के व्यावसायिक उपयोग को प्रोत्साहन उपयोगी हो सकते हैं। नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई आवश्यक हो सकती है। लेकिन केवल दंड के भरोसे व्यापक व्यवहार परिवर्तन की अपेक्षा नहीं की जा सकती। पर्यावरण संरक्षण की नीति तभी टिकाऊ होगी जब उसमें प्रभावित लोगों की वास्तविक आर्थिक परिस्थितियों को भी समझा जाए।
साफ हवा अमीर की सुविधा नहीं हो सकती
प्रदूषण के बीच आर्थिक असमानता भी अधिक स्पष्ट हो जाती है। संपन्न परिवार एयर प्यूरीफायर लगा सकता है। बंद वाहन में यात्रा कर सकता है। बच्चों को सुरक्षित इनडोर गतिविधियों के अवसर दे सकता है। लेकिन सड़क किनारे काम करने वाला मजदूर, सफाई कर्मचारी, रिक्शा चालक, निर्माण श्रमिक और छोटे दुकानदार के पास ऐसे विकल्प सीमित होते हैं। प्रदूषण के कारण काम बंद हो तो उसकी आय प्रभावित होती है। काम जारी रखे तो स्वास्थ्य जोखिम बना रहता है। यानी आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति कई बार दोहरी समस्या का सामना करता है। उसे प्रदूषित वातावरण में काम भी करना है और उसी वातावरण से होने वाले स्वास्थ्य जोखिम भी उठाने हैं। इसलिए स्वच्छ हवा का प्रश्न केवल पर्यावरण का नहीं, सामाजिक न्याय का भी है। ऐसी सार्वजनिक व्यवस्था आवश्यक है जिसमें स्वस्थ वातावरण किसी व्यक्ति की आर्थिक क्षमता पर निर्भर न हो।
संविधान ने अधिकार दिया, जिम्मेदारी किसकी
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 में जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता की रक्षा का प्रावधान है। सर्वोच्च न्यायालय ने इसकी व्याख्या में स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त पर्यावरण को गरिमापूर्ण जीवन से जोड़ा है। अक्टूबर, 2024 में भी न्यायालय ने स्पष्ट किया था कि प्रदूषणमुक्त वातावरण में रहना नागरिकों का मौलिक अधिकार है और केंद्र तथा राज्य सरकारों का संवैधानिक दायित्व है कि वे इस अधिकार की रक्षा करें। लेकिन इस अधिकार को व्यवहार में लागू करने की चुनौती बनी हुई है। यदि किसी शहर में वर्षों तक वायु गुणवत्ता अस्वास्थ्यकर बनी रहती है, तो नागरिक किस संस्था से जवाब मांगें? क्या संबंधित विभागों के कामकाज की स्वतंत्र समीक्षा होनी चाहिए? क्या निर्धारित पर्यावरणीय लक्ष्यों को पूरा न करने पर प्रशासनिक जवाबदेही तय की जा सकती है? इन प्रश्नों पर गंभीर कानूनी और नीतिगत विचार आवश्यक है। हर खराब एक्यूआई को किसी एक अधिकारी का अपराध मान लेना व्यावहारिक नहीं होगा। लेकिन लगातार विफलता पर जवाबदेही का अभाव भी स्वीकार्य नहीं होना चाहिए।
अदालतें कब तक प्रशासन को जगायें
वायु प्रदूषण से जुड़े मामलों में सर्वोच्च न्यायालय को समय-समय पर हस्तक्षेप करना पड़ा है। न्यायालय ने सरकारी संस्थाओं से अनुपालन रिपोर्ट मांगी हैं। प्रतिबंधों के क्रियान्वयन और विभागों के बीच समन्वय पर प्रश्न उठाए हैं। दिसंबर 2024 में न्यायालय ने ग्रैप के उपाय लागू करने के संबंध में संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय की कमी पर भी चिंता व्यक्त की थी। न्यायिक हस्तक्षेप नागरिक अधिकारों की रक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। लेकिन यह प्रश्न भी उठता है कि क्या सामान्य प्रशासनिक जिम्मेदारियों के पालन के लिए बार-बार न्यायालय की आवश्यकता पड़नी चाहिए? अदालतें कानून के अनुपालन की समीक्षा कर सकती हैं। आवश्यक निर्देश दे सकती हैं। लेकिन सड़कों की सफाई, औद्योगिक उत्सर्जन की निगरानी और सार्वजनिक परिवहन का संचालन प्रतिदिन प्रशासन को ही करना होगा। पर्यावरण संरक्षण की स्थायी व्यवस्था न्यायिक आदेशों के साथ सक्रिय और जवाबदेह प्रशासन से ही बन सकती है।
पूरे वर्ष का स्वच्छ हवा कैलेंडर
वायु प्रदूषण के समाधान के लिए सालभर चलने वाली स्पष्ट कार्ययोजना जरूरी है। सर्दियों में आपातकालीन उपाय हों। लेकिन गर्मियों और बरसात के महीनों में भी प्रदूषण स्रोतों पर कार्रवाई जारी रहे। सड़क की धूल को नियंत्रित करने के स्थायी उपाय किए जाएं। निर्माण स्थलों पर निर्धारित नियमों का पालन हो। औद्योगिक उत्सर्जन की नियमित निगरानी हो। सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुविधाजनक बनाया जाए। कचरा जलाने की घटनाएं रोकी जाएं। कृषि अवशेष प्रबंधन की तैयारी फसल कटाई से बहुत पहले शुरू हो। शहरों के लिए वार्षिक वायु गुणवत्ता लक्ष्य निर्धारित किए जाएं। उनके परिणाम सार्वजनिक किए जाएं। जरूरत केवल प्रतिबंधों के कैलेंडर की नहीं, प्रदूषण घटाने के कैलेंडर की है।
नागरिकों की भूमिका जरूरी
प्रदूषण नियंत्रण केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं है। नागरिकों का व्यवहार भी हवा की गुणवत्ता को प्रभावित करता है। कचरा जलाने से बचना, वाहन का नियमित रखरखाव, अनावश्यक निजी वाहन इस्तेमाल कम करना और पर्यावरण संबंधी नियमों का पालन करना उपयोगी कदम हैं। लेकिन नागरिक जिम्मेदारी के नाम पर सरकारों की जवाबदेही कम नहीं की जा सकती। व्यक्तिगत प्रयास तभी व्यापक परिणाम दे सकते हैं जब उनके साथ सार्वजनिक परिवहन, कचरा प्रबंधन और नियमन की प्रभावी व्यवस्था मौजूद हो। किसी व्यक्ति से निजी वाहन कम इस्तेमाल करने की अपेक्षा करना आसान है। लेकिन उसे भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना भी जरूरी है। नागरिक अनुशासन और सरकारी व्यवस्था एक-दूसरे के पूरक हैं।
दिसंबर के बाद चिंता कम
दिसंबर में प्रदूषण समाप्त नहीं होता। कई बार दिसंबर और जनवरी में स्थिति नवंबर से अधिक गंभीर हो सकती है। इसलिए यह कहना तथ्यात्मक रूप से सही नहीं होगा कि सरकारें दिसंबर आते ही प्रदूषण भूल जाती हैं। वास्तविक समस्या यह है कि मौसम बदलने और हवा की गुणवत्ता में सुधार आने पर प्रदूषण संबंधी सार्वजनिक चर्चा तथा आपात सक्रियता कम हो जाती है। लेकिन प्रदूषण के स्थायी स्रोत बने रहते हैं। वायु गुणवत्ता के संकट से कुछ राहत मिलते ही हमारा ध्यान दूसरी समस्याओं की ओर चला जाता है। फिर अगली सर्दियों में वही प्रश्न लौट आते हैं। सरकारों और समाज दोनों को इस चक्र से बाहर निकलना होगा। प्रदूषण पर काम तब भी होना चाहिए जब आसमान साफ दिखाई दे और समाचारों में एक्यूआई की चर्चा कम हो जाए।
जवाबदेही हवा की गुणवत्ता से तय हो
किसी सरकार की पर्यावरणीय उपलब्धि केवल घोषणाओं, बैठकों और योजनाओं से नहीं मापी जानी चाहिए। उसकी वास्तविक कसौटी नागरिकों को मिलने वाली हवा की गुणवत्ता होनी चाहिए। हर शहर में प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों की वैज्ञानिक पहचान हो। वार्षिक लक्ष्य सार्वजनिक हों। बजट खर्च और वास्तविक परिणामों की स्वतंत्र समीक्षा हो। विभागों की जिम्मेदारी स्पष्ट हो। नागरिकों को विश्वसनीय आंकड़े आसानी से उपलब्ध हों। जिन क्षेत्रों में प्रगति हुई है, उनके अनुभव दूसरे शहरों तक पहुंचाए जाएं। जहां परिणाम संतोषजनक नहीं हैं, वहां कारणों की जांच और सुधार की व्यवस्था हो। यह प्रक्रिया किसी एक राजनीतिक दल के विरुद्ध नहीं, सार्वजनिक शासन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक है।
भारत को विकास चाहिए। उद्योग चाहिए। सड़कें, परिवहन और आधुनिक शहर चाहिए। लेकिन विकास की सफलता का मूल्यांकन केवल निर्माण और उत्पादन से नहीं किया जा सकता। यह भी देखना होगा कि उस विकास के बीच नागरिक कितने स्वस्थ और सुरक्षित हैं। बच्चों को खेलने के लिए कैसी हवा मिल रही है। बुजुर्ग कितनी स्वतंत्रता से बाहर निकल सकते हैं। और सामान्य मजदूर को अपनी आजीविका कमाने के लिए कितना स्वास्थ्य जोखिम उठाना पड़ रहा है।
प्रदूषण की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि उसका संकट हमें पहले से मालूम है। उसके प्रमुख कारण भी ज्ञात हैं। उसका गंभीर होने का मौसम भी पता है। फिर भी हर वर्ष सर्दियों में उससे निपटने की आपात तैयारी करनी पड़ती है। सरकारें बदलती हैं। योजनाएं बनती हैं। बजट खर्च होते हैं। अदालतें निर्देश देती हैं। लेकिन स्वच्छ हवा के अधिकार को वास्तविकता बनाने की चुनौती बनी रहती है। अब जरूरत नवंबर में सक्रिय होने और मौसम बदलते ही संतुष्ट हो जाने की प्रवृत्ति से आगे बढ़ने की है। क्योंकि नागरिकों के फेफड़े केवल सर्दियों में काम नहीं करते। उन्हें वर्ष के सभी 365 दिन हवा चाहिए। और वह हवा स्वस्थ होनी चाहिए। आखिर जिस देश में साफ हवा को जीवन का मौलिक अधिकार माना गया है, वहां नागरिकों को हर नवंबर में यह अधिकार फिर से मांगना क्यों पड़े।


