2 June Ki Roti: 2 जून की रोटी का क्या है असली मतलब? तारीख नहीं, भूख और संघर्ष की कहानी है यह कहावत

2 June Ki Roti Ka Asli Matlab: सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली ‘दो जून की रोटी’ कहावत का असली मतलब तारीख नहीं है। यह भूख, गरीबी और दिन में दो वक्त के भोजन के संघर्ष से जुड़ी कहानी है

Jyotsana Singh
Published on: 2 Jun 2026 10:55 AM IST (Updated on: 2 Jun 2026 11:06 AM IST)
2 june ki roti meaning do june ki roti ka asli matlab 2026
X

2 June Ki Roti Ka Asli Matlab 2026 India

2 June Ki Roti Ka Asli Matlab: भारत एक ऐसा देश हैं जहां आम बात-चीत और व्यवहार में कहावतों का बड़ा जोर है। सबसे कमाल की बात है कि ये कहावते प्रायः देश के ग्रामीण समाज की उपज मानी जाती हैं और ये इतनी सटीक बैठती हैं कि इनका इस्तेमाल आज हर वर्ग के लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हो चुका है। ऐसी ही एक कहावत है 2 जून की रोटी। हर साल 2 जून आते ही सोशल मीडिया यह वाक्य खूब वायरल होता है। लोग इस पर मजेदार मीम्स बनाते हैं, चुटकुले शेयर करते हैं और इसे कैलेंडर की तारीख से जोड़कर देखते हैं। लेकिन क्या सचमुच 'दो जून की रोटी' का संबंध 2 जून की तारीख से है? असल में यह कहावत भारत के करोड़ों लोगों के संघर्ष, गरीबी और पेट भरने की जद्दोजहद की कहानी बयां करती है। 'दो जून की रोटी' केवल एक मुहावरा नहीं, बल्कि उस दौर की याद है जब दिन में दो बार भोजन मिल जाना भी किसी उपलब्धि से कम नहीं माना जाता था।

तारीख नहीं भूख का प्रतीक है '2 जून'

बहुत से लोग यह मान लेते हैं कि 'दो जून की रोटी' का संबंध 2 जून की तारीख से है, जबकि भाषा विशेषज्ञों के अनुसार ऐसा नहीं है। यह मुहावरा अवधी और उत्तर भारतीय बोलियों से आया है, जहां 'जून' शब्द का अर्थ 'समय' या 'वक्त' होता है। यही कारण है कि 'दो जून की रोटी' का असली मतलब है, दिन में दो समय का भोजन, यानी सुबह और शाम का खाना। जब कोई व्यक्ति कहता है कि उसे 'दो जून की रोटी भी मुश्किल से नसीब होती है', तो उसका मतलब होता है कि उसके लिए दिन में दो वक्त का भोजन जुटाना भी कठिन है।

कहावत में छिपा है आम आदमी का संघर्ष

भारत लंबे समय तक कृषि प्रधान और गरीब आबादी वाला देश रहा है। गांवों और मजदूर तबकों में रोज कमाने और रोज खाने की व्यवस्था आम थी। ऐसे में यदि किसी परिवार को सुबह भोजन मिल जाता था तो यह जरूरी नहीं था कि शाम का भोजन भी सुनिश्चित हो। इसी सामाजिक और आर्थिक वास्तविकता से 'दो जून की रोटी' जैसी कहावत जन्मी। यह उन लाखों परिवारों की जिंदगी का हिस्सा रही, जिनकी सबसे बड़ी चिंता रोज का भोजन जुटाना होती थी।

साहित्य और फिल्मों में भी दिखी 'दो जून की रोटी' की कहानी

हिंदी साहित्य में भी इस मुहावरे का व्यापक उपयोग हुआ है। महान कथाकार मुंशी प्रेमचंद और जयशंकर प्रसाद जैसे लेखकों ने अपनी रचनाओं में गरीबी और भूख के संदर्भ में इस अभिव्यक्ति को जगह दी।

भारतीय सिनेमा में भी मजदूरों, किसानों और गरीब परिवारों की कहानियों के माध्यम से बार-बार यह संदेश दिखाया गया कि कई लोगों के लिए 'दो जून की रोटी' ही जीवन का सबसे बड़ा लक्ष्य होती है।

सोशल मीडिया ने बदल दिया संदर्भ

डिजिटल दौर में इस कहावत का एक नया रूप देखने को मिला है। हर साल 2 जून की तारीख आने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 'दो जून की रोटी' से जुड़े मीम्स और पोस्ट वायरल होने लगते हैं। कोई लिखता है, 'आज तो दो जून की रोटी खा ही लो', तो कोई मजाक में कहता है कि 'साल में एक बार दो जून की रोटी का दिन आता है।' हालांकि इन पोस्टों के पीछे हास्य जरूर होता है, लेकिन इस कहावत का मूल अर्थ आज भी गरीबी और भोजन की उपलब्धता से जुड़ा हुआ है।

क्या कहती है 2 जून की रोटी की किल्लत से जुड़ी रिपोर्ट

कई लोगों को लग सकता है कि आधुनिक भारत में 'दो जून की रोटी' जैसी बातें अब पुरानी हो चुकी हैं, लेकिन आंकड़े कुछ और कहानी बताते हैं।

संयुक्त राष्ट्र की खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार दुनिया में वर्ष 2024 के दौरान लगभग 67.3 करोड़ लोग भूख का सामना कर रहे थे। हालांकि एशिया और दक्षिण एशिया में स्थिति में सुधार दर्ज किया गया है। भारत में भी खाद्य सुरक्षा की स्थिति पहले की तुलना में बेहतर हुई है, लेकिन चुनौती पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। वैश्विक भूख सूचकांक (Global Hunger Index) 2025 के अनुसार भारत का स्कोर 25.8 है, जिसे अभी भी 'गंभीर' श्रेणी में रखा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक देश में लगभग 12 प्रतिशत आबादी अल्पपोषण की स्थिति में है, जबकि बच्चों में कुपोषण और वेस्टिंग की समस्या अब भी सरकार के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है।

मुफ्त राशन योजना से मिली राहत

कोरोना महामारी के बाद केंद्र सरकार ने करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने की व्यवस्था को आगे बढ़ाया। वर्तमान में लगभग 80 करोड़ लाभार्थियों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम के तहत मुफ्त अनाज दिया जा रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी योजनाओं ने अत्यधिक भूख और खाद्य असुरक्षा को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसी वजह से हाल के वर्षों में भारत में अल्पपोषण के आंकड़ों में सुधार भी दर्ज किया गया है।

यह रिपोर्ट इस बात का प्रमाण है कि भोजन जैसी बुनियादी जरूरत आज भी दुनिया के करोड़ों लोगों के लिए संघर्ष का विषय है। सोशल मीडिया पर यह भले ही यह तारीख मजाक का हिस्सा बन गई हो, लेकिन इसकी जड़ें भूख, गरीबी और इंसानी संघर्ष की वह कड़वी हकीकत है, जिसे किसी भी तरह से अनदेखा नहीं किया जा सकता।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story