TRENDING TAGS :
क्यों तेज़ी से बढ़ रहे AC ब्लास्ट के मामले? यहां जानें ये 5 'खतरनाक' कारण और आज के बाद कभी न करें ये गलतियां
Air Conditioner Safety Tips: AC ब्लास्ट क्यों होता है? यहां जानें 5 बड़ी वजहें
Air Conditioner Safety Tips (PHOTO: social media)
Air Conditioner Safety Tips: गर्मियों में एयर कंडीशनर (AC) जहां लोगों को राहत देता है, वहीं अब यह कई मामलों में बड़े खतरे का कारण भी बनता जा रहा है। हाल ही में दिल्ली के विवेक विहार इलाके में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां कथित तौर पर AC ब्लास्ट के होने कारण भयंकर आग लग गई। इस घटना में 9 लोगों की जिंदा जलने से जान चली गई, जबकि कई लोग बुरी तरह से झुलस गए। यह हादसा एक बार फिर चेतावनी दे रहा है कि आपकी एक छोटी से लापरवाही AC को जानलेवा बना सकती है।
शुरुआती जांच के अनुसार, आग की शुरुआत इमारत की दूसरी मंजिल से हुई और देखते ही देखते पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर कई लोगों को बचाया गया। हालांकि, हादसे की भयावहता ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। इन सब के बीच सबसे बड़ा सवाल ये हैं कि आखिर किन कारणों से AC ब्लास्ट होता है?
AC ब्लास्ट क्यों होता है? यहां जानें 5 बड़ी वजहें
1. कंप्रेसर का ओवरहीट होना
अक्सर गर्मी के मौसम में तापमान 40-45 डिग्री तक पहुंच जाता है। ऐसे में AC का कंप्रेसर लगातार काम करता है। यदि इसे लंबे वक़्त तक बिना ब्रेक चलाया जाए तो यह ओवरहीट होने की वजह से फट सकता है।
2. रेफ्रिजरेंट गैस का रिसाव
AC में प्रयोग होने वाली गैस (जैसे R-32 या R-410A) ठंडक पैदा करती है। लेकिन अगर पाइपलाइन में ज़रा भी लीकेज हो जाए, तो गैस बाहर निकलकर चिंगारी के संपर्क में आने पर आग या विस्फोट का बड़ा कारण बन सकती है।
3. खराब वायरिंग और शॉर्ट सर्किट
पुरानी या गलत वायरिंग, ओवरलोडेड सॉकेट या एक्सटेंशन बोर्ड का प्रयोग AC के लिए करना बहुत खतरनाक साबित हो सकता है। इससे शॉर्ट सर्किट होकर आग लगने की आशंका बढ़ जाती है।
4. नियमित सर्विसिंग की कमी
यदि AC की समय-समय पर सफाई और सर्विसिंग नहीं कराई जाए तो फिल्टर और पाइप में गंदगी इकठ्ठा होकर हो जाती है। इससे एयरफ्लो में रुकावट आती है और मशीन पर दबाव बढ़ता है, जिससे ओवरहीटिंग और ब्लास्ट का खतरा बढ़ जाता है।
5. आउटडोर यूनिट पर सीधी धूप
AC की आउटडोर यूनिट यदि सीधे धूप में लगी हो तो उसका तापमान बहुत हद तक बढ़ जाता है। इससे कंप्रेसर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और सिस्टम फेल हो सकता है।
तो कैसे करें बचाव? अपनाएं ये जरूरी टिप्स:
- हर 6 महीने में AC की प्रोफेशनल सर्विसिंग अवश्य कराएं।
- AC को हमेशा 24-26 डिग्री तापमान पर चलाएं, इससे मशीन पर दबाव कम बना रहता है।
- हर 2-3 घंटे में AC को कुछ वक़्त के लिए बंद करें।
- कभी भी AC को एक्सटेंशन बोर्ड में न लगाएं।
- आउटडोर यूनिट को छाया में रखें या शेड ज़रूर लगवाएं।
- गैस लीकेज का शक होने पर तत्काल AC बंद कर टेक्नीशियन से चेक कराएं।
- घर में MCB (मिनिएचर सर्किट ब्रेकर) अवश्य लगवाएं।
आखिर... हाई-राइज बिल्डिंग में खतरा अधिक क्यों?
विशेषज्ञों के अनुसार, ऊंची इमारतों में आग तेजी से फैलती है। इसे "स्टैक इफेक्ट" कहा जाता है, जिसमें गर्म हवा तेजी से ऊपर की तरफ बढ़ती है। यदि बिल्डिंग में फायर सेफ्टी सिस्टम मजबूत न हो तो आग कुछ ही मिनटों में कई मंजिलों तक फैल सकती है।
गर्मी में AC हमारी जरूरत लेकिन.. बरतें सतर्कता
गर्मी के इस मौसम में AC लगभग हर घरों, दुकानों, हॉस्पिटल्स, तमाम दफ्तरस आदि की जरूरत बन चुका है, लेकिन थोड़ी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है। विवेक विहार की घटना इस बात का बड़ा उदाहरण है कि वक़्त पर रखरखाव और सही प्रयोग कितना जरूरी है।
यदि आपके घर में AC लगा है, तो आज ही उसकी जांच कराएं और अवश्य सावधानियां अपनाएं। याद रखें, आपकी छोटी सी सतर्कता आपके पूरे परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है।


