TRENDING TAGS :
AC Cooling: गर्मी में AC भी हो गया बेअसर! आपकी ये 5 गलतियां बढ़ा रही हैं बिजली का बिल
AC Cooling: गर्मी में एसी चलाने के बावजूद कमरा ठंडा नहीं हो रहा है, तो जानें कूलिंग कम होने की मुख्य वजहें साथ ही कुछ आसान से उपाय करके बिजली के बिल को कम करते हुए कमरे की कूलिंग को बढ़ाएं।
AC Cooling Tips
AC Cooling: गर्मी का मौसम आते ही चिलचिलाती धूप, गर्मी और उमस भी बढ़ जाती है। इनसे राहत पाने के लिए लोग कई तरीके अपनाते हैं। ज्यादातर लोग गर्मी से निजात पाने के लिए AC का सहारा लेते हैं। कई बार देखा जाता है कि AC काफी देर से चल रही होती है, फिर भी कमरा ठंडा नहीं होता और बिजली के मीटर की रीडिंग लगातार बढ़ती रहती है। इसे देखकर लोग AC में खराबी समझने लगते हैं।
दरअसल, AC के घंटों चलने के बाद भी अगर कमरा ठंडा नहीं हो रहा है, तो इसकी वजह हमेशा AC नहीं होती, बल्कि हमारी कुछ गलतियाँ भी हो सकती हैं। यदि हम इन छोटी-छोटी गलतियों में सुधार कर लें, तो AC चलने के कुछ ही समय बाद कमरा ठंडा हो जाएगा और बिजली का बिल भी पहले की तुलना में कम आएगा। आइए जानते हैं उन गलतियों के बारे में, जिनकी वजह से AC चलने के बावजूद आपका कमरा ठंडा नहीं हो पाता।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का अधिक उपयोग
अगर आपने AC वाले कमरे में गर्मी पैदा करने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, जैसे ओवन, गैस स्टोव या फ्रिज रखे हैं, तो ये कमरे का तापमान बढ़ा सकते हैं। कोशिश करें कि ऐसे उपकरण AC वाले कमरे से बाहर ही रखें। इसके अलावा, कमरे में बहुत अधिक लाइटें जलाए रखने से भी गर्मी बढ़ती है।
कमरे का इंसुलेशन न होना
अगर आपके कमरे की छत पर सीधे सूर्य की किरणें पड़ती हैं, तो गर्मियों की दोपहर में छत बहुत गर्म हो जाती है। इसकी वजह से AC चलने के बाद भी कमरा जल्दी ठंडा नहीं हो पाता। ऐसे में आपको छत पर फॉल्स सीलिंग करवानी चाहिए या हीट-रिफ्लेक्टिव कोटिंग करानी चाहिए। इससे कमरा जल्दी गर्म नहीं होगा और AC की ठंडक लंबे समय तक बनी रहेगी।
कमरे में सीधे धूप का आना
आमतौर पर लोग दिन के समय उजाले के लिए खिड़कियों और दरवाजों के पर्दे हटा देते हैं। उन्हें यह नहीं पता होता कि तेज धूप खिड़कियों के कांच के जरिए कमरे को गर्म कर देती है। ऐसे में खिड़कियों को मोटे पर्दों या ब्लैकआउट कर्टेन से ढककर रखना चाहिए।
AC के साथ पंखा न चलाना
बहुत से लोग सोचते हैं कि AC के साथ पंखा नहीं चलाना चाहिए, जबकि ऐसा नहीं है। AC के साथ पंखा चलाने से ठंडी हवा पूरे कमरे में समान रूप से फैलती है, जिससे कमरा जल्दी ठंडा हो जाता है।
AC के गंदे फिल्टर
AC के फिल्टर को समय-समय पर साफ करते रहना चाहिए। यदि फिल्टर में धूल जमा हो जाती है, तो AC की ठंडी हवा देने की क्षमता कम हो जाती है। इससे कमरा जल्दी ठंडा नहीं होता और बिजली की खपत भी बढ़ जाती है। इसलिए हर 15 से 20 दिन में AC के फिल्टर की सफाई अवश्य करनी चाहिए।


