TRENDING TAGS :
Comic Sans से इतनी नफरत क्यों? जिस फॉन्ट को दुनिया ने किया बदनाम, उसके डिजाइनर को आज भी है गर्व
Comic Sans फॉन्ट किसने बनाया, यह इतना बदनाम क्यों हुआ और Ban Comic Sans आंदोलन किसने शुरू किया? जानिए Comic Sans और Helvetica की पूरी कहानी।
Comic Sans Font Explained
Comic Sans Font Explained: एक फॉन्ट क्या इतना बदनाम हो सकता है कि उसके 'बैन' के लिए बाकायदा एक वेबसाइट और मूवमेंट तक बन जाए? जी हां, यह हकीकत है Comic Sans की। लेकिन दिलचस्प बात यह है कि जिस डिज़ाइनर ने इसे बनाया, वह आज भी इस पर शर्मिंदा नहीं, बल्कि गर्व से कहता है -"मैंने दुनिया का सबसे अच्छा फॉन्ट बनाया।"
एक कार्टून कुत्ते की समस्या से जन्मा फॉन्ट
1994 में माइक्रोसॉफ्ट के टाइपोग्राफर विंसेंट कोनारे, कंपनी के जल्द रिलीज होने वाले सॉफ्टवेयर 'Microsoft Bob' का एक ट्रायल वर्जन देख रहे थे। यह प्रोग्राम नए कंप्यूटर यूजर्स, खासकर बच्चों के लिए एक ज्यादा फ्रेंडली इंटरफेस के तौर पर बनाया जा रहा था, जिसमें एक पीले रंग का कार्टून कुत्ता 'रोवर' स्क्रीन के कोने में बैठकर स्पीच बबल के जरिए यूजर से बात करता था।
समस्या यह थी कि रोवर की बातचीत Times New Roman फॉन्ट में दिखाई जा रही थी जो एक बड़ी गड़बड़ थी, क्योंकि Times New Roman आमतौर पर गंभीर, अकादमिक टेक्स्ट के लिए इस्तेमाल होता है, जो रोवर की मासूम, कार्टून जैसी पर्सनैलिटी से बिल्कुल मेल नहीं खाता था। कोनारे को यह इस्तेमाल इतना अनुपयुक्त लगा कि उन्होंने कॉमिक बुक्स से प्रेरणा लेकर एक ज्यादा कैज़ुअल, मेल खाता टाइपफेस बनाने का फैसला किया।
कैसे डिज़ाइन हुआ यह फॉन्ट
डीसी (DC) और मार्वल कॉमिक बुक्स से प्रेरित होकर, कोनारे ने माउस और कर्सर की मदद से जानबूझकर लापरवाह दिखने वाले अक्षर बनाकर 1994 में Comic Sans तैयार किया। हालांकि आखिरकार फॉन्ट Microsoft Bob के लिए तय समय पर पूरा नहीं हो पाया, इसलिए इसे उसमें इस्तेमाल नहीं किया जा सका। इसकी जगह इसे माइक्रोसॉफ्ट के प्रशासनिक स्टाफ ने ऑफिस बर्थडे पार्टी के इनविटेशन जैसे कामों के लिए अपनाना शुरू किया। कुछ ही समय बाद यह फॉन्ट Windows 95 में शामिल हो गया, और यहीं से इसका असली बवाल शुरू हुआ।
बैन करने का आंदोलन किसने शुरू किया
Comic Sans को 'दुनिया का सबसे नापसंद फॉन्ट' किसी एक व्यक्ति या संस्था ने आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं किया बल्कि यह टैग डिज़ाइन कम्युनिटी के गुस्से से खुद-ब-खुद बन गया। 'Ban Comic Sans' नाम का एक समूह बना, जिसका मकसद था लोगों को टाइपफेस के 'सही' इस्तेमाल की शिक्षा देना। इस समूह के संस्थापकों ने इस फॉन्ट को टाइपोग्राफी की दुनिया पर "एक धब्बा" तक करार दिया।
1994 में माइक्रोसॉफ्ट में प्रोग्राम मैनेजर रहे टॉम स्टीवंस ने बताया - "इसके खिलाफ जो गुस्सा और नफरत दिखी, वह हैरान करने वाली थी, और सच कहूं तो मज़ेदार भी। मुझे यकीन नहीं होता था कि लोग किसी फॉन्ट जितनी छोटी चीज़ को लेकर इतना उत्तेजित हो सकते हैं"। यह नफरत इतनी बढ़ी कि यह फॉन्ट कभी ट्विटर पर दूसरी सबसे ज्यादा शिकायत की जाने वाली चीज़ भी बन गया।
डिज़ाइनर खुद क्या कहते हैं?
सबसे दिलचस्प बात यह है कि खुद विंसेंट कोनारे इस आलोचना से बिल्कुल भी विचलित नहीं हैं। कोनारे ने कहा - "टाइप को वही करना चाहिए जो उसका मकसद है, इसीलिए मुझे Comic Sans पर गर्व है"। उन्होंने यह भी कहा - "जिन लोगों को Comic Sans पसंद नहीं, उन्हें डिज़ाइन के बारे में कुछ नहीं पता। उन्हें यह समझ नहीं कि डिज़ाइन में एक मकसद होता है। कोनारे ने खुद इस फॉन्ट का सिर्फ एक बार इस्तेमाल किया। एक कंपनी की खराब सर्विस को लेकर शिकायती चिट्ठी लिखने के लिए, यह सोचते हुए कि अगर उनका पहला मेल नज़रअंदाज़ हुआ तो कम से कम Comic Sans में लिखी चिट्ठी तो ध्यान खींचेगी और यह तरकीब काम कर गई, उन्हें रिफंड मिल गया।
विवाद के बावजूद यह आज भी जिंदा क्यों है
Comic Sans सिर्फ "सबसे नापसंद" नहीं, बल्कि साथ ही एक "पंथ जैसी लोकप्रियता" भी रखता है। आलोचना के बावजूद, यह टाइपफेस खासतौर पर शिक्षा क्षेत्र के पेशेवरों और उन लोगों के बीच आज भी लोकप्रिय बना हुआ है, जिन्हें किसी खास काम के लिए सरल और सहज फॉन्ट चाहिए होता है। दरअसल कुछ रिसर्च बताती हैं कि डिस्लेक्सिया से जूझ रहे बच्चों के लिए इसकी अनियमित लेटर शेप पढ़ने में मदद करती है।
दुनिया का सबसे पसंदीदा फॉन्ट कौन है?
Comic Sans के उलट, कुछ फॉन्ट्स को डिज़ाइन कम्युनिटी में लगभग सर्वसम्मति से सम्मान मिलता है।
हेल्वेटिका सबसे भरोसेमंद और सबसे ज्यादा सर्च किया जाने वाला फॉन्ट: 1957 में स्विस टाइपफेस डिज़ाइनर मैक्स मिडिंगर और एडुआर्ड हॉफमन ने स्विट्ज़रलैंड की Haas टाइप फाउंड्री के लिए हेल्वेटिका डिज़ाइन किया था। एक ब्रिटिश रिसर्च में पाया गया कि हेल्वेटिका को हर महीने औसतन 1,35,000 बार सर्च किया जाता है। यह लिस्ट के अगले सबसे लोकप्रिय फॉन्ट Arial से भी 172% ज्यादा है, जिससे यह साबित होता है कि हेल्वेटिका शायद दुनिया का सबसे लोकप्रिय फॉन्ट है।
डिज़ाइन पेशेवरों की पसंद-नापसंद: जनवरी 2026 में डिज़ाइन कम्युनिटीज़, इंडस्ट्री ब्लॉग्स, सोशल मीडिया और प्रोफेशनल फोरम्स से डेटा जुटाकर की गई एक स्टडी में पता चला कि किसी को हैरानी नहीं हुई कि Comic Sans सबसे नापसंद फॉन्ट की लिस्ट में टॉप पर है, लेकिन यह जरूर चौंकाने वाला था कि Arial जैसा एक 'क्लासिक' फॉन्ट भी उसी नापसंद लिस्ट में इतना ऊपर आया। इससे साफ पता चलता है कि क्रिएटिव पेशेवरों को 'सेफ' फॉन्ट्स, कई बार 'खराब' फॉन्ट्स से भी ज्यादा नागवार गुजरते हैं। इसी स्टडी में हेल्वेटिका को आज भी व्यापक सम्मान मिला। भले ही कुछ लोग इसे 'कॉर्पोरेट' और 'ओवरयूज़्ड' मानते हों, यह एक भरोसेमंद फॉन्ट के तौर पर ज्यादातर सकारात्मक चर्चा का हिस्सा बना रहा।
Comic Sans की कहानी दिखाती है कि कोई डिज़ाइन कितना भी विवादास्पद क्यों न हो, अगर वह अपने मकसद में सटीक बैठता है, तो वह टिका रह सकता है। चाहे उसे बैन करने के लिए पूरा आंदोलन ही क्यों न खड़ा हो जाए। और दूसरी तरफ, हेल्वेटिका जैसे फॉन्ट्स साबित करते हैं कि कभी-कभी सबसे सुरक्षित, सबसे भरोसेमंद डिज़ाइन ही सबसे टिकाऊ साबित होता है भले ही उसे उबाऊ या ओवरयूज़्ड कहकर चिढ़ाया जाए।


