Diwali Decoration Ideas: दिवाली की सजावट के लिए नहीं है ज्यादा समय? 15 मिनट में घर को दें फेस्टिव लुक, अपनाएं ये आसान टिप्स

Diwali Decoration Ideas से सिर्फ 15 मिनट में घर को दें फेस्टिव लुक। गेंदे के फूल, मिट्टी के दीये, फेयरी लाइट्स और रंगोली से करें आसान और बजट फ्रेंडली सजावट।

Jyotsana Singh
Published on: 17 Oct 2026 6:03 PM IST (Updated on: 17 Oct 2026 6:03 PM IST)
Diwali Decoration Ideas: 7 Easy Ways to Decorate Your Home in Just 15 Minutes
X

Diwali Decoration Ideas: 7 Easy Ways to Decorate Your Home in Just 15 Minutes


Diwali Decoration Ideas: दिवाली की ढेर सारी जिम्मेदारियों और तैयारियों के बीच अक्सर ऐसा होता है कि ऐन वक्त पर घर की सजावट से जुड़ी कई ऐसी चीजें होती हैं जो अक्सर छूट जाती हैं। लेकिन बिना खास सजावटी वस्तुओं के कम समय में घर सजाने का उपाय नहीं मिल रहा है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। कुछ दीये, गेंदे के फूल, रंगोली और खूबसूरत लाइट्स की मदद से आप झटपट और बजट में अपने घर को शानदार फेस्टिव लुक दे सकते हैं। खास बात यह है कि इसके लिए आपको महंगी सजावटी चीजें खरीदने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।

दिवाली का त्योहार आते ही घर की साफ-सफाई से लेकर मिठाइयों की खरीदारी तक कई काम एक साथ शुरू हो जाते हैं। ऐसे में अक्सर घर की सजावट आखिरी समय के लिए छूट जाती है। अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो इस बार घंटों मेहनत करने के बजाय कुछ आसान और असरदार आइडिया अपनाएं। सही जगह पर रखे दीये, फूलों की रंगोली और हल्की रोशनी आपके घर का पूरा माहौल बदल सकती है। आइए जानते हैं दिवाली की सजावट के ऐसे ही आसान तरीके, जिन्हें आप कुछ ही मिनटों में अपना सकते हैं।

1. सबसे पहले सजाएं घर का मुख्य दरवाजा



दिवाली पर घर में प्रवेश करते ही सबसे पहले नजर मुख्य दरवाजे पर पड़ती है। इसलिए कम समय में बेहतर सजावट करनी है, तो शुरुआत यहीं से करें। दरवाजे पर गेंदे के फूलों और आम के पत्तों का तोरण लगाएं। इसके नीचे फूलों की पंखुड़ियों से छोटी-सी रंगोली बनाएं और दोनों तरफ दो खूबसूरत दीये रख दें। अगर आपके पास रंगोली बनाने का समय नहीं है, तो फूलों की पंखुड़ियों से गोल या अर्धचंद्राकार डिजाइन तैयार कर सकते हैं। यह देखने में सुंदर लगता है और इसे बनाने में भी ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती। दरवाजे के पास छोटी-सी सजावटी थाली में फूल और दीये रखने से भी प्रवेश द्वार आकर्षक दिखाई देगा।

2. फेयरी लाइट्स से रोशन करें लिविंग रूम


दिवाली पर घर की सजावट में रोशनी का खास महत्व होता है। अगर आपके पास नई सजावटी चीजें खरीदने का समय नहीं है, तो पुरानी फेयरी लाइट्स निकाल लें। इन्हें खिड़की, पर्दों के किनारों, दीवार की शेल्फ या टीवी यूनिट के आसपास लगा सकते हैं। लिविंग रूम में सोफे के कुशन कवर बदलना भी एक आसान तरीका है। लाल, सुनहरे, मैरून या गहरे हरे रंग के कुशन कमरे को तुरंत त्योहार वाला लुक देते हैं। सेंटर टेबल पर फूलों की पंखुड़ियों से भरा कटोरा और तीन या पांच दीये सजा दें। इससे बिना ज्यादा खर्च किए कमरे में गर्माहट और उत्सव का माहौल बन जाएगा।

3. मिट्टी के दीयों को दें नया लुक



दिवाली पर मिट्टी के दीयों की खूबसूरती का कोई मुकाबला नहीं है। इन्हें साधारण तरीके से रखने के बजाय एक छोटी सजावटी ट्रे में तीन, पांच या सात दीयों का समूह बनाकर रखें। आसपास गेंदे की पंखुड़ियां और कुछ रंगीन फूल सजाने से यह व्यवस्था और सुंदर दिखेगी। अगर घर में पिछले साल के सादे दीये रखे हैं, तो उन्हें साफ करके दोबारा इस्तेमाल कर सकते हैं। समय हो तो दीयों के बाहरी हिस्से पर रंगों से छोटी डिजाइन बनाएं या किनारों को सजाएं। हालांकि, तेल और लौ के संपर्क में आने वाले हिस्से पर पेंट या ज्वलनशील सजावटी सामग्री न लगाएं।

4. पीतल की थाली और फूलों से बनाएं सुंदर सेंटरपीस




घर में रखी पीतल की थाली, कटोरी या उरली को दिवाली की सजावट में इस्तेमाल किया जा सकता है। एक चौड़े बर्तन में पानी भरकर उसमें फूलों की पंखुड़ियां डालें और किनारे पर सुरक्षित दूरी रखते हुए छोटे तैरने वाले दीये सजाएं। इसे प्रवेश द्वार के पास या किसी टेबल पर रखा जा सकता है।

अगर आपके पास पीतल की कोई वस्तु नहीं है, तो कांच के कटोरे या साधारण ट्रे से भी ऐसा सेंटरपीस तैयार किया जा सकता है। पुरानी चीजों का इस तरह इस्तेमाल करने से सजावट पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ता और घर को पारंपरिक लुक भी मिलता है।

5. डाइनिंग टेबल को भी दें फेस्टिव टच



दिवाली पर परिवार और दोस्तों के साथ भोजन करने का अलग ही आनंद होता है। ऐसे में डाइनिंग टेबल को सजाना न भूलें। टेबल पर लाल, सुनहरे या सरसों के रंग का रनर बिछाएं। बीच में ताजे फूलों का छोटा गुलदस्ता या पंखुड़ियों से भरा कटोरा रखें।

मिठाइयों को अलग-अलग डिब्बों में रखने के बजाय साफ सजावटी प्लेटों में परोसें। इससे टेबल व्यवस्थित और आकर्षक दिखाई देगी। ध्यान रखें कि खाने के आसपास जलते दीये या मोमबत्तियां न रखें, ताकि आग लगने का खतरा न रहे।

6. दीवारों और खाली कोनों को न करें नजरअंदाज


अगर घर की दीवारें खाली दिखाई दे रही हैं, तो वहां हल्की स्ट्रिंग लाइट्स, फूलों की माला या पहले से मौजूद सजावटी फ्रेम का इस्तेमाल करें। किसी कोने में छोटा लकड़ी का स्टूल रखकर उस पर फूलों की थाली और सजावटी दीया रखा जा सकता है। ध्यान रखें कि हर जगह एक जैसी सजावट करने की जरूरत नहीं है। घर के दो या तीन प्रमुख हिस्सों को खूबसूरती से सजाना, हर कोने में सामान भर देने से बेहतर है। इससे घर साफ-सुथरा और सलीकेदार दिखाई देता है।

7. आखिरी मिनट की सजावट के लिए अपनाएं ये स्मार्ट टिप्स

अगर मेहमान कुछ ही घंटों में आने वाले हैं, तो सबसे पहले घर के प्रवेश द्वार और लिविंग रूम पर ध्यान दें। इसके बाद फेयरी लाइट्स लगाएं और टेबल पर फूलों का छोटा सेंटरपीस तैयार करें। इस तरह 15 से 30 मिनट में घर को आकर्षक रूप दिया जा सकता है।

सजावट के लिए नई चीजें खरीदने से पहले घर में मौजूद दीये, लाइट्स, पर्दे, कुशन कवर और सजावटी बर्तनों को देख लें। पुराने सामान को साफ करके सही जगह पर रखने से भी अच्छा परिणाम मिल सकता है। फूल और दीये खरीदने हों, तो संभव हो तो एक-दो दिन पहले खरीदारी कर लें, ताकि त्योहार वाले दिन बाजार की भीड़ और जल्दबाजी से बच सकें।

सजावट के साथ सुरक्षा का भी रखें ध्यान:

जलते दीयों को पर्दों, कागज, फूलों की सूखी मालाओं और अन्य ज्वलनशील वस्तुओं से दूर रखें। बच्चों और पालतू जानवरों की पहुंच से दीये दूर रखें। इलेक्ट्रिक लाइट्स इस्तेमाल करते समय तारों और प्लग की स्थिति जांच लें। घर को सुंदर बनाने के लिए सुरक्षित सजावट सबसे जरूरी है।

दिवाली पर घर को खूबसूरत बनाने के लिए महंगे सामान या घंटों की मेहनत जरूरी नहीं है। थोड़ी-सी योजना, पारंपरिक दीये, ताजे फूल और सही रोशनी आपके घर में त्योहार की रौनक बढ़ा सकते हैं। इस बार आखिरी समय की भागदौड़ में परेशान होने के बजाय इन आसान Diwali Decoration Ideas को अपनाएं और अपने परिवार के साथ त्योहार का आनंद लें।


Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.comjyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story