Vastu Shastra for Home: घर का दरवाजा खोल रहा है परेशानी का रास्ता? मेन गेट की ये भूलें तुरंत सुधारें

Home Main Gate Vastu Mistakes:वास्तु शास्त्र के अनुसार घर का मुख्य द्वार धन, अवसर और सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश द्वार होता है। मेन गेट से जुड़ी ये आम गलतियां आपकी कमाई, बचत और आर्थिक स्थिरता को प्रभावित कर सकती हैं।

Jyotsana Singh
Published on: 16 Dec 2025 5:03 PM IST
Vastu Shastra for Home: घर का दरवाजा खोल रहा है परेशानी का रास्ता? मेन गेट की ये भूलें तुरंत सुधारें
X

Home Main Gate Vastu Mistakes for Money Blockage

Home Main Gate Vastu Mistakes: भारतीय संस्कृति में हमेशा ही घर के मुख्य द्वारा को शुभता के लिए रंगोली और तोरण से सजाने का चलन चलता चला आ रहा है। वहीं वास्तु शास्त्र के अनुसार भी तरक्की और बरक्कत में घर के मुख्य द्वार की अहम भूमिका होती है। घर का मेन गेट केवल आने-जाने का रास्ता नहीं होता, बल्कि इसे धन, अवसर और सकारात्मक ऊर्जा का मुख्य प्रवेश द्वार माना जाता है। मान्यता है कि जिस घर का मुख्य द्वार साफ-सुथरा और व्यवस्थित होता है, वहां आर्थिक स्थिरता बनी रहती है। वहीं, मेन गेट से जुड़ी छोटी-सी लापरवाही भी पैसों के फ्लो को रोक सकती है। कई बार मेहनत के बावजूद पैसा हाथ में नहीं टिकता, खर्च अचानक बढ़ जाते हैं या कमाई के अवसर आते-आते रुक जाते हैं। वास्तु के अनुसार इसकी एक अहम वजह घर के मुख्य द्वार पर मौजूद दोष हो सकते हैं। अच्छी बात यह है कि इन गलतियों को समय रहते सुधार लिया जाए, तो आर्थिक परेशानियों से काफी हद तक राहत मिल सकती है।

टूटा, जंग लगा या आवाज करने वाला मुख्य द्वार


वास्तु शास्त्र के अनुसार, अगर घर का मेन गेट टूटा हुआ, जंग लगा या खोलने-बंद करने पर चरमराता है, तो यह नकारात्मक ऊर्जा का संकेत माना जाता है। ऐसा दरवाजा घर में धन और सकारात्मकता के प्रवेश में बाधा बनता है। माना जाता है कि आवाज करने वाला गेट आर्थिक तनाव और रुकावटों को बढ़ाता है। इसलिए मुख्य द्वार का मजबूत और सुचारु होना बेहद जरूरी है। समय-समय पर उसकी मरम्मत कराना और उसे अच्छी स्थिति में रखना धन के प्रवाह को बेहतर बनाता है।

आधा खुलने वाला या बीच में अटकने वाला गेट

अगर मेन गेट पूरा नहीं खुलता, बीच में अटकता है या उसके सामने कोई भारी सामान रखा रहता है, तो यह वास्तु दोष का बड़ा कारण माना जाता है। ऐसे में ऊर्जा का प्रवेश अधूरा रह जाता है, जिसका असर सीधे आर्थिक स्थिति पर पड़ता है। वास्तु मान्यता के अनुसार, जब दरवाजा पूरी तरह नहीं खुलता, तो घर में आने वाले अवसर भी अधूरे रह जाते हैं। इसलिए मुख्य द्वार के आसपास हमेशा खाली जगह होनी चाहिए और गेट की मूवमेंट पूरी तरह फ्री रहनी चाहिए।

मेन गेट पर अंधेरा या खराब रोशनी

वास्तु शास्त्र में अंधेरे को नकारात्मक ऊर्जा से जोड़ा गया है। यदि घर के मुख्य द्वार पर पर्याप्त रोशनी नहीं है या लाइट लंबे समय से खराब पड़ी है, तो यह आर्थिक असंतुलन का कारण बन सकती है। अंधेरा धन के रास्ते में रुकावट पैदा करता है और सकारात्मक ऊर्जा को प्रवेश करने से रोकता है। इसलिए शाम के समय मेन गेट के आसपास उजाला होना जरूरी माना गया है। ताकि घर में सुख-समृद्धि का आगमन बना रहे।

गंदगी, सीलन और बदबू का होना

घर के मुख्य द्वार के पास गंदगी, सीलन, डस्टबिन या कीचड़ की बदबू वास्तु के लिहाज से बेहद अशुभ मानी जाती है। ऐसी जगहों पर नकारात्मक ऊर्जा जल्दी जमा होती है, जिससे घर में खर्च बढ़ने और बचत खत्म होने की स्थिति बन सकती है। धार्मिक और वास्तु मान्यताओं के अनुसार, गंदगी वाले स्थानों पर दरिद्रता और रोग का वास माना जाता है। इसलिए मेन गेट और उसके आसपास की जगह हमेशा साफ-सुथरी और सूखी होनी चाहिए।

फटे तोरण, टूटी नेम प्लेट और गंदी दीवारें

अक्सर लोग मुख्य द्वार पर लगे फटे तोरण, पुराने पोस्टर या टूटी-फूटी नेम प्लेट को नजरअंदाज कर देते हैं। वास्तु शास्त्र के अनुसार ये चीजें घर की आर्थिक स्थिति पर नकारात्मक प्रभाव डालती हैं। मेन गेट घर की पहचान होता है और यहीं से ऊर्जा प्रवेश करती है। अगर द्वार के आसपास अव्यवस्था और टूटी-फूटी चीजें हों, तो धन का प्रवाह भी प्रभावित होता है। साफ दीवारें, सही नेम प्लेट और शुभ प्रतीक सकारात्मकता बढ़ाने में मदद करते हैं।

डोर मैट का गलत दिशा में रखा होना

बहुत से घरों में मेन गेट पर डोर मैट को उल्टी दिशा में या गलत तरीके से रखा जाता है। वास्तु के अनुसार, मैट का मुंह घर के अंदर की ओर होना चाहिए, ताकि नकारात्मक ऊर्जा बाहर ही रुक जाए और अंदर प्रवेश न कर सके। गंदा, फटा या उल्टा रखा मैट भी वास्तु दोष का कारण बन सकता है। इसलिए मैट को सही दिशा में रखना और उसे साफ रखना आर्थिक संतुलन के लिए जरूरी माना गया है।

आर्थिक दोष दूर करने के सरल वास्तु उपाय

मुख्य द्वार पर नियमित सफाई करना और समय-समय पर नमक मिले पानी से पोछा लगाना लाभकारी माना जाता है। दरवाजे पर शुभ चिह्न जैसे स्वस्तिक या ओम लगाने से सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है। कई लोग शुक्रवार या अमावस्या के दिन मेन गेट पर दीपक जलाते हैं, जिससे घर में सुख-समृद्धि का वातावरण बनता है।

घर का मेन गेट जितना साफ, मजबूत और उज्ज्वल होगा, उतना ही धन और अवसरों का प्रवाह बेहतर माना जाता है। छोटी-छोटी वास्तु गलतियों को सुधारकर आर्थिक रुकावटों से राहत पाई जा सकती है और घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार बना रहता है।

डिस्क्लेमर: यह जानकारी सामान्य वास्तु मान्यताओं पर आधारित है। किसी भी निर्णय से पहले विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story