TRENDING TAGS :
Moringa Oil Benefits: मोरिंगा ऑयल' से मिलेगी कांच जैसी चमकती स्किन, दाग-धब्बे होंगे गायब...बस जान लें लगाने का सही तरीका
Moringa Oil Benefits: झुर्रियां और एज स्पॉट्स की समस्या से परेशान हैं? मोरिंगा तेल एक आयुर्वेदिक उपाय है, जो त्वचा को पोषण देकर दाग-धब्बे कम करने में मदद करता है।
Moringa Oil Benefits
Moringa Oil Benefits: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, प्रदूषण, तेज धूप, मानसिक तनाव और असंतुलित खानपान का असर सबसे पहले त्वचा पर नजर आता है। कम उम्र में ही झुर्रियां, एज स्पॉट्स, दाग-धब्बे और रूखी त्वचा आम समस्या बनती जा रही है। ऐसे में केमिकल प्रोडक्ट्स के बजाय प्राकृतिक उपाय ज्यादा सुरक्षित और असरदार माने जाते हैं। इन्हीं में से एक है मोरिंगा तेल, जो त्वचा की गहराई से देखभाल करता है।
आयुर्वेद में मोरिंगा का महत्व
आयुर्वेद में मोरिंगा को ‘शोभांजन’ कहा जाता है। इसके पत्ते, फल, छाल और बीज सभी औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं। खासतौर पर मोरिंगा के सूखे बीजों से निकाला गया तेल बेहद पोषक माना जाता है। आयुर्वेद के अनुसार, यह तेल त्वचा के दोषों को संतुलित करता है और अंदरूनी व बाहरी दोनों स्तरों पर असर दिखाता है।
पोषक तत्वों का खजाना है मोरिंगा तेल
वैज्ञानिक अध्ययनों के मुताबिक मोरिंगा तेल में ओलिक एसिड, विटामिन A, C और E, फ्लेवोनॉयड्स और पॉलीफेनॉल प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। इनमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट, एंटी-एजिंग, एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण त्वचा को समय से पहले बूढ़ा होने से बचाते हैं और उसे अंदर से मजबूत बनाते हैं।
एज स्पॉट्स और डार्क स्पॉट्स पर असरदार
चेहरे पर पड़ने वाले काले धब्बे और एज स्पॉट्स अक्सर फ्री रेडिकल्स, धूप और कोलेजन की कमी के कारण होते हैं। मोरिंगा तेल के एंटीऑक्सीडेंट त्वचा की कोशिकाओं को नुकसान से बचाते हैं, जबकि इसमें मौजूद विटामिन C कोलेजन के निर्माण में मदद करता है। नियमित रूप से हल्के हाथों से मसाज करने पर त्वचा की इलास्टिसिटी बनी रहती है और दाग-धब्बे धीरे-धीरे हल्के होने लगते हैं।
पित्त दोष को करता है संतुलित
आयुर्वेद में पिगमेंटेशन और एज स्पॉट्स को पित्त दोष से जोड़ा जाता है। मोरिंगा तेल में ठंडक देने वाले गुण होते हैं, जो त्वचा की गर्मी को शांत कर पित्त को संतुलन में लाने में मदद करते हैं। नहाने के बाद या रात में सोने से पहले चेहरे पर कुछ बूंदें लगाने से त्वचा लंबे समय तक मुलायम बनी रहती है।
अन्य त्वचा समस्याओं में भी फायदेमंद
मोरिंगा तेल सिर्फ एज स्पॉट्स ही नहीं, बल्कि मुंहासों, जलन, एलर्जी और सन डैमेज में भी राहत देता है। यह त्वचा की प्राकृतिक नमी को बनाए रखता है, जिससे रूखापन और खिंचाव कम होता है। फटे होंठों और बेजान त्वचा के लिए भी इसका नियमित इस्तेमाल लाभकारी माना जाता है।


