Kids Health Tips: बारिश के मौसम में बच्चों को बीमार होने से बचाना है? अपनाएं ये 6 जरूरी हेल्थ टिप्स

Kids Health Tips: बरसात के मौसम में बच्चों की सेहत का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। जानें बारिश में बच्चों को क्या खिलाएं, किन चीजों से बचाएं और संक्रमण से सुरक्षित रखने के आसान हेल्थ टिप्स।

Vineeta Pandey
Published on: 28 Jun 2026 12:55 PM IST
Kids Health Tips
X

Kids Health Tips

Kids Health Tips: बरसात का मौसम शुरू होने वाला है। बारिश का मौसम हर किसी को पसंद आता है। हल्की-हल्की बारिश, ठंडी हवाओं के बीच गरमागरम चाय का मजा सभी को भाता है। लेकिन यह मौसम अपने साथ कई तरह की बीमारियां भी लेकर आता है। इस मौसम में बच्चे सबसे ज्यादा बीमार पड़ते हैं। नमी बढ़ने के कारण संक्रमण फैलाने वाले बैक्टीरिया अधिक सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे में माता-पिता को अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उनके खान-पान से लेकर साफ-सफाई तक हर छोटी-छोटी बात का ध्यान रखना जरूरी है। आइए जानते हैं कि बारिश के मौसम में बच्चों की देखभाल कैसे करें, क्योंकि छोटी-सी लापरवाही भी उनकी सेहत पर बुरा असर डाल सकती है।

बच्चों को हमेशा ताजा भोजन ही खिलाएं

बारिश के मौसम में बैक्टीरिया बहुत तेजी से बढ़ते हैं। इस दौरान बासी भोजन में फंगस और बैक्टीरिया जल्दी पनपने लगते हैं। इसलिए बच्चों को हमेशा ताजा भोजन ही दें। वैसे भी बासी भोजन केवल इस मौसम में ही नहीं, बल्कि किसी भी मौसम में खाने की सलाह नहीं दी जाती, क्योंकि ताजे भोजन की पौष्टिकता और ऊर्जा बासी भोजन में नहीं रहती।


बच्चों को बाहर का खाना न खिलाएं

बरसात के मौसम में बच्चों को बाहर का खाना नहीं खिलाना चाहिए। उन्हें केवल घर का ताजा और स्वच्छ भोजन ही दें। बाहर का खाना खाने से संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। कई जगहों पर साफ-सफाई का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा जाता और दूषित पानी या बार-बार इस्तेमाल किए गए तेल का उपयोग किया जाता है, जिससे बच्चों की तबीयत जल्दी खराब हो सकती है।

बच्चों को ठंडी चीजों से रखें दूर

बरसात के मौसम में गर्मी से राहत मिल जाती है और मौसम ठंडा हो जाता है। ऐसे में बच्चों को ठंडी चीजें खिलाने या पिलाने से उनकी तबीयत खराब होने का खतरा रहता है। इस मौसम में बच्चों को कोल्ड ड्रिंक या अन्य ठंडे पेय पदार्थ देने से बचें। उनकी जगह नारियल पानी देना अधिक फायदेमंद रहेगा।


तला-भुना और मसालेदार भोजन से करें परहेज

बारिश के मौसम में बच्चों को तला-भुना और मसालेदार भोजन नहीं देना चाहिए। इस मौसम में भोजन सामान्य से अधिक समय में पचता है, जिससे बच्चों को पेट से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए उन्हें हल्का, सादा और स्वच्छ भोजन ही खिलाएं।

पत्तेदार सब्जियां ध्यान से खिलाएं

बरसात के मौसम में हरी पत्तेदार सब्जियों में छोटे-छोटे कीड़े और बैक्टीरिया की मात्रा बढ़ जाती है। इसलिए बच्चों के लिए इन सब्जियों को अच्छी तरह साफ करके ही पकाएं। यदि इन्हें ठीक से साफ नहीं किया गया, तो संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।


कटे हुए फल न खिलाएं

बारिश के मौसम में बच्चों को पहले से कटे हुए फल नहीं देने चाहिए, क्योंकि इस मौसम में कटे हुए फल जल्दी संक्रमित हो सकते हैं। यदि आप बच्चों के टिफिन में फल देते हैं, तो उन्हें कटे हुए फलों की बजाय साबुत फल देना बेहतर रहेगा।

Vineeta Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Vineeta Pandey

News Publisher Mail ID - pandeyvineeta2010@gmail.compandeyvineeta2010@gmail.com

Vineeta Pandey is an News Publisher at Newstrack.com.

Next Story